पिछड़ा वर्ग के अधिकारों को कुचल रही है भाजपा सरकार: सिद्धार्थ कुशवाहा
खबर नेशन / Khabar Nation
प्रदेश कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के पदाधिकारियों की बैठक संपन्न
भोपाल: सत्ता में काबिज 18 वर्षों की प्रदेश की निरंकुश भाजपा सरकार पिछड़े वर्ग के लोगों के अधिकारों का लगातार हनन कर रही है। जब भी पिछड़ा वर्ग के लोगों द्वारा अपने हक के लिए सरकार से कोई मांग की जाती है, उनके अधिकारों को कुचला जाता है। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के सभाकक्ष में आयोजित मप्र कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के पदाधिकारियों की बैठक में विधायक एवं मप्र कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के अध्यक्ष सिद्धार्थ कुशवाहा ने बैठक को संबोधित करते हुए यह बात कही।
श्री कुशवाहा ने कहा कि मध्यप्रदेश में 55 प्रतिशत आबादी पिछड़ा वर्ग की है और प्रदेश के मुखिया शिवराजसिंह चौहान स्वयं भी पिछड़ा वर्ग से आते हैं, लेकिन वे अपनी राजनैतिक रोटियां सैंकने के लिए इस वर्ग के साथ हमेशा से कुठाराघात कर रहे हैं, उनको उनके अधिकारों से वंचित किया जा रहा है। प्रदेश में 2018 में कमलनाथ जी की कांग्रेस की सरकार बनी, सबसे पहले उन्होंने पिछड़ा वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण देने का फैसला लिया, किंतु भाजपा सरकार ने उस फैसले पर पानी फेर दिया। विधानसभा चुनाव 2023 में कांग्रेस सरकार आने पर पिछड़ा वर्ग को उनका पूरा अधिकार मिलेगा।
श्री कुशवाहा ने राहुल गांधी द्वारा चलायी जा रही भारत जोड़ों यात्रा के संबंध में कहा कि यह यात्रा कांग्रेस पार्टी को मजबूती प्रदान करेगी, हम सभी को ज्यादा से ज्यादा इस यात्रा में शामिल होना है और 2024 में देश को मजबूत करने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करना है।
कांग्रेस विधायक एवं कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के कार्यकारी अध्यक्ष तरवर सिंह लोधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में पिछड़ा वर्ग को उचित सम्मान और प्रतिनिधित्व मिलेगा।
प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री समस्त प्रकोष्ठों के प्रभारी जे.पी. धनोपिया ने कहा कि कांग्रेस का पिछड़ा वर्ग विभाग पूरी निष्ठा से कार्य कर रहा है। पूरे प्रदेश में पिछड़ा वर्ग के कार्यकर्ताओं को जोड़कर कमलनाथ जी के हाथ मजबूत कर उन्हें प्रदेश में मुख्यमंत्री बनाना ही हमारा लक्ष्य है, ताकि पिछड़ा वर्ग को न्याय और उचित सम्मान मिल सके।
मप्र कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के कार्यकारी अध्यक्ष पवन पटेल ने बैठक का संचालन करते हुए कहा कि मप्र का पिछड़ा वर्ग का आम आदमी भाजपा की गलत नीतियों से उबर नहीं पा रहा है, भाजपा इस वर्ग के साथ हमेशा से अन्याय करती आ रही है। आने वाले समय में भाजपा सरकार को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। इस दौरान प्रदेश भर से आये पदाधिकारियों ने भी अपने विचार सांझा किये।
बैठक में विभाग के पदाधिकारी महेन्द्र सिंह पटेल, वीरेन्द्र सिंह हर्षाना, पूर्व विधायक पुरूषोत्तम डांगी, महिला कांग्रेस की अध्यक्ष श्रीमती विभा पटेल, दीपचंद यादव, महेन्द्र सिंह पाटीदार, पुरूषोत्तम गुप्ता, शैलेन्द्र कुशवाहा, विष्णुकांत कुशवाहा, विद्याराम वर्मा सहित विभाग के अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
लिखें और कमाएं
मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण । आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं । अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999