भाजपा सरकार का संकल्प समाज के प्रत्येक व्यक्ति का विकास और कल्याण : विष्णुदत्त शर्मा


प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कांग्रेस नेताओं ने जनता के खून पसीने की कमाई से भ्रष्टाचार कर अपनी जेंबे भरी
पन्ना जिले के ककरहटा और सुरहदा की विकास यात्रा में प्रदेश अध्यक्ष ने शामिल होकर नागरिकों से किया संवाद


पन्ना। सरकार-सरकार में फर्क होता है। कांग्रेस ने कई दशकों तक राज किया लेकिन उसने गरीबों की चिंता कभी नहीं की। कांग्रेस के नेताओं ने जनता की खून पसीने की गाढ़ी कमाई से भ्रष्टाचार कर अपनी जेबें भरने का काम किया है। जबकि भाजपा सरकार का संकल्प समाज के प्रत्येक व्यक्ति का विकास और कल्याण है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केन्द्र एवं मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान जी के नेतृत्व में प्रदेश की भाजपा सरकार ने गरीबों का जीवन बदलने का काम किया है। भाजपा सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के अंत्योदय को धरातल पर उतारने का काम कर रही है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने गुरूवार को पन्ना जिले के ग्राम सुरदहा और ककरहटा में विकास यात्रा को संबोधित करते हुए कही। प्रदेश अध्यक्ष ने विकास यात्रा के दौरान विकास कार्यो का लोकार्पण भी किया।
भाजपा सरकार लोगों का जीवन बदलने के लिए कटिबद्ध
प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने गुन्नौर विधानसभा के सुरदहा में विकास यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र एवं मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश की भाजपा सरकार गरीब हितैषी योजनाओं से लोगों का जीवन बदलने के लिए कटिबद्ध है। भाजपा सरकार द्वारा संचालित इस विकास यात्रा का उद्देश्य नागरिकों से संवाद और हितग्राहियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध सुनिश्चित कराना है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की विकास यात्रा नागरिकों के बीच जाकर अपनी उपलब्धियों साझा करने के साथ ही उनकी समस्याओं का निवारण भी कर रही है।
कमलनाथ सरकार ने जनकल्याणकारी योजनाएं बंद की, भाजपा ने फिर शुरू की
श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रदेश की जनता ने 15 माह की कमलनाथ सरकार में खुद को ठगा महसूस किया किया था। कमलनाथ सरकार में कन्यादान योजना के अंतर्गत एक पैसा नहीं दिया था, लेकिन मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी तो पुनः कन्यादान योजना प्रारंभ की गयी और बेटियों के विवाह के लिए 51 हजार रूपए प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कमलनाथ सरकार ने संबल योजना और तीर्थ दर्शन योजना बंद कर दी थी, लेकिन भाजपा सरकार ने इन योजनाओं को फिर से शुरू किया। आने वाले समय में बुजुर्गो को हवाई यात्रा के माध्यम से तीर्थदर्शन के लिए भेजा जायेगा।
बेटिया बोझ नहीं अब वरदान बनी
श्री शर्मा ने कहा कि लोग बेटियों को बोझ मानते थे, लेकिन प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओं अभियान चलाया और मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने लाडली लक्ष्मी योजना बनाई। लाडली लक्ष्मी योजना में बेटी पैदा होते ही लखपती बन जाती है। लाडली लक्ष्मी योजना और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओं अभियान के कारण जहां मध्यप्रदेश में 1000 बेटों पर 912 बेटी पैदा होती थीं, वहां अब 998 बेटियां पैदा हो रही हैं। बेटी अब बोझ नहीं है, बल्कि बेटी वरदान और ताकत बनकर परिवार के लिए खड़ी है। उन्होंने कहा कि महिलाएं सशक्त हो इसके लिए मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने लाडली बहना योजना की घोषणा की जिसका शुभांरभ 8 मार्च को होगा। इस योजना के तहत हर महीने 1 हजार रूपए बहनों के खातों में सरकार जमा करेगी।
मोदी जी के नेतृत्व में देश की राजनीति का परिदृश्य बदला
श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश की राजनीति का परिदृश्य बदला है। सकारात्मक राजनीतिक का परिणाम है कि भाजपा सरकार की विभिन्न जनहितैषी योजनाओं का लाभ अब पात्र हितग्राहियों को मिल रहा है। प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में संचालित आयुष्मान भारत योजना, उज्जवला योजना, जन-धन योजना, स्वरोजगार योजना, अन्नपूर्णा योजना, गांव की बेटी योजना, खेलो इंडिया जैसे कई योजनाओं और नीतियों से गरीबों का सपना पूरा हो रहा है।
खजुराहो लोकसभा के नागरिकों की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए मैं सदैव प्रतिबद्ध हूँ
प्रदेश अध्यक्ष ने विकास यात्रा के दौरान अनेकों विकास कार्यो की घोषणाएं की। श्री शर्मा ने कहा कि खजुराहो लोकसभा क्षेत्र की जनता ने मुझे मत रूपी आशीर्वाद प्रदान किया है। खजुराहो लोकसभा के रहवासी मेरे परिजन हैं। इस क्षेत्र के नागरिकों की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए मैं सदैव प्रतिबद्ध हूँ। उन्होंने कहा कि सकरिया से 37 किलोमीटर का नेशनल हाइवे 89 करोड़ की लागत से बनेगा, जो 27 पंचायतों को जोडेगा। सहेला में गेहूं उपार्जन का केंद्र प्रारंभ किया जाएगा, जिसके पश्चात् धान उपार्जन केंद्र भी प्रारंभ होगा। उन्होंने बताया कि ककरहटा में नया सीएम राइज स्कूल बनाया जाएगा एवं जहां अभी प्राथमिक स्कूल है, उसका उन्नयन किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों को गुन्नौर से कटम रोड तक सड़क बनाए जाने का प्रस्ताव केन्द्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी को भेजे जाने की जानकारी दी। प्रदेश अध्यक्ष ने ककरहटा ग्राम में जल जीवन मिशन के अंतर्गत नल जल प्रदाय योजना में 78.94 लाख की लागत से बनी पेयजल टंकी का लोकार्पण भी किया। प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने विकास यात्रा के दौरान राजस्व, श्रम, सामाजिक न्याय, खाद्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभाग के सैकडों प्रकरणों का मौके पर ही समाधान किया।
सुरदहा और ककरहटा विकास यात्रा में पन्ना जिलाध्यक्ष श्री रामबिहारी चौरसिया, छतरपुर जिलाध्यक्ष श्री मलखान सिंह, महामंत्री श्री अरविन्द पटेरिया जिला महामंत्री श्री विवेक मिश्रा, उपाध्यक्ष श्री सुशील त्रिपाठी, श्री बृजेन्द्र मिश्रा, श्री रामअवतार पाठक, पूर्व जिलाध्यक्ष श्री सदानंद गौतम, पूर्व विधायक श्री राजेश वर्मा, श्री महेन्द्र बागरी, श्री अमिता बागरी, श्री किशोर त्रिपाठी, श्री द्रोपदी बाई त्रिपाठी उपस्थित थे।

Share:


Related Articles


Leave a Comment