कांग्रेस मतिभ्रम की स्थिति में इसलिए राष्ट्रभक्तों का कर रही अपमानः राकेश सिंह
खबर नेशन / Khabar Nation
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री राकेश सिंह ने कांग्रेस सेवा दल के कार्यक्रम में स्वातंत्रय वीर सावरकर जी को लेकर बांटे गए साहित्य पर गंभीर प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस मतिभ्रम के दौर से गुजर रही है। वह समझ नहीं पा रही कि किसका विरोध करें और किसका समर्थन करें।
इस दौर में कांग्रेस के नेता उन राष्ट्र भक्तों को निशाना बनाने से नहीं चूक रहे जो राष्ट्रभक्त विशेष रूप से बहुसंख्यक आबादी के हितचिंतक रहे हैं। इतिहास में ऐसा कोई उदाहरण नहीं मिलता कि अंग्रेजों की गुलामी का विरोध करने के कारण दामोदर सावरकर जी और उनके सगे भाई वर्षों तक एक ही जेल में रहें और दोनों को एक दूसरे की जानकारी नहीं थी। जिन राष्ट्र भक्तों ने ऐसी यातनाएं सही है, उनके बारे में कांग्रेस नेताओं के विचार बेहद लज्जाजनक और राष्ट्रभक्ति की परंपरा को अपमानित करने वाले है।
श्री सिंह ने कहा कि चूंकि नागरिकता संशोधन कानून पर कांग्रेस की असलियत सामने आ गयी है कि वह देश में अराजकता फैलाकर समाज को सम्प्रदाय और जाति में बांटना चाहती है। जनता ने कांग्रेस को इसका करारा जवाब देना शुरू कर दिया है। इस कानून पर आज कांग्रेस जनता के प्रतिरोध के कारण बचाव की मुद्रा में है तब उसने सावरकर जी के विषय को अत्यंत आपत्तिजनक तरीके से छेड़कर नागरिकता संशोधन कानून के विषय से ध्यान भटकाने का काम किया है। लेकिन दुर्भाग्य से कांग्रेस अपनी खींझ में भारत के एक एक नागरिक और उसकी देशभक्ति को अपमानित करने की कुचेष्टा कर रही है।