जेपी में आईसीयू के शौचालय तोड़े, मरीज सुलभ काॅप्लेक्स में जाने को मजबूर
भोपाल, । ‘‘तेरह मामलों में संज्ञान’’
मप्र मानव अधिकार आयोग के मान अध्यक्ष श्री मनोहर ममतानी ने ’तेरह मामलों में संज्ञान’ लेकर संबंधितों से जवाब मांगा है।
खबर नेशन / Khabar Nation
चयनित शिक्षकों ने की मानव अधिकार आयोग में शिकायत
भोपाल में नियुक्ति की मांग को लेकर चयनित शिक्षकों द्वारा भूख हड़ताल तेरहवंे दिन भी बीते शनिवार को जारी रही। इन हड़ताली चयनित शिक्षकों ने मप्र मानव अधिकार आयोग में शिकायत कर आयोग से गुहार लगाई है कि उनके मामले में विचार किया जाये। मीडिया रिपोर्ट/शिकायत पर संज्ञान लेकर मप्र मानव अधिकार आयोग ने प्रमुख सचिव, मप्र शासन, स्कूल शिक्षा विभाग, मंत्रालय, भोपाल से प्रकरण की जांच कराकर की गई कार्यवाही के संबंध में तीन सप्ताह में जवाब मांगा है।
जेपी में आईसीयू के शौचालय तोड़े, मरीज सुलभ काॅप्लेक्स में जाने को मजबूर
भोपाल के जेपी अस्प्ताल के आईसीयू में भर्ती मरीजों को शौचालय का उपयोग करने के लिये सौ मीटर से भी अधिक दूर सुलभ काॅप्लेक्स में जाना पड़ रहा है। आईसीयू वाले हिस्से में चार शौचालय बने हैं, इन चारों शौचालयों का जीर्णोद्धार एक साथ किया जा रहा है। इस हेतु ये शौचालय एक साथ तोड़ दिये गये हैं। इस अव्यवस्था से मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। तोड़फोड़ से निकलने वाली धूल से संक्रमण की आशंका बढ़ गई है। आईसीयू के दोनों एसी भी खराब है। मामले में संज्ञान लेकर मप्र मानव अधिकार आयोग ने सीएमएचओ, भोपाल से जेपी अस्पताल में आ रहे मरीजों की आवश्यक सुविधाओं की तात्कालिक व्यवस्था सुनिश्चित कराकर एक सप्ताह में जवाब मांगा है। साथ ही यह भी कहा है कि मरीजों के उपयोग हेतु उपलब्ध चारों शौचालय एक साथ तोड़कर, कोई वैकल्पिक अस्थायी व्यवस्था (मोबाहल टाॅयलेट आदि) नहीं करना मरीजों के लिये बेहद कष्टप्रद हो सकता है। इस संबंध में भी स्पष्ट प्रतिवेदन दें।
सेवानिवृत्त वृद्धा की पेंशन का पैसा हड़पा
भोपाल शहर की बागसेबनिया पुलिस ने एक सेवानिवृत्त महिला की शिकायत कपर उसके रिश्तेदार पिता-पुत्र के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। नारायण नगर निवासी 70 वर्षीय श्यामाबाई दास रेलवे से रिटायर्ड हैं। श्यामाबाई को स्वयं और पति की पेंशन मिलती है। उनकी कोई संतान नहीं होने से दूर के रिश्तेदार रामदास नागले व उनका बेटा मनीष नागले उनकी देखभाल करते थे। बीते 15 सितम्बर 2017 को पिता पुत्र ने उनके खाते से पैसे निकाल लिये। मामले में संज्ञान लेकर मप्र मानव अधिकार आयोग ने पुलिस कमिश्नर, भोपाल से प्रकरण की जांच कराकर तीन सप्ताह में जवाब मांगा है।
पहले एसडीएम ने युवक को पीटा, फिर युवक की मां ने घूंसा मारा
ग्वालियर जिले के पनिहार में नलकूप से अतिक्रमण हटाने पीएचई टीम के साथ पहुंचे एसडीएम अश्विनी रावत सेे एक युवक ने अभद्रता की। इस घटना से गुस्साए एसडीएम ने युवक को पीट दिया। यह देख आरोपी युवक की मां ने एसडीएम को घूंसा मार दिया। घटना का वीडियो वायरल हो गया। पुलिस ने युवक और उसकी मां और पत्नी पर शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज कर लिया। आरोपी ने नलकूप पर कब्जा जमा रखा है और उसने पीएचई अमले के साथ भी अभद्रता की थी। मामले में संज्ञान लेकर मप्र मानव अधिकार आयोग ने कलेक्टर एवं एसपी, ग्वालियर से प्रकरण की जांच कराकर की गई कार्यवाही के संबंध में तीन सप्ताह में जवाब मांगा है।
नदी में नहाने गईं तीन बच्चियों की मौत
शहडोल जिले के ब्यौहारी थानाक्षेत्र के सोता गांव में बीते शुक्रवार को गांव के किनारे से बहने वाली एक नदी ममें नहाने गईं तीन बच्चियों की नहाते समय डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने तीनों शव निकालकर उनका पीएम कराया। मामले में संज्ञान लेकर मप्र मानव अधिकार आयोग ने कलेक्टर, शहडोल से प्रकरण की जांच कराकर मृत बच्चियों के वैध वारिसों को शासन की योजनानुसार मुआवजा राशि दिये जाने के संबंध में की गई कार्यवाही के बारे में एक माह में जवाब मांगा है।
बाघ ने महिला का शिकार किया, आधे से ज्यादा शरीर खाया
नर्मदापुरम् जिले के पिपरिया क्षेत्र के धार गांव में पास जंगल में बाघ ने एक महिला पर हमला कर उसके शरीर का आधे से ज्यादा हिस्सा खा लिया। परिजनों के अनुसार मृत महिला रशीबाई मानसिक रूप से कमजोर थीं, जो बिना बताये घर से जंगल की ओर चली गईं थीं। मामले में संज्ञान लेकर मप्र मानव अधिकार आयोग ने कलेक्टर, नर्मदापुरम् से प्रकरण की जांच कराकर मृतिका के वैध वारिसों को शासन की योजनानुसार मुआवजा राशि दिये जाने के संबंध में की गई कार्यवाही के बारे में एक माह में जवाब मांगा है।
जिंदा महिला को पंचायत ने बताया मृत
सिवनी जिले की ग्राम पंचायत गोरखपुर की रहने वालीं सुरेशवती भलावी को ग्राम पंचायत ने कागजों मे मृत बता दिया। अब ये जीवित महिला खुद के जीवित होने का प्रमाण लेकर ग्राम पंचायत और जनपद पंचायत के चक्कर लगा रही है। सुरेशवती ने आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत सचिव उदय बेलवंशी ने जानबूझकर उसको सरकारी कागजों मे मृत घोषित कर दिया है। इस कारण वह लाड़ली बहना योजना से वंचित रह गई। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने कलेक्टर, सिवनी से प्रकरण की जांच कराकर पीड़ित महिला की समस्या का समाधान कराकर ऐसी अक्षम्य त्रुटि के संबंध में तीन सप्ताह में स्पष्ट प्रतिवेदन मांगा है।
बालिका को प्रसाद देने के नाम पर बाबा ने किया दुराचार का प्रयास
गुना जिले के चाचैड़ा थानाक्षेत्र के बीजनीपुरा गांव में आश्रम संचालक (बाबा) द्वारा एक नाबालिग बच्ची के साथ छेड़छाड और दुराचार करने के प्रयास की घटना प्रकाश में आई है। मामले में पीड़ित परिवार को आरोपी बाबा के विरूद्ध एफआईआर कराने में भारी मशक्कत करना पड़ी। आरोपी पर कार्यवाही नहीं होता देखकर आक्रोशित होकर बीजनीपुरा के ग्रामीणों ने बीनागंज तिराहे पर भारी चक्काजाम कर दिया। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने एसपी, गुना से प्रकरण की जांच कराकर की गई कार्यवाही के संबंध में तीन सप्ताह में जवाब मांगा है।
भूतपूर्व सैनिक को दी गई जमीन पर जबरन अतिक्रमण कर कब्जा करने का प्रयास
धार जिले के तिरला विकासखंड के ग्राम गंगानगर निवासी एक पूर्व सैनिक के परिवार की रामकन्या बाई ने कलेक्टर धार को आवेदन पत्र देकर कहा है कि उसके शहीद देवर गयाप्रसाद शुक्ला की शहादत के बदले सरकार द्वारा उन्हें जमीन दी गई थी। इस जमीन पर उनका 60 साल से कब्जा है। पर गांव के ही गोलू पिता वासुदेव उनके आधिपत्य की जमीन पर जबरन कब्जा कर इसे बेचने पर आमदा हैं। हमारी जान-माल की रक्षा की जाये तथा आरोपी के विरूद्ध तत्काल कार्यवाही की जाये। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने कलेक्टर एवं एसपी, धार से प्रकरण की जांच कराकर की गई कार्यवाही के संबंध में तीन सप्ताह में जवाब मांगा है।
स्विमिंग पूल में डूबने से मासूम की मौत
कटनी शहर के एक निजी होटल के स्विमिंग पूल में बीते शुक्रवार को सात साल के एक मासूम की डूबने से मौत हो गई। मृत बच्चे के परिजनों का कहना है कि बच्चा स्विमिंग पूल तक कैसे पहुंच गया, इसकी किसी को कोई जानकारी नहीं है। होटल में सुरक्षा व्यवस्था पर भी उन्होंने सवाल खड़े किये हैं, क्योंकि यहां दुर्घटना से बचने के लिये कोई व्यवस्था नहीं है। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने कलेक्टर, कटनी से प्रकरण की जांच कराकर जनसुरक्षा के संबंध में की गई कार्यवाही के संबंध में तीन सप्ताह में जवाब मांगा है।
पति ने पत्नी को बेल्ट से पीटा
शिवपुरी जिले में एक विचित्र घटना प्रकाश मे आई है। यहां के इंदार थाने के ग्राम गागौलनी चक गांव में एक व्यक्ति अपनी साली को ही दूसरी पत्नी बनाकर रखना चाहता था। जब उसकी पत्नी इस कृत्य के लिये राजी नहीं हुई, तो पति ने अपनी पत्नी को बीच सड़क पर निर्वस्त्र कर बेल्ट और पत्थरों से जमकर पीटा। पीड़िता का कहना है कि इस घटना में उसके सास-ससुर भी शामिल थे और उन्होंने भी मारपीट की। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने एसपी, शिवपुरी से प्रकरण की जांच कराकर तीन सप्ताह में जवाब मांगा है।
प्रसूता और गर्भस्थ शिशु की मौत
जिला अस्प्ताल सीधी में प्रसव कराने आई एक प्रसूता और उसके गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई। जिला अस्पताल के डाक्टर्स पर घोर लापरवाही बरतने का आरोप लगाकर परिजनों ने सीधी के सम्राट चैक पर शव रखकर प्रदर्शन किया। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने सीएमएचओ, सीधी से प्रकरण की जांच कराकर तीन सप्ताह में जवाब मांगा है।
मर्चुरी में रखे बुजुर्ग के शव को चूहों ने कुतरा
जिला अस्पताल विदिशा की मर्चुरी में रखे एक बुजुर्ग के शव की नाक व दोनों हाथों की अंगुलियों को चूहों ने कुतर दिया। बीते शनिवार को जब पीएम के लिये डाक्टर्स पहुंचे, तब इसका पता चला। पीएम के बाद शव के चेहरे पर पट्टी बांध दी गई थी, ताकि कुतरी इुई नाक न दिख सके। ऐसा इसलिये हुआ, क्योंकि शव फ्रीजर में न रखकर रातभर जमीन पर ही पड़ा रहा। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने कलेक्टर एवं सीएमएचओ, विदिशा से प्रकरण की जांच कराकर जिला चिकत्सालय की व्यवस्था/प्रबंधन में हुई त्रुटि के संबंध में तीन सप्ताह में जवाब मांगा है।
लिखें और कमाएं
मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण । आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं । अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999