राहुल और प्रियंका सिर्फ चुनाव के समय देश में राजनैतिक पर्यटन पर निकलते हैं - मुरलीधर राव

प्रदेश प्रभारी ने कहा-विदेशों में घूमने के बाद सिर्फ चुनाव में दिखाई देते है राहुल, प्रियंका
प्रदेश प्रभारी श्री राव, राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य श्रीमती प्रिया सेठी टीकमगढ़ में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हुई शामिल

 

खबर नेशन/ Khabar Nation

टीकमगढ़। कांग्रेस सिर्फ चुनावी पार्टी है, चुनाव के आते ही इनके नेता दिखाई देते है। कांग्रेस के नेता राहुल गाँधी और प्रियंका गाँधी विदेशों में घूमने के बाद जब देश में कहीं चुनाव होता है तो राजनैतिक पर्यटन पर निकलते हैं। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी श्री मुरलीधर राव ने मंगलवार को टीकमगढ़ के जिला भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कही। श्री राव प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 9 साल पूर्ण होने पर प्रदेश में चल रहे विशेष संपर्क अभियान के अंतर्गत टीकमगढ़ में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने पहुचें थे। उनके साथ पार्टी की राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य श्रीमती प्रिया सेठी भी उपस्थित थी।
6 लोगों में सिमट गई है कांग्रेस पार्टी
श्री राव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी केवल 6 लोगों में सिमट कर रह गई है। राष्ट्रीय स्तर पर सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी तक कांग्रेस सीमित हैं। वहीँ मध्यप्रदेश में कांग्रेस कमलनाथ, नकुल नाथ और दिग्विजय सिंह, जयवर्धन सिंह तक सीमित है। कांग्रेस के मूल में ही वंशवाद है इसलिए देश और प्रदेश में भी वह इसी बीमारी से पीड़ित है। उन्होंने कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा साफ होगा और विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 2 अंकों पर सिमट जाएगी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता सतत जनता से संपर्क में रहता है, हम पार्टी के समय समय पर विभिन्न अभियानों के माध्यम से हर घर पहुंचकर जनता से संवाद करते है।
आज जब भारत बोलता है, तो दुनिया सुनती है
प्रदेश प्रभारी श्री मुरलीधर राव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने अपना हर पल देश को महाशक्ति बनाने के लिए समर्पित कर दिया है। आज पूरी दुनिया कह रही है कि 21 वीं सदी भारत की सदी है। बीते 9 सालों में भारत ने ’पॉलिसी पेरालिसिस से ’डिसाइसिव पॉलिसी’ और अर्थव्यवस्था में फ्रेजाइल फाइव’ से ’टॉप फाइव की यात्रा की है। पहले भारत की आवाज अनसुनी कर दी जाती थी। आज जब भारत बोलता है, तो दुनिया सुनती है। प्रधानमंत्री जी ने जातिवाद, परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति को खत्म कर विकासवाद की राजनीति प्रतिष्ठित की है। उन्होंने कहा कि पहले बिचौलिए लाभार्थियों का पैसा खाते थे, आज बिचौलिया संस्कृति को खत्म किया गया है। आज नरेन्द्र मोदी सरकार में 100 रूपये भेजे जाते हैं, तो पूरे के पूरे 100 रूपये सीधे हितग्राही के खाते में पहुंचते हैं। भाजपा की डबल इंजन सरकार में तो इसमें और अधिक पैसा जुड़कर गरीबों तक पहुँचता है।
आज का भारत विरासत के साथ विकास करने वाला भारत है
श्री मुरलीधर राव ने कहा की बीते 9 वर्षों में गरीबों एवं वंचितों की सेवा करने वाला भारत बना है, नारी शक्ति को संबल देने वाला भारत बना है, युवाओं के सपनों को पूरा करने वाला भारत बना है, किसानों के कल्याण को सुनिश्चित करने वाला भारत बना है, सबके लिए सहज उत्तम सेवाओं वाला भारत बना है तथा विश्व में निरंतर विकास करने वाला भारत बना है। उन्होंने कहा कि आज का भारत विरासत के साथ विकास करने वाला भारत है। आज भारत के विकास में गति भी है, शक्ति भी है, सुरक्षा भी है और संयम भी। यह नया भारत है, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सपनों का भारत है, मिशन इंडिया के तहत आगे बढ़ता हुआ भारत है।
भाजपा सरकार ने बुंदेलखंड के विकास के लिए परियोजनाएं स्वीकृत की
श्री मुरलीधर राव ने कहा कि टीकमगढ़ संसदीय क्षेत्र को भारतीय जनता पार्टी ने कई सौगातें दी है। टीकमगढ़ में एलिम्को की यूनिट, छतरपुर में क्षेत्रीय दिव्यांग पुनर्वास केंद्र और  बुंदेलखंड के विकास लिए अति महत्वकांक्षी केन बेतवा लिंक परियोजना की स्वीकृति दी है।  टीकमगढ़ और छतरपुर दोनों जिलों में पासपोर्ट कार्यालय, बेतवा एवं जामनी नदी पर उच्चस्तरीय पुल का निर्माण, झांसी खजुराहो एनएच, टीकमगढ़ नगर के लिए रिंग रोड बाईपास, एनएच 44 बनगाए से एनएच 39 ओरछा तिगेला तक झांसी एवं ओरछा बायपास फोरलेन की कनेक्टिविटी सड़क मार्ग से की है। इसके अलावा गुना- कटनी नवीन राजमार्ग राजस्थान से मध्यप्रदेश होते हुए झारखंड तक जोड़ने वाला है। सुनोनिया पश्चिमी में स्थित तारा माई मंदिर में रोपवे की स्थापना, हरपालपुर के समीप अर्धकुमारी माता मंदिर में रोपवे की सौगात दी है।
पत्रकार वार्ता में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सागर संभाग प्रभारी श्री चौधरी मुकेश सिंह चतुर्वेदी, जिला प्रभारी श्री मुन्ना सिंह भदोरिया, जिला अध्यक्ष श्री अमित नुना, विधायक श्री राकेश गिरी गोस्वामी, श्री राहुल सिंह लोधी, श्री विवेक चतुर्वेदी, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी श्री आशीष तिवारी उपस्थित थे।

लिखें और कमाएं       

मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण । आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं । अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:

गौरव चतुर्वेदी

खबर नेशन

9009155999

 

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment