केंद्रीय मंत्री ने गोहद विधानसभा क्षेत्र के खनेता से छीमका तक किया रोड शो

केंद्रीय मंत्री श्री राजनाथ सिंह जी ने भिंड जिले के गोहद, मेहगांव, अटेर और भिंड विधानसभा में जनसभा व रथ सभाओं को किया संबोधित
भाजपा ने जो वादे किए सभी पूरे करती है, कांग्रेस वादे पूरा नहीं करती
इंडी गठबंधन का लक्ष्य देश का विकास नहीं, मोदी जी का विरोध करना है
सपा व बसपा ऐसी चिड़िया जो चुनाव के समय मध्यप्रदेश में आती हैं
कांग्रेस शासनकाल में दुनिया मध्यप्रदेश को भारत के बीमारू राज्य में गिनती थी
- श्री राजनाथ सिंह

Khabar Nation 
भिंड

भारत को आजादी मिलने के बाद करीब 50 साल तक कांग्रेस पार्टी ने मध्यप्रदेश में हुकूमत की है। कांग्रेस 50 साल के शासनकाल में भी मध्यप्रदेश को विकसित राज्य नहीं बना सकी। जबकि भारतीय जनता पार्टी ने कुछ सालों में ही मध्यप्रदेश को विकसित राज्य बना दिया है। कांग्रेस के शासनकाल में दुनियाभर में मध्यप्रदेश की पहचान भारत के बीमारू राज्य के रूप में होती थी। आज दुनिया में कहा जाता है कि विकास कैसे करना है, कैसे किया जाता है तो मध्य प्रदेश की सरकार से सीखिए। मध्यप्रदेश देश का इकलौता राज्य है, जहां औद्योगिक विकास दर 24 प्रतिशत है। एक इंडी गठबंधन बना है, जिसका लक्ष्य देश का विकास करना नहीं, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का विरोध करना है। दो ऐसी चिड़िया भी इस समय मध्यप्रदेश में आ रही हैं, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी। सपा और बसपा मध्यप्रदेश में सिर्फ चुनाव के समय सक्रिय होती हैं, बाकी समय इन दोनों का मध्यप्रदेश की जनता से कोई वास्ता नहीं ंरहता। पहले कहा जाता था कि भारत सिर्फ कबूतर छोड़ता है, लेकिन अब चीता भी छोड़ता है। भाजपा सरकार ने बीहड़ों में विकास करके घर-घर नल से जल पहुंचाने का कार्य किया है। भाजपा ने जनसंघ के जमाने में कश्मीर से धारा 370 हटाने, तीन तलाक कानून बनाने और अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनाने के वादों को पूरा किया है, जबकि कांग्रेस अपने वादे पूरे नहीं करती। यह बात रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने भिंड जिले की गोहद, भिंड और अटेर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित करते हुए कही। केंद्रीय मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने गोहद व मेहगांव विधानसभा क्षेत्र में रथ सभाओं को भी संबोधित किया है।
सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने जैसी ईमानदारी से कार्य किया है, उसकी जितनी भी सराहना की जाए कम है। 2003 में कांग्रेस की सरकार के समय मध्यप्रदेश में प्रति व्यक्ति आय 11,700 रूपए थी। शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री बनने के बाद मध्यप्रदेश का इतना विकास किया कि आज प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय एक लाख 40 हजार रूपए हो गई है। यह मध्यप्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि है। भारत का इकलौता राज्य मध्यप्रदेश है, जहां औद्योगिक विकास दर 24 प्रतिशत हो गई है, यह सामान्य बात नहीं है। भाजपा सरकार ने मध्यप्रदेश में ऐतिहासिक कार्य किया है। लाल सिंह आर्य को तीन बार गोहद की जनता ने चुनाव जिताया है, इस बार चौका मारकर श्री लाल सिंह आर्य को प्रचंड बहुमत से चुनाव जिताकर भाजपा को आशीर्वाद दीजिए।  
किसानों को नकद राशि देने वाला मध्यप्रदेश देश का इकलौता राज्य
केंद्रीय मंत्री श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी किसान सम्मान निधि के तहत देशभर के करोड़ों किसानों को 6 हजार रूपए प्रति वर्ष दे रहे हैं। लेकिन मध्यप्रदेश देश का इकलौता राज्य है, जहां मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की सरकार की तरफ से किसानों को 6 हजार रूपए प्रति वर्ष दिया जा रहा है। इस तरह मध्यप्रदेश के 80 लाख से अधिक किसानों को प्रति वर्ष 12 हजार रूपए भाजपा की डबल इंजन की सरकार दे रही है।
अब भारत बोलता है तो पूरी दुनिया सुनती है
केंद्रीय मंत्री श्री सिंह ने सभा में कहा कि श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने के बाद भारत का मस्तक पूरी दुनिया में ऊंचा हुआ है। अब भारत कमजोर देश नहीं रहा। कांग्रेस के समय भारत की बात को दुनिया गंभीरता से नहीं लेती थी, श्री मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने के बाद अब भारत बोलता है तो दुनिया कान खोलकर सुनती है कि भारत क्या बोल रहा है। भाइयों एवं बहनों आपका भारत कमजोर भारत नहीं है। भारत को दुनिया का कोई भी देश आंख नहीं दिखा सकता। नापाक हरकत करने वालों को भारत इस पार भी मार सकता है और जरूरत पड़ी तो उस पार भी जाकर मार सकता है।
लाल सिंह आर्य को चुनाव जिताने नौजवान कमान संभालें
केंद्रीय मंत्री श्री सिंह ने गोहद से पार्टी प्रत्याशी श्री लाल सिंह आर्य को रिकार्ड मतों से चुनाव जिताने की अपील करते हुए कहा कि भिंड से बहुत सारे परिवारों के लाड़ले नौजवान सेना में हैं। सैनिक परिवार के सभी लोगों का मैं अभिनंदन करता हूं। गोहद विधानसभा क्षेत्र के नौजवानों का आह्वान करता हूं कि वे पार्टी प्रत्याशी श्री लाल सिंह आर्य को विधानसभा का चौथी बार चुनाव जिताने के लिए आगे आएं और प्रचार-प्रसार की कमान संभालें। नौजवान गांव-गांव जाकर केंद्र में श्री मोदी जी की सरकार और मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार द्वारा किए जा रहे कार्य जनता को बताएं। केंद्रीय मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश में फिर एक बार भारतीय जनता पार्टी को अपना आशीर्वाद देकर भाजपा की सरकार बनाइए। मध्यप्रदेश में भाजपा की सरकार मिशन 2024 के लोकसभा चुनाव में मोदी जी मजबूती देने के लिए जरूरी है।
आप भाजपा को जिताएं, मैं आपके सम्मान, सुरक्षा व विकास की गारंटी देता हूं-लालसिंह आर्य
गोहद विधानसभा क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी श्री लाल सिंह आर्य ने खनेता में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मुझे गोहद की जनता ने तीन बार चुनाव जिताकर  सेवा करने का अवसर दिया है। मैंने कभी भी जनता के सम्मान को गिरवी नहीं रखा, मैंने कभी भी दाग नहीं लगने दिया। गोहद के चारों तरफ सड़कों का जाल बिछाया गया, पुलों का निर्माण किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में इंटर, हाईस्कूल का निर्माण किया। गोहद नगर में 133 करोड़ की जल आवर्धन योजना स्वीकृत हुई और धरातल पर काम प्रगति पर है। क्षेत्र के 154 गांवों में शुद्ध पेयजल योजना पर कार्य चल रहा है। श्री लाल सिंह आर्य ने कहा कि आप भाजपा को जिताएं, मैं आपके सम्मान, सुरक्षा व विकास की गारंटी देता हूं।
मोदी जी को फिर प्रधानमंत्री बनाने भिंड जिले की सभी सीटों पर भाजपा को जिताइए
भिंड विधानसभा क्षेत्र के खण्डा में जनसभा को संबोधित करते हुए देश के रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि इस बार भिंड जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशियों को अपना आशीर्वाद देकर प्रचंड बहुमत से जिताकर मध्यप्रदेश में फिर भाजपा की सरकार बनाइए। आपका वोट मोदी जी को मजबूती देगा। 2024 में फिर श्री मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए मध्यप्रदेश में भाजपा के प्रत्याशियों को प्रचंड बहुमत से चुनाव जिताएं। कांग्रेस के समय में मुश्किल से 8 से 10 किमी प्रतिदिन सड़कें बनती थीं, भाजपा सरकार में 38 से 40 मिली प्रतिदिन सड़कें बन रही हैं।
भाजपा विकास करना जानती है, कांग्रेस भ्रष्टाचार
रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि विकास करने की कला भाजपा जानती है। मैं देश के किसी भी प्रधानमंत्री की आलोचना नहीं करना चाहता, लेकिन मैं कांग्रेस के एक प्रधानमंत्री की एक बात को बताना चाहता हूं, जिसमें उन्होंने कहा था कि मैं एक रूपए जनता के लिए भेजता हूं तो जनता के पास 15 पैसे ही पहुंचते हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी जी ने उनकी मजबूरी को समझा और भ्रष्टाचार पर काबू पाने के लिए व्यवस्था में परिवर्तन किया। प्रधानमंत्री जी ने देश के सभी लोगों के खाते खोले, इसका फायदा यह हुआ कि अब एक भी रूपया जनता के लिए भाजपा सरकार भेजती है तो एक रूपया ही जनता तक पहुंचता है। एक भी पैसे का भ्रष्टाचार नहीं होता। जबकि कांग्रेस सरकारों में विकास कार्यों की नहीं, बल्कि भ्रष्टाचारों की ही चर्चा होती है।
इंडी गठबंधन का लक्ष्य है मोदी जी का विरोध
रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत की राजनीति में इस समय सबसे बड़ा संकट विश्वास का संकट है। भाजपा ने इसे चुनौती के रूप में लिया और अपने सभी वादे पूरे किए हैं। भाजपा ने 1951 में कश्मीर से 370 हटाने का वादा किया था, उसे पूरा किया। तीन तलाक और भव्य राम मंदिर निर्माण का भी वादा भाजपा सरकार ने पूरा किया है। इंडी गठबंधन बना है, उसकी एक ही शर्त है प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का विरोध। इंडी गठबंधन की शर्त विकास है ही नहीं। सपा और बसपा चुनावी चिड़िया हैं। मध्यप्रदेश में चुनाव संपन्न होने के बाद दोनों अपने घोंसले में चली जाएंगी।
2027 तक भारत दुनिया की तीसरी अर्थ व्यवस्था बन जाएगी
रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यह मैं नहीं दुनिया की सबसे विश्वसनीय फाइनेंसियल संस्था का दावा है कि भारत की अर्थव्यवस्था बहुत मजूबत हो रही है। भारत की अर्थव्यवस्था जिस तेजी से विकास कर रही है, वह 2027 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थ व्यवस्था बन जाएगी।
रथ यात्रा का ऐतिहासिक स्वागत
केंद्रीय मंत्री श्री राजनाथ सिंह का भिंड जिले की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में ऐतिहासिक स्वागत किया गया। श्री सिंह के पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में रथ यात्रा कर संबोधित किया। खनोता में जनसभा के बाद गोहद चौराहे पर रथ सभा को संबोधित किया। इसके पहले छीमका गांव में रक्षा मंत्री का भव्य स्वागत किया गया। श्री सिंह का डांग सरकार, विरखिड़ी में भी स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इसके बाद श्री सिंह चुनाव रथ से मेहगांव विधानसभा क्षेत्र के डोडरी पहुंचे जहां पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ गांव के लोगों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। इसके बाद बरहद, मुरैना तिराहा होते हुए श्री सिंह मेहगांव कार्यालय पहुंचे और वहां रथ सभा को संबोधित किया।
केंद्रीय मंत्री का गिजुर्रापुर, लाडमपुरा में भी जोरदार स्वागत किया। इसके बाद श्री सिंह का चुनावी रथ अटेर विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश किया, जहां बरोही गांव में भाजपा कार्यकर्ता व स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। इसके बाद नायाब ऐतहार, पिडोरा होते हुए श्री सिंह होटल विरासत पहुंचे और रथ सभा को संबोधित करते हुए आमजन से भाजपा को जिताने की अपील की। श्री सिंह का भिंड विधानसभा क्षेत्र के दबोहा मोड़, भारोली तिराहा, आर्य नगर चौराहा में स्थानीय लोगों ने पुष्प वर्षा कर ऐतिहासिक स्वागत किया है।
भिण्ड की जनसभा में भिंड से पार्टी प्रत्याशी श्री नरेंद्र सिंह कुशवाह, सांसद श्रीमती संध्या राय, पूर्व सांसद श्री अशोक अर्गल, श्री भागीरथ प्रसाद, जिला अध्यक्ष श्री देवेन्द्र सिंह नरवरिया व अन्य पार्टी पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share:


Related Articles


Leave a Comment