डाक नीलामी में मंडी व्यापारियों ने की किसान के साथ मारपीट, मामला दर्ज
भोपाल, । ‘‘आठ मामलों में संज्ञान’’
मप्र मानव अधिकार आयोग के मान अध्यक्ष श्री मनोहर ममतानी ने ’आठ मामलों में संज्ञान’ लेकर संबंधितों से जवाब मांगा है।
खबर नेशन / Khabar Nation
छोटे तालाब में फेंकी गई फेफड़ों की बीमारी में काम आने वाली दवाईयां
भोपाल शहर के छोटे तालाब में बीते मंगलवार को करीब दस लाख रूपये से ज्यादा की दवायें तैरती मिलीं। एक आरटीआई एक्टिविस ने बताया कि मंगलवार सुबह तीन बजे छोटे तालाब में अज्ञात लोगों ने यह दवा फेंकी है। सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे और तालाब में तैर रही दवाओं के नमूने लिये। निगमायुक्त ने मामले की जांच करने का आश्वासन दिया है। मामले में संज्ञान लेकर मप्र मानव अधिकार आयोग ने संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं, मप्र शासन, भोपाल से प्रकरण की जांच कराकर की गई कार्यवाही के संबंध में तीन सप्ताह में जवाब मांगा है।
खेत में खेल रही बच्ची 300 फीट गहरे बोर में गिरी
सीहोर जिले के बड़ी मुंगावली गांव में खेत में खेल रही तीन साल की मासूम बच्ची बीते मंगलवार को 300 फीट गहरे बोरवेल में गिर गई। बच्ची 27 फीट पर फंसी है, जिसे निकालने रेस्क्यू आॅपरेशन चल रहा है। नाइट विजन कैमरे बच्ची के सिर्फ हाथ दिख रहे हैं। मामले में संज्ञान लेकर मप्र मानव अधिकार आयोग ने कलेक्टर, सीहोर से प्रकरण की जांच कराकर बच्ची की जीवन सुरक्षा/बचाने हेतु अबतक की गई कार्यवाही तथा बोरवेल जोखिमपूर्ण स्थिति में खुला रखे जाने के संबंध में दोषी व्यक्ति के विरूद्ध की गई कार्यवाही के संबंध में 15 दिन में जवाब मांगा है।
डाक नीलामी में मंडी व्यापारियों ने की किसान के साथ मारपीट, मामला दर्ज
विदिशा जिले के गंजबासौदा में बीते सोमवार को कृषि उपज मंडी परिसर में जिंस नीलामी के दौरान किसान और व्यापारियों के बीच जमकर विवाद हुआ। इस दौरान व्यापारियों ने एक किसान की पिटाई कर दी। करीब आधा घंटे तक डाक नीलामी बंद रही। पीड़ित किसान ने देहात थाना पहुंचकर उसके साथ मारपीट करने वाले पांच व्यापारियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। मामले में संज्ञान लेकर मप्र मानव अधिकार आयोग ने कलेक्टर, विदिशा से प्रकरण की जांच कराकर किसानों के हितों की सुरक्षा के साथ ही इस घटना के संबंध में की गई कार्यवाही के बारे में तीन सप्ताह में जवाब मांगा है।
एंबुलेंस चालकों और डाॅक्टर्स के बीच जमकर हुई मारपीट
जिला अस्पताल मुरैना में बीते दिनों कुछ सरकारी डाॅक्टर्स एवं एंबुलेंस चालकों के बीच गाली-गलौज एवं मारपीट की घटना हुई। यहां के डाॅक्टर्स जिला अस्पताल आने वाले मरीजों को अपने निजी अस्पातलों में ले जाने के लिये एंबुलेंस चालकों को बाध्य करते हैं। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। मामले में संज्ञान लेकर मप्र मानव अधिकार आयोग ने कलेक्टर, मुरैना से प्रकरण की जांच कराकर जिला अस्पताल में हो रही इन घटनाओं पर अंकुश लगाने एवं इन मरीजों को प्राप्त प्रभावी स्वास्थ्य उपचार सुविधा के अधिकारों के संरक्षण हेतु की गई कार्यवाही के संबंध में तीन सप्ताह में जवाब मांगा है।
सीमांकन न होने से परेशान महिला ने दुपट्टे से लगाया फंदा
ग्वालियर शहर में कलेक्टर व तहसीलदार के दफ्तर में अपनी सुनवाई न होने से परेशान भवनपुरा निवासी सरोज ने बीते मंगलवार को कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई के दौरान अपने दुपट्टे का फंदा बनाकर फांसी लगाने की कोशिश की। महिला का आरोप है कि उसकी जमीन पर दबंगों ने कब्जा कर लिया है। सीमांकन के लिये पटवारी और राजस्व निरीक्षक 25 हजार रूपये मांग रहे हैं। मामले में संज्ञान लेकर मप्र मानव अधिकार आयोग ने कलेक्टर, ग्वालियर से प्रकरण की जांच कराकर पीड़ित महिला की भूमि का सीमांकन सुनिश्चित कराकर की गई कार्यवाही के संबंध में एक माह में जवाब मांगा है।
नदी में नहाने गये चार बच्चों की मौत
बैतूल जिले के ढोढरामोहाड़ गांव में बीते मंगलवार को खरपड़ा नदी में डूबने से चार मासूम बच्चों की मौत हो गई। ये मासूम बच्चे नदी में नहाने गये थे। नहाते-नहाते ये चारों गहरे पानी में चले गये और डूबने से उनकी मौत हो गई। इनमें से किसी को तैरना नहीं आता था। मामले में संज्ञान लेकर मप्र मानव अधिकार आयोग ने कलेक्टर, बैतूल से प्रकरण की जांच कराकर मृत बच्चों के वैध वारिसों को शासन की योजनानुसार मुआवजा राशि दिये जाने एवं नदी में बच्चों के प्रवेश/नहाने पर रोक लगाने/सुरक्षा के लिये किये गये इंतजाम आदि कार्यवाहियों के संबंध में एक माह में जवाब मांगा है।
दलित दूल्हे की बारात पर पथराव, तीन पुलिसकर्मी घायल
छतरपुर जिले के चैरई गांव में बीते सोमवार को दलित समाज के दूल्हे की बारात पर पथराव किया गया। दूल्हे को घोड़ी पर देखकर कुछ दबंग लोग भड़क गये। उन्होंने पुलिस की मौजूदगी में दूल्हे की रास पर पथराव कर दिया। रास में 40-50 बाराती थे। अचानक हुये इस पथराव में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गये। पुलिस ने 50 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है, जिसमें 20 आरोपी नामजद हैं। मामले में संज्ञान लेकर मप्र मानव अधिकार आयोग ने एसपी, छतरपुर से प्रकरण की जांच कराकर दोषी व्यक्तियों के विरूद्ध की गई कार्यवाही एवं पीड़ित की सुरक्षा के संबंध में की गई आवश्यक कार्यवाही के बारे में एक माह में जवाब मांगा है।
गाज गिरने से महिला की मौत
शहडोल जिले के सोहागपुर थानाक्षेत्र के सिंदूरी भर्री गांव में खेत में काम कर रही एक महिला पर आकाशीय बिजली (गाज) गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक अन्य महिला घायल हो गई। मामले में संज्ञान लेकर मप्र मानव अधिकर आयोग ने कलेक्टर शहडोल से मृतिका के वैध वारिसों तथा अन्य घायल महिला को शासन की योजनानुसार देय मुआवजा राशि के संबंध में की गई कार्यवाही के बारे में एक माह में जवाब मांगा है।
लिखें और कमाएं
मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण । आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं । अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999