परिवार को जनार्दन मानती है कांग्रेस, भाजपा के लिए जनता ही जनार्दन

सरकार चलाने की कला भारतीय जनता पार्टी के ही पास है
भारत चंद्रमा पर लैंडिंग कर चुका, राहुल यान को लांच नहीं कर पा रही कांग्रेस
भारत अब कमजोर नहीं, मोदी जी के नेतृत्व में ताकतवर बना देश
- राजनाथ सिंह

Khabar Nation 
ग्वालियर

हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, राजस्थान, छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकारें हैं। आप वहां जाकर देखिए, क्या हालत है। विकास तो दूर, इन राज्यों में सरकारी कर्मचारियों को समय पर वेतन मिलना भी मुश्किल हो जाता है। लेकिन भाजपा शासित राज्यों में ऐसी कोई शिकायत नहीं मिलती। वहां खुशहाली और विकास है। देश में सरकार चलाने की कला सिर्फ भारतीय जनता पार्टी के पास है। यह बात केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को ग्वालियर दक्षिण में पार्टी प्रत्याशी श्री भारतसिंह कुशवाहा के समर्थन में सभा को संबोधित करते हुए कही। श्री सिंह ने शाम भोजपुर के सतलापुर में भी जनसभा को संबोधित किया।
भाजपा के लिए जनता ही जनार्दन, कांग्रेस में तो एक ही परिवार जनार्दन है
केंद्रीय मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि इस चुनाव में कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने हैं। आप दोनों पार्टियों से वाकिफ हैं और उनके नेताओं को भी जानते हैं। भारतीय जनता पार्टी के लिए जनता जनार्दन होती है, लेकिन कांग्रेस के लिए एक परिवार ही जनार्दन है। श्री सिंह ने कहा कि भाजपा के लिए जनता की सेवा ही पुनीत कर्त्तव्य है और यही भाजपा-कांग्रेस मे सबसे बड़ा अंतर है। श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आजादी के बाद 52-54 सालों तक मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकारें रही, लेकिन कांग्रेस ने मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य बना दिया था। 2003 में भाजपा की सरकार बनी और पिछले 17-18 सालों में भाजपा की सरकार ने प्रदेश को बीमारू राज्य की श्रेणी से निकालकर विकास की ओर बढ़ाया है। श्री सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान की सरकार शानदार तरीके से काम कर रही है और उन्होंने जितनी योजनाएं प्रदेश में हर वर्ग के कल्याण के लिए लागू की हैं, उतनी योजनाएं देश के किसी प्रदेश में लागू नहीं की गई।
पूरे नहीं किए वादे, केंद्र की योजनाओं में डाली रुकावट
श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि 2018 में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी थी। पांच सालों में से साढ़े तीन साल भाजपा की सरकार रही और डेढ़ साल कांग्रेस की सरकार रही। हालांकि डेढ़ साल भी काम करने के लिए कम नहीं होते। लेकिन कांग्रेस की सरकार ने इन डेढ़ सालों में अपने घोषणा पत्र में किए गए किसी भी वादे को पूरा नहीं किया। यही नहीं, बल्कि केंद्र सरकार की योजनाओं को प्रदेश में लागू करने में भी रुकावट पैदा की। श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने मध्यप्रदेश के लिए 8 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए थे, लेकिन कमलनाथ सरकार ने उनमें से दो लाख आवास लौटा दिये।
करिश्माई काम कर रही है मोदी जी की सरकार
केंद्रीय मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सरकार देश में करिश्माई तरीके से काम कर रही है। देश में कांग्रेस की जितनी भी सरकारें रही हैं, सभी पर भ्रष्टाचार के आरोप रहे हैं और कई मंत्रियों को इसके लिए जेल भी जाना पड़ा है। लेकिन मोदी सरकार पर बीते सालों में ऐसा एक भी आरोप नहीं लगा। कांग्रेस की सरकार के प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी कहते थे कि हम यहां से एक रुपया भेजते हैं, तो संबंधित व्यक्ति तक 15 पैसे ही पहुंचते हैं। देश में भ्रष्टाचार एक बड़ी चुनौती था और मोदी जी ने इस चुनौती को स्वीकार किया। 2014 में सरकार बनने के बाद मोदी जी ने मीटिंग बुलाई और कहा कि सभी के जनधन खाते खुल जाना चाहिए। आज मुझे यह बताते हुए गर्व हो रहा है कि हमारी सरकार अगर दिल्ली से एक रुपया भेजती है, तो एक रुपया ही हितग्राही के खाते में पहुंचता है। उन्होंने कहा कि माता-बहनों की चिंता करते हुए मोदी जी ने हर घर में शौचालय बनवाए। गैस कनेक्शन दिए और हर घर में नल से जल पहुंचाया जा रहा है। श्री सिंह ने कहा कि भारत दुनिया का इकलौता देश है, जहां कोरोना से सुरक्षा के लिए हर व्यक्ति को वेक्सीन के डबल डोज लगाए गए हैं। यह मोदी जी के स्वच्छता अभियान का ही कमाल है कि अब लोग रेलवे स्टेशन पर भी कचरा फेंकने से पहले डस्टबिन खोजते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकारों में अनेक गरीब लोग बिना इलाज के ही मर जाते थे, लेकिन मोदी सरकार ने आयुष्मान कार्ड बनाकर 5 लाख तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दी है।
राहुल यान को लांच नहीं कर पा रही कांग्रेस
श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत अब कमजोर देश नहीं है, बल्कि एक ताकतवर राष्ट्र बन गया है। मोदी सरकार से पहले आतंकवादी देश में आते थे और वारदातें करके लौट जाते थे। लेकिन इस बार आतंकियों ने जब पुलवामा पर हमला किया तो मोदी सरकार ने 10 मिनट में फैसला किया और हमारी सेना ने एयर स्ट्राइक करके आतंकियों और उनके आका को जवाब दे दिया। श्री सिंह ने कहा कि आज भारत अपनी सीमा के अंदर और सीमा पार करके भी देश की रक्षा करने में सक्षम है। 2014 से पहले जब भारत बोलता था, तो दुनिया उस पर ध्यान नहीं देती थी। लेकिन आज जब भारत बोलता है, तो सारी दुनिया ध्यान से सुनती है। उन्होंने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में भारत चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सफल लैंडिंग कर रहा है, मंगल यान की तैयारी कर रहा है, लेकिन कांग्रेस पार्टी अपने राहुल यान को ही लांच नहीं कर पा रही है। श्री सिंह ने कहा कि राहुल गांधी कई जगहों पर चुनावी सभाएं कर रहे हैं। ऐसा मेरा मानना है कि राहुल गांधी जहां भी जाते हैं, भाजपा के राहु-केतु कट जाते हैं, इसलिए उन्हें अधिक से अधिक विधानसभा क्षेत्रों में सभाएं करनी चाहिए।  
अकेले मुकाबला करने की हिम्मत नहीं, इसलिए एक हो रहे मोदी विरोधी
केंद्रीय मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश के चुनाव में कई दल दिखाई दे रहे हैं। इनमें सपा और बसपा तो चुनावी चिड़ियाएं हैं, चुनाव के बाद वापस उत्तरप्रदेश चले जाएंगे। कांग्रेस ने इंडी गठबंधन बनाया है, लेकिन गठबंधन में शामिल दल और नेता आपस में ही लड़ रहे हैं। इन्होंने कई मीटिंग कर ली, लेकिन मिलकर चुनाव लड़ने का फार्मूला नहीं खोज पाए। श्री सिंह ने कहा कि गठबंधन में शामिल सभी दल मोदी विरोधी हैं। ये दल प्रधानमंत्री श्री मोदी का अकेले के दम पर मुकाबला नहीं कर सकते, इसलिए इन्होंने गठबंधन बनाया है।
विकास की लंबी छलांग लगाने को तैयार है एमपी
केंद्रीय मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यूनेस्को ने महान संगीतकार तानसेन को सम्मान देते हुए ग्वालियर को सिटी ऑफ म्यूजिक घोषित किया है, जिसके लिए आप सभी को बधाई देता हूं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास के रास्ते पर एक लंबी छलांग लगाने को तैयार है। अभी हाल ही में इंदौर में जो एमओयू हुए हैं, उसमें 15 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। चार इंडस्ट्रियल कॉरिडोर बनाए जाएंगे, जिसके बाद उद्योग-व्यापार में बढ़ोत्तरी होगी और हजारों लोगों को रोजगार भी मिलेगा।
भाजपा प्रत्याशी को जिताइये, मैं आपके अभिनंदन के लिए आउंगा
श्री सिंह ने कहा कि यहां से पार्टी प्रत्याशी भारतसिंह कुशवाहा विधायक और मंत्री भी रहे हैं। हो सकता है उनके काम से किसी को शिकायत रही हो, लेकिन मेरा दावा है कि कोई उन पर एक पैसे के लिए भी आरोप नहीं लगा सकता। श्री सिंह ने कहा कि आपने पिछली बार उन्हें 1500 वोटों से जिताया था, इस बार 25000 वोटों से जिताइये, फिर मैं आपका अभिनंदन करने के लिए यहां आउंगा।

Share:


Related Articles


Leave a Comment