मुख्यमंत्री कमल नाथ झूठ बोलना बंद करें, केंद्र ने दी है 865 करोड़ की ज्यादा राशि : गोपाल भार्गव

- फिजुलखर्ची बंद करके किसानों, युवाओं, महिलाओं और निशक्तों की सुध ले प्रदेश सरकार
भोपाल। मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ झूठ बोलकर प्रदेश की जनता को गुमराह करने का काम कर रहे हैं। प्रदेश का अन्नदाता  परेशान है। युवा बेरोजगारी की मार झेल रहा है। नि:शक्तजनों को बढ़ी हुई राशि नहीं मिल रही है। हर वर्ग परेशान है और मुख्यमंत्री कमलनाथ केंद्र पर आरोप बढ़ रहे हैं कि केंद्र सरकार ने प्रदेश के हिस्से की राशि नहीं दी है, जबकि केंद्र सरकार ने प्रदेश को 865 करोड रुपए की राशि ज्यादा दी है। ये बातें नेता प्रतिपक्ष श्री गोपाल भार्गव ने कही।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ लगातार बयान बाजी कर रहे हैं कि केंद्र की मोदी सरकार ने प्रदेश को पर्याप्त राशि नहीं दी है। इसके कारण प्रदेश में कार्य नहीं हो रहे हैं। वे बजट में कटौती करके आइफा जैसे आयोजन पर राशि फूंक रहे हैं, लेकिन बे मौसम बारिश से किसानों की चौपट हो चुकी फसलों के लिए उन्हें आर्थिक सहायता नहीं दे रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष श्री भार्गव ने कहा कि प्रदेश के वचनवीर मुख्यमंत्री अब प्रदेश की जनता को झूठ परोपना बंद करके जमीन पर भी कुछ काम करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश को केंद्र सरकार से 36 हजार 360 करोड़ की राशि मिलना थी, लेकिन केंद्र द्वारा 37 हजार 225 करोड़ रुपए जारी किए हैं। अब इनके झूठ का पर्दाफाश हो गया है।
अपनी वित्तीय अव्यवस्था को छुपाने के लिए जनता में भ्रम फैला रही कमलनाथ सरकार
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार को भारत सरकार से पिछले साल की तुलना में इस वर्ष राज्य को ज्यादा राशी मिली है। 865 करोड़ प्रदेश सरकार को मोदी सरकार ने केंद्रीय सहायता अनुदान में ज्यादा दिए है। जनता के लिए केंद्र सरकार ने पर्याप्त से ज्यादा धनराशी दी लेकिन कमलनाथ सरकार इस राशी का उपयोग फिजूलखर्ची में कर रही है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कमलनाथ सरकार सिर्फ अपनी वित्तीय अव्यवस्था को छुपाने के लिए जनता में भ्रम फैलाने के लिए केंद्र सरकार पर भेदभाव और राशि रोकने के झूठे और तथ्यहीन आरोप लगाने का काम करती है। उन्होंने कहा कि बजट सत्र में प्रदेश सरकार के हर झूठ को तथ्यों से बेनकाब करेंगे।
वचनवीर मुख्यमंत्री कर्मवीर भी बनो-
नेता प्रतिपक्ष श्री गोपाल भार्गव ने कहा कि वचनवीर मुख्यमंत्री थोड़ा कर्मवीर भी बनो और कारपोरेट तरीके से प्रदेश को चलाना बंद करके जमीन पर भी काम करो। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को 14 माह बीत गए हैं, लेकिन सरकार ने आम लोगों के लिए क्या किया है?
चुनाव आया तो फिर शुरू हो गए वचन-
नेता प्रतिपक्ष श्री भार्गव ने कहा कि प्रदेश की दो विधानसभा आगर-मालवा और जौरा सीट पर उपचुनाव होने हैं। चुनाव के साथ ही कांग्रेस के वचन भी शुरू हो गए हैं। मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ आगर-मालवा में वचन दे आए हैं कि किसानों का कर्ज माफ हो जाएगा, लेकिन विधानसभा चुनाव के समय जो वचन इन वचनवीर ने दिए थे उनका क्या हुआ। वे वचन अब तक पूरे क्यों नहीं हुए हैं। पहले तो जो वादे किए थे, उन्हें पूरा करो।

Share:


Related Articles


Leave a Comment