कोतवाली थाना क्षेत्र में तीन नकाबपोश बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम, पुलिस ने शहरभर में नाकाबंदी कर शुरू की तलाश

गुना में दिनदहाड़े हुई करीब 17 लाख रुपये की लूट ने शहर में हड़कंप मचा दिया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के चौधरी मोहल्ला तिराहे पर तीन नकाबपोश बदमाशों ने एक मुनीम की आंखों में स्प्रे डालकर रुपयों से भरा बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद पुलिस ने पूरे शहर में नाकाबंदी कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

बीच बाजार में हुई सनसनीखेज वारदात

जानकारी के अनुसार, पीड़ित मुनीम वासुदेव ब्राह्मण पिछोर से व्यापारियों का भुगतान एकत्र कर करीब 17 लाख रुपये लेकर गुना पहुंचे थे। वह यह रकम लेकर कुंभराज जाने के लिए घर से पैदल निकले थे। जैसे ही वह चौधरी मोहल्ला तिराहे के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें घेर लिया।

आंखों में स्प्रे डालकर छीना रुपयों से भरा बैग

प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक बदमाशों ने पहले मुनीम की आंखों में स्प्रे कर दिया, जिससे उन्हें कुछ दिखाई नहीं दिया। इसी दौरान आरोपियों ने रुपयों से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने विरोध करने की कोशिश भी की, लेकिन आंखों में जलन होने के कारण वह बदमाशों को पकड़ नहीं सके।

तीन व्यापारिक फर्मों की बताई जा रही रकम

बताया जा रहा है कि लूटी गई करीब 17 लाख रुपये की रकम शहर की तीन अलग-अलग व्यापारिक फर्मों की थी। वारदात के बाद दो आरोपी पैदल रपटा बाजार की ओर भागे, जबकि तीसरा आरोपी बाइक लेने दूसरी दिशा में चला गया।

पुलिस ने शुरू की नाकाबंदी, सीसीटीवी खंगाले जा रहे

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे शहर में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी गई। इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

दिनदहाड़े भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस वारदात ने गुना शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान के लिए कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment