कोरोना संक्रमण से बिगड़ते हालात का जायजा लेने केन्द्रीय दल इंदौर आएगा


तीन दिन में पांच सदस्यीय दल को दौरा करने और रिपोर्ट सौंपने के निर्देश
खबर नेशन /Khabar Nation
मध्यप्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण से बिगड़ते हालातों का जायजा लेने विशेष तौर पर एक केन्द्रीय दल इंदौर आएगा । केन्द्रीय गृह मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार इस केन्द्रीय अंतर मंत्रालयीन दल को तीन दिन के भीतर इंदौर का दौरा कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करना है ।
इस दल में केन्द्रीय कृषि मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव अभिलाष लिखी , कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष जुगल किशोरे , डायरेक्टर स्वास्थ्य मंत्रालय डॉक्टर अनिल रंगा , एन डी एम ए के संयुक्त सलाहकार नवल प्रकाश , खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के संचालक सिमरजीत कौर को शामिल किया गया है । यह दल आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत गठित किया गया है ।
मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस को गृह मंत्रालय द्वारा लिखे गए पत्र के अनुसार कोविड 19 वायरस से उपजे कोरोना संक्रमण के दौरान केन्द्र सरकार द्वारा समीक्षा में लॉकडाउन के उल्लंघन और उससे बिगड़े हालात की समीक्षा में इंदौर जिले को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की गई है । पत्र में उल्लेख किया गया है कि लॉकडाउन के दौरान कई शहरों में भरपूर उल्लंघन किया गया । सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया गया । हेल्थकेयर प्रोफेशनल द्वारा सहयोग न किया जाना , बैंक, सार्वजनिक वितरण की दुकानों पर अव्यवस्था, कई इलाकों में निजी और व्यावसायिक वाहनों का आवागमन होने से स्वास्थ्य के लिए खतरा खड़ा हो गया । मध्यप्रदेश के इंदौर में भी ऐसे हालात नज़र आए हैं । IMCT को निर्देश दिए हैं कि वे तीन दिन के अंदर इंदौर का दौरा कर लॉकडाउन की समीक्षा करें । इस दल को सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों के पालन की जानकारी, अत्यावश्यक वस्तुओं की आपूर्ति, अस्पतालों की सुविधाओं, कोरोना वायरस के इलाज के लिए टेस्टिंग किट,पीपीई किट,फेस मास्क, एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता, गरीबों और श्रमिकों के लिए शिविरों की सुविधाओं का आकलन करने के निर्देश दिए हैं ।
इसी के साथ ही केन्द्रीय विमानन विभाग को इस दल के लिए हवाई सुविधाएं सुनिश्चित करने एवं मध्यप्रदेश सरकार को इस दल के लिए रहने ठहरने एवं आवागमन की सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं ।

Share:


Related Articles


Leave a Comment