जलभराव पर एक्शन मोड में मंत्री विश्वास सारंग, अधिकारियों-ठेकेदार को लगाई कड़ी फटकार

भोपाल। राजधानी भोपाल में लगातार हो रही बारिश के बाद छोला क्षेत्र में जलभराव की स्थिति को लेकर प्रदेश के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग एक्शन मोड में नजर आए। 

गुरुवार को उन्होंने नरेला विधानसभा के वार्ड-76 स्थित उड़िया बस्ती और सुंदर नगर का दौरा कर जलभराव प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन नाले के कार्य में देरी और जल निकासी व्यवस्था की खामियों पर मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर मौजूद नगर निगम अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार को फटकार लगाते हुए निर्देश दिए कि नाले का निर्माण कार्य और जल निकासी के लिए आवश्यक चैनलाइजेशन का काम युद्धस्तर पर पूरा किया जाए, ताकि भविष्य में बारिश के दौरान किसी भी घर में पानी प्रवेश न कर सके।

मंत्री विश्वास सारंग का स्पष्ट बयान 

मंत्री विश्वास सारंग ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि "रहवासियों के घरों में पानी भरना किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि निर्माण कार्य या जल निकासी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।"

उन्होंने क्षेत्र में साफ-सफाई की बदहाल व्यवस्था पर भी चिंता जताई और नगर निगम अधिकारियों को तत्काल विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही मलबा हटाने, जलभराव वाले क्षेत्रों में नियमित मॉनिटरिंग करने तथा सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश भी दिए।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जलभराव वाले सभी स्थानों का तत्काल सर्वे कराया जाए और प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक सुधारात्मक कार्य पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि नरेला विधानसभा के प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन को पूरी संवेदनशीलता, तत्परता और जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।

Share:

Next

जलभराव पर एक्शन मोड में मंत्री विश्वास सारंग, अधिकारियों-ठेकेदार को लगाई कड़ी फटकार


Related Articles


Leave a Comment