विजय के उत्सव में मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष ने दी कार्यकर्ताओं को बधाई

राजनीति Jul 20, 2022

भाजपा 90 प्रतिशत तक चुनाव जीती..

जहां कांग्रेस के महापौर वहां भी हमारा बहुमत

खबर नेशन / Khabar Nation

भोपाल: मध्यप्रदेश के नगरीय निकाय चुनाव परिणाम में भारतीय जनता पार्टी 90 प्रतिशत तक चुनाव जीती है। जहां कांग्रेस के महापौर है वहां भी भारतीय जनता पार्टी का बहुमत है। नगरीय निकाय और नगर परिषदों में हमने ऐतिहासिक जीत हासिल की है। जिस प्रकार भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत से, केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाएं नीचे स्तर तक पहुंची है और जनता ने जो विश्वास व्यक्त किया है, नगरीय निकाय में भाजपा की जीत जनता के विश्वास की जीत है। प्रदेश की जनता के हम आभारी है। हम संकल्प व्यक्त करते है कि जनता के विश्वास को टूटने नहीं देंगे। सबके साथ मिलकर बेहतर से बेहतर काम करेंगे और मध्यप्रदेश को और आगे ले जायेंगे। यह बात मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने बुधवार को प्रदेश कार्यालय, पं. दीनदयाल परिसर में आयोजित विजय उत्सव के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही।

 

पूरे प्रदेश का जनादेश भाजपा को मिला : चौहान

मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि नगर पालिका और नगर परिषद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक रिकार्ड बनाया है। हमने आज तक ऐसी सफलता हासिल नहीं की है। 16 नगर निगम में से 9 भाजपा, 1 में हमारी कार्यकर्ता और 5 स्थानों पर कांग्रेस जीती है। जिन स्थानों पर कांग्रेस महापौर की जीत का जश्न मना रही है वहां भाजपा के पार्षद अधिक जीते है। 76 नगरपालिकाओं में से 50 में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिला है। वहीं 15 स्थानों पर कांग्रेस से आगे है। इस तरह 65 नगरपालिकाओं में भाजपा की जीत हुई है। केवल 11 स्थानों पर कांग्रेस आयी है। इसी प्रकार 255 नगर परिषदों में से 185 स्थानों पर भाजपा को स्पष्ट बहुमत और 46 स्थानों पर हम कांग्रेस से आगे है। 231 नगर परिषदों में भाजपा के अध्यक्ष होंगे और सिर्फ 24 स्थान पर कांग्रेस है। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव और इस बार का अंतर देखे तो पिछली बार हमने 98 नगरपालिकाओं में से 54 में जीत हासिल की थी, जो कि जीत का 55 प्रतिशत था। वहीं इस बार 76 नगरपालिकाओं में से 65 स्थानों पर हम काबिज हुए है, जो कि 85 प्रतिशत है। इसी तरह नगर परिषद में 2014 में जीत का प्रतिशत 58.03 था, जो इस बार 90.58 प्रतिशत रहा है। श्री चौहान ने कहा कि कांग्रेस जीत का जश्न मना रही है लेकिन नगर परिषद और नगर पालिका में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत हासिल की है। पूरे प्रदेश का जनादेश भाजपा को मिला है, इसके पीछे जमीनी कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनकल्याणकारी योजनाएं नीचे तक पहुंचाने में हम सफल हुए है। कार्यकर्ता बधाई के पात्र है हम जनता के आभारी है।

कार्यकर्ताओं ने एक-एक बूथ पर मेहनत कर इतिहास बनाया : शर्मा

प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं जन- जन तक पहुंची है। एक- एक बूथ पर हमारे कार्यकर्ताओं ने मेहनत कर जीत का इतिहास बनाया है। नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे चरण में 40 में से 24 नगरपालिकाओं में भाजपा ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। वहीं 169 नगर परिषद में से 123 स्थानों पर हमारे कार्यकर्ता जीते है। उन्होंने कहा कि देवास और रतलाम नगर निगम में हमने जीत हासिल की है। श्री शर्मा ने कहा कि जिस प्रकार भारतीय जनता पार्टी ने नगरीय निकाय चुनाव में कार्यकर्ताओं के दम पर ऐतिहासिक विजय हासिल की है। उन्होंने कहा कि हम मध्यप्रदेश के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। विकास के मुद्दे पर चुनाव लडा था, जिसमें हमने सफलता हासिल की। हम मिलकर मध्यप्रदेश को आगे ले जाने का काम करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष की कटनी नगर निगम में, निर्दलीय महापौर विजयी हुई। पार्टी की कार्यकर्ता प्रीति सूरी को बधाई दी।

इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी, प्रदेश शासन के मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, ,भूपेन्द्र सिंह, कमल पटेल, विश्वास सारंग, बृजेन्द्रप्रताप सिंह, भारत सिंह कुशवाह, प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी, महापौर मालती राय, प्रदेश मंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर, पूर्व सांसद आलोक संजर, जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी, विधायक रामपाल सिंह, किसान मोर्चा अध्यक्ष दर्शन सिंह चौधरी, निगम मंडल अध्यक्ष शैलेन्द्र शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष विकास विरानी, राजेन्द्र गुप्ता सहित पार्टी एवं जिला पदाधिकारी, कार्यकर्ता उपस्थित थे।

 

 

लिखें और कमाएं

मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें :
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
 9009155999

 

 

 

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment