भाजपा राज में महाकाल लोक घोटाले से उज्जैन ही नहीं मप्र भी देश में कलंकित हुआ: कमलनाथ

धर्म के नाम का सहारा लेकर राजनीति करने वाली भाजपा ने
धर्म को भी भ्रष्टाचार का माध्यम बना दिया: कमलनाथ

जनादेश का अपमान कर धनबल और धोखे से सरकार
बना ली भाजपा ने: कमलनाथ

 

कांग्रेस सरकार में हमने 1000 गौशालाओं का निर्माण किया था,
भाजपा राज में हजारों गौमाताएं मर रही हैं: कमलनाथ

 

खबर नेशन/ Khabar Nation

भोपाल, हाल ही में महाकाल कॉरिडोर में इतना बड़ा घोटाला हुआ, उज्जैन ही नहीं मध्य प्रदेश भी पूरे देश में कलंकित हुआ है। धर्म के नाम का सहारा लेकर राजनीति करने वाली भारतीय जनता पार्टी ने आज धर्म को भी भ्रष्टाचार का माध्यम बना दिया है। प्रदेश को भ्रष्टाचार प्रदेश बना दिया। मध्य प्रदेश में 15 वर्षों बाद कांग्रेस की सरकार बनी थी, साढे़ ग्यारह महीने हमारी सरकार को काम करने का मौका मिला और हमने अपनी नीति और नियत का परिचय दिया। हमने प्रदेश में कृषि क्षेत्र में नई क्रांति लाने की पहल की और पहली ही किस्त में 27 लाख किसानों का कर्जा माफ किया, अकेले महिदपुर में 93 हजार किसानों का कर्जा माफ किया, 100 रू. में 100 यूनिट बिजली दी, 1000 गौशालाओं का निर्माण कराया, रोजगार के नये अवसर सृजित करने की शुरूआत की लेकिन जनादेश का अपमान कर खरीद-फरोख्त कर धनबल और धोखे से भाजपा ने अपनी सरकार बना ली। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने आज मालवा की पवित्र भूमि को प्रणाम करते हुये भगवान महाकाल के चरणों मंे नमन करते हुये महिदपुर में आयोजित कांग्रेस की विशाल जनसभा को संबोधित करते हुये यह बातें कहीं। कांग्रेस नेत्री पूर्व विधायक दिवंगत कल्पना परूलेकर का भी स्मरण किया।
श्री कमलनाथ ने कहा कि हमने कभी बड़ी-बड़ी घोषणाओं में विश्वास नहीं किया, हमनें तो हमेशा सोचा कि जो भी हम जनता की भलाई और उनके हित में करेंगे, वह जनता देखेगी और जनता ही लोकतंत्र में असली न्यायाधीश है। लेकिन महिदपुर आकर बेहद खुशी होती है परंतु साथ-साथ दुख भी होता है कि आपके जिले में आज सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार है और भ्रष्टाचार तभी हो सकता है जब ऊपर बैठे हुए लोगों का हाथ हो, ऊपर बैठे हुए लोगों की हिस्सेदारी हो। शिवराज सिंह की 18 वर्षों की सरकार में 22 हजार घोषणाएं अधूरी हैं। मप्र देश में भ्रष्टाचार में नंबर वन, महिला अत्याचार में नंबर वन, बेरोजगारी में नंबर वन, अजा और अजजा वर्ग पर अत्याचार में नंबर वन, किसानों पर अत्याचार में नंबर वन है। इसलिए मध्य प्रदेश की जनता अब शिवराज सिंह जी को कुर्सी से उतार विदा करने के लिए तैयार बैठी है। भाजपा याद रखे कमलनाथ की चक्की धीरे पीसती है, पर बारीक पीसती है।
 श्री कमलनाथ ने कहा कि आखिर कौन सा गुनाह मैंने किया था, यदि मैंने मात्र साडे 11 महीने के अपने कार्यकाल में अपनी नीति और नियत का परिचय दिया। किसानों की भलाई के बारे में सोचा, कृषि क्षेत्र में एक नई क्रांति लाने का प्रयास किया, हमने 27 लाख किसानों का कर्जा माफ किया जिसमें से सिर्फ उज्जैन से ही हमने 93000 किसानों का कर्जा माफ किया था, कौन सी गलती मैंने की थी जब मैंने 100 रू. में 100 यूनिट बिजली देकर अपने प्रदेशवासियों को राहत देने का काम किया, शुद्व के लिए युद्ध अभियान चलाया, माफियाओं के खिलाफ अभियान चलाया, कौन सा गुनाह किया था जब हमने मात्र 10 महीने में ही गौमाता के लिए 1000 गौशालाएं बनाई थी, हमने माताओं बहनों की पेंशन बढ़ायी, किसान को हमनें खाद और बीज के लिए भटकने नहीं दिया? लेकिन आज प्रदेश के किसान को अपनी फसल के सही मूल्य और खाद बीज के लिए भटकना पड़ रहा है, परेशान होना पड़ रहा है। महिदपुर का बाजार और महिदपुर की दुकान तभी चलती है, जब किसानों की जेब में पैसा होता है, किसानों के पास क्रय शक्ति होती है।
श्री कमलनाथ ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान चुनाव आता देखकर साथ में नारियल लेकर चल रहे हैं, घोषणाओं पर घोषणाएं किए जा रहे हैं। यह सच्चाई है कि मैं शिवराज सिंह चौहान को नाचने गाने में नहीं हरा सकता, झूठ बोलने में नहीं हरा सकता, घोषणा करने में नहीं हरा सकता, परंतु सच्चाई में शिवराज सिंह चौहान को हरा सकता हूं।
श्री कमलनाथ ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान जी को आज 18 वर्षों बाद बहनों की याद आई, नौजवानों की याद आई और कर्मचारियों की याद आई। हर 10-11 महीनें में घोषणा करते हैं कि एक लाख नौजवानों को रोजगार देंगे। मैं तो कहता हूं शिवराज जी पहले जो हजारों की संख्या में रिक्त पद हैं, उन्हें भर दीजिए, पहले हमारे संविदा कर्मचारी, अतिथि शिक्षकों और ठेका श्रमिकों को नियमित कर दीजिए बाद में एक लाख रोजगार की बातें कीजिएगा। आये दिन कर्जा ले रहे हैं, मैं पूछना चाहता हूं कि क्या यह राशि संविदा कर्मचारी, अतिथि शिक्षकों को मिली? यह कर्जा तो केवल भ्रष्टाचार करने के लिए, बड़े-बड़े भाजपा के इंवेंट करने, झूठे प्रचार करने और कमीशन खोरी के लिए ली जा रही है, जिसे जनता देख रही है।
महिदपुर की जनसभा में मप्र कांग्रेस मोर्चा संगठनों की प्रभारी श्रीमती शोभा ओझा,  विधायक रामलाल मालवीय, महेश परमार, मुरली मोरवाल, नूरी खान, मनोज चावला, प्रेमचंद गुड्डू सहित अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेता और हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या मंे नागरिक उपस्थित थे।

लिखें और कमाएं

मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण । आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं । अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:

गौरव चतुर्वेदी

खबर नेशन

9009155999

 

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment