अपनी चाटुकारिता और गुलामी के लिए भाजपा से मेडल प्राप्त करना चाहती है इंदौर पुलिस: के के मिश्रा, संतोष सिंह गौतम

खबर नेशन / Khabar Nation

इंदौर में युवक कांग्रेस कार्यकर्ता के साथ की गई बर्बर पुलिसिया मारपीट शर्मनाक

भोपाल: मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी मीडिया विभाग के अध्यक्ष के.के मिश्रा और प्रवक्ता संतोष सिंह गौतम ने आज इंदौर में ईडी के दफ्तर पर किए गए युवक कांग्रेस के प्रदर्शन का समर्थन करते हुए कहा कि इंदौर पुलिस ने कांग्रेस के निहत्थे युवा कार्यकर्ता की जिस तरह से बर्बर पिटाई की है, वह पूरी तरह से निर्मम, असंवैधानिक और अमानवीय तो है ही, पुलिस द्वारा की जा रही प्रदेश सरकार की चाटुकारिता का एक निम्नस्तरीय और शर्मनाक प्रदर्शन भी है।

आज जारी अपने वक्तव्य में इंदौर पुलिस पर उक्त आरोप लगाते हुए मिश्रा और गौतम ने कहा कि प्रत्येक राजनीतिक दल को शांतिपूर्ण विरोध करने का संवैधानिक अधिकार प्राप्त है। अपने इसी अधिकार के मद्देनजर जब युवा कांग्रेस ने भाजपा की कठपुतली और जेबी संस्था बन चुके ईडी के दफ्तर पर आंदोलन किया तो पुलिस ने कांग्रेस के कार्यकर्ता के खिलाफ जिस तरह से बर्बर लाठीचार्ज और मारपीट की, वह पूरी तरह से अक्षम्य तो है ही, पुलिस द्वारा की जा रही भाजपा सरकार की गुलामी का प्रत्यक्ष प्रमाण भी है। ऐसा लग रहा है जैसे इंदौर पुलिस अपनी गुलामी के एवज में भाजपा से मेडल प्राप्त करने की पुरजोर कोशिश कर रही है।

अपने बयान में मिश्रा और गौतम ने संयुक्त रूप से कहा कि कांग्रेस के युवा कार्यकर्ता निखिल वर्मा ने जिस जीवटता, प्रतिबद्धता और जज्बे का प्रदर्शन किया है, वह काबिले तारीफ़ है। मोदी और शिवराज सरकार की तानाशाही के विरुद्ध कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा ऐसा ही जज़्बा दिखाए जाने की आज बेहद आवश्यकता है। कांग्रेस पार्टी निखिल वर्मा के साथ ही युवक कांग्रेस के इस आंदोलन का पूरा समर्थन करती है और भारतीय जनता पार्टी का एजेंट बनकर काम कर रही इंदौर पुलिस को यह चेतावनी भी देना चाहती है कि उसकी ऐसी हरकतें नाकाबिले बर्दाश्त हैं और कांग्रेस पार्टी द्वारा इनका सशक्त और पुरजोर विरोध किया जाएगा।

 

लिखें और कमाएं
मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999

 

 

 

 

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment