किसी कार्यकर्ता की तरफ आंख उठाकर देखा, तो सड़कों पर लड़ाई लड़ेगी भाजपाः राकेश सिंह

 

 

देवेंद्र ताम्रकार के परिजनों से मिलने जाएंगे पार्टी नेता, डीजीपी को सौंपेंगे रिपोर्ट

 

  खबर नेशन / Khabar Nation

 

                भोपाल। प्रदेश में पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न कर मामले दर्ज हो रहे हैं। डराने-धमकाने की कोशिश चल रही है। कांग्रेस को लगता है कि यह सब करने से जनता से जुड़े मुद्दों से भाजपा का ध्यान हटा पायेंगे और भाजपा का फोकस शायद बदल जायेगा। लेकिन हम प्रदेश की जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं,  उनके सुख दुख और हित की लड़ाई के लिए खड़े हैं। अगर किसी भी भाजपा कार्यकर्ता की तरफ आंख उठाकर देखा, तो पूरा भाजपा परिवार एकजुट होकर सड़क पर उतरेगा और लड़ाई लड़ेगा। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री राकेश सिंह ने मीडिया से चर्चा करते हुए कही। उन्होंने कहा कि पार्टी का कार्यकर्ता तपा और संघर्षों से निखरा हुआ है, वह किसी के दबाव में आने वाला नहीं है।

 

देवेंद्र ताम्रकार पर एफआईआर बड़ा षडयंत्र

 

                श्री राकेश सिंह ने कहा कि पिछले दिनों अशोकनगर के जिला मीडिया प्रभारी देवेन्द्र ताम्रकार के खिलाफ अचानक 376 का मामला दर्ज कराया गया। पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री लोकेन्द्र पाराशर एवं अन्य वरिष्ठ नेता अशोकनगर गए थे। मंगलवार को पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री प्रभात झा भी वहां गए थे। जो भी जानकारियां सामने आ रही हैं, उनसे लगता है कि श्री ताम्रकार के खिलाफ एफआईआर कोई बड़ा षडयंत्र है। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री रामेश्वर शर्मा, सुश्री उषा ठाकुर, प्रदेश महामंत्री श्री बंशीलाल गुर्जर, प्रदेश मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर, श्री भारतसिंह कुशवाह, श्री गोपीलाल जाटव के नेतृत्व में पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल अशोकनगर जाएगा और श्री देवेन्द्र ताम्रकार के परिजनों से मिलकर परिस्थितियों का बारीकी से अध्ययन करेगा। उसके बाद एक रिपोर्ट डीजीपी को सौंपी जायेगी। इसके बाद भी अगर न्याय नहीं मिला, तो भारतीय जनता पार्टी सड़कों पर उतरकर संघर्ष करेगी।

 

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment