सरकार नहीं, भारी बहुमत की सरकार बनाने जुट जाएं कार्यकर्ताः राकेश सिंह
खबर नेशन / Khabar Nation
भोपाल। ये चुनाव सिर्फ सरकार बनाने के लिए नहीं है, बल्कि भारी बहुमत की सरकार बनाने के लिए हैं। भारतीय जनता पार्टी एक बड़े लक्ष्य के लिए राजनीति करती है। हमें अगले पांच सालों में समृद्ध मध्यप्रदेश का सपना साकार करना है। राष्ट्रवादी ताकतों को मजबूती देने, देश को विकसित देशों की कतार में पहुंचाने और भारत माता के गौरव को परम वैभव पर पहुंचाने के लिए पार्टी कार्यकर्ता और उम्मीदवार ‘अबकी बार, 200 पार’ का संकल्प लेकर अपने काम में जुट जाएं। पार्टी कार्यकर्ताओं से यह आह्वान शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश सिंह ने पार्टी के उम्मीदवारों की पहली सूची जारी होने के बाद किया। उन्होंने पार्टी के सभी घोषित उम्मीदवारों को जीत के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश सिंह ने पार्टी द्वारा विधानसभा चुनाव के लिए घोषित सभी उम्मीदवारों को बड़ी जीत के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा है कि सभी उम्मीदवार और कार्यकर्ता प्राण-प्रण से बडी जीत हासिल करने के लिए जुट जाएं। हमें हर बूथ को जीतना है। श्री सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल सत्ता हासिल करने के लिए राजनीति नहीं करती, बल्कि उसका लक्ष्य देश और समाज का कल्याण है। पार्टी बिना किसी भेदभाव के देश के हर हिस्से और समाज के हर वर्ग को विकसित होते देखना चाहती है। पार्टी भारत माता के वैभव को शिखर पर पहुंचाना चाहती है। समाज के अंतिम व्यक्ति को मुख्यधारा में लाकर उसका कल्याण करना चाहती है। पार्टी पं. दीनदयाल उपाध्याय सहित अपने पूर्वजों के उस सपने को साकार करना चाहती है, जो उन्होंने इस भारतभूमि के लिए देखा था। श्री सिंह ने कहा कि इन सभी लक्ष्यों को हासिल करने के लिए जरूरी है कि हम आने वाले हर चुनाव में बड़ी जीत हासिल करें। इसी को दृष्टिगत रखते हुए पार्टी नेतृत्व ने विधानसभा चुनावों में 200 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी उम्मीदवार और कार्यकर्ता इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए जुट जाएं और समृद्ध मध्यप्रदेश के लिए घर-घर जाकर जनता से आशीर्वाद लें।