दिग्विजय सिंह ने अमित शाह को लिखा पत्र

राजनीति Feb 21, 2023

खबर नेशन / Khabar Nation  

कश्मीरी पंडितों के सवाल को निरस्त करने की पूछी वजह

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने राज्यसभा में पूछे गए प्रश्न को राष्ट्रीय सुरक्षा के मामले की आड़ में निरस्त करने को लेकर देश के गृहमंत्री अमित शाह से वजह पूछी है। इस मामले को लेकर उन्होंने अमित शाह को पत्र भी लिखा है। पत्र का मजमून इस प्रकार है।

प्रिय श्री अमित शाह जी,

मेरे द्वारा राज्यसभा में गृह विभाग से संबन्धित तारांकित प्रश्न क्रमांक 1528 पूछा गया था जिसका दिनांक 08 फरवरी 2023 को सदन में उत्तर दिया जाना नियत था। मुझे यह जानकर आश्चर्य है कि ‘कश्मीरी पंडितों की समस्याओं’ को लेकर मेरे द्वारा किये गए प्रश्नको गोपनीय प्रकृति का बताकर निरस्त कर दिया गया है। मैं इस पत्र के माध्यम से मेरे द्वारा संसद में पूछे गये प्रश्न को पुनः दोहरा रहा हूँ जिसमें यह समझ से परे है कि कश्मीरी पंडितों के लिये मेरे द्वारा उठाये गये सवाल के उत्तर में ऐसा क्या गोपनीय था जिससे राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा उत्पन्न हो सकता था?

मेरा सवाल निम्नानुसार थाः-

(1) कश्मीर घाटी में कश्मीरी पंडितों की हत्याओं को रोकने के लिये सरकार ने क्या कदम उठाये है?

(2) क्या सरकार ने कश्मीरी पंडित कर्मचारियों के वेतन को इसलिये रोक दिया है क्योंकि उन्होंने हत्या की आशंका से अपना स्थान परिवर्तन करने की मांग की थी? यदि हाँ तो इसके क्या कारण है?

(3) क्या सरकार कश्मीर की हिन्दू आबादी को कश्मीर घाटी से बाहर पुनर्स्थापित करना चाहती है?

चूंकि ये सवाल हमारी पार्टी के श्री राहुल गांधी जी के समक्ष भी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान उपस्थित हुये थे। कश्मीरी हिन्दू कर्मचारी वहाँ भयभीत है और उन्हें सरकार की ओर से समुचित और प्रभावी आश्वासन नही मिला है। मुझे इन सवालों में ऐसी कोई बात भी नही दिखाई देती जिनका उत्तर देने पर राष्ट्र के गोपनीय महत्व के तथ्य उजागर हो सकते है। आपके जवाब नही देने से कश्मीरी पंडितों और वहाँ की हिन्दू आबादी में यह संदेश जाएगा कि सरकार सिर्फ कश्मीरी पंडितों या हिन्दुओं की बात भर करती है किन्तु उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर नही है।

अतएव मेरा आपसे अनुरोध है कि आप मेरे इन सवालों का व्यक्तिगत तौर पर उत्तर प्रेषित करने का कष्ट करें। आशा है आप मुझे इन प्रश्नों का उत्तर अवश्य देंगे।

 

सादर।

आपका

(दिग्विजय सिंह)

श्री अमित शाह

माननीय गृह मंत्री

भारत सरकार

नई दिल्ली


लिखें और कमाएं       
मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण । आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं । अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999

 

 

 

 

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment