दस मामलों में संज्ञान
भोपाल, ‘‘दस मामलों में संज्ञान’’
मप्र मानव अधिकार आयोग के माननीय अध्यक्ष श्री मनोहर ममतानी ने ‘दस मामलों में संज्ञान’ लेकर संबंधितों से जवाब मांगा है।
खबर नेशन/ Khabar Nation
प्रयोगशाला में फेल हो रहे खाद्य पदार्थों की दोबारा नहीं होती जांच
भोपाल स्थित राज्यस्तरीय प्रयोगशाला में रखे खाद्य सामग्रियों के सैकड़ों नमूने जांच की कसौटी में खरे नहीं उतर पा रहे हैं। क्योंकि खाद्य सुरक्षा प्रशासन को ऐसे सेंपल की लगातार जांच करना चाहिए। पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी ऐसी जांच करना जरूरी नहीं समझते हैं। मामले में संज्ञान लेकर मप्र मानव अधिकार आयोग ने आयुक्त, खाद्य सुरक्षा, मप्र, भोपाल से प्रकरण की जांच कराकर नागरिकों को प्राप्त सुरक्षित खाद्य पदार्थोें की उपलब्धता के मौलिक/मानव अधिकारों के संरक्षण हेतु की गई कार्यवाही के संबंध में एक माह में जवाब मांगा है।
हमीदिया की 11 मंजिला इमारत में एक वाटर कूलर, मरीज हो रहे परेशान
भोपाल के हमीदिया अस्पताल की 11 मंजिला इमारत में सिर्फ एक वाटर कूलर लगा है। मरीजों और उनके परिजनों को पानी लेने के लिए इस 11 मंजिला भवन में ऊपर-नीचे होना पड़ रहा है। क्यों कि मरीजों और उनके परिजनों को पानी लेने के लिए चैथीं मंजिल पर आना पड़ता है। मामले में संज्ञान लेकर मप्र मानव अधिकार आयोग ने अधीक्षक हमीदिया अस्पताल, भोपाल से 11 मंजिला इमारत में मरीजों/परिजनों के लिए पेयजल/वाटर कूलर की सुचारू व्यवस्था के संबंध में की गई कार्यवाही के बारे में तीन सप्ताह में जवाब मांगा है।
प्रताड़ना से छह लाख कम में बेचना पड़ा मकान
भोपाल शहर में मतांतरण का दर्द झेल रहे एक युवक के स्वजनों को मजबूरी के कारण छह लाख रूपये कम में अपना मकान बेंचकर इलाका छोड़ना पड़ा। ईधर पुलिस ने मतांतरण के आरोपियों के मकान तोड़ने की कार्यवाही शुरू की तो उनके स्वजनों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। पीड़ितों का कहना है कि आरोपित उन्हें लगातार परेशान कर रहे थे। वे उन पर मांस खाने के लिये भी दबाव बनाने थे। मामले में संज्ञान लेकर मप्र मानव अधिकार आयोग ने पुलिस कमिश्नर, भोपाल से प्रकरण की जांच कराकर की गई कार्यवाही के संबंध में तीन सप्ताह में जवाब मांगा है।
हज हाउस: 4 लिफ्ट में से तीन 10 साल से बंद, एक का लंबे समय से मेंटेनेंस नहीं
भोपाल शहर के हज कमेटी के दफ्तर हज हाउस में बीते रविवार को लिफ्ट में 11 लोग बुरी तरह फस गये थे। बड़ी मसक्कत के बाद उन्हें निकाला जा सका। बताया गया कि हज हाउस में स्थापित चार लिफ्ट में से तीन लिफ्ट बीते दस साल से बंद है। एक का लंबे से कोई मेंटेनेंस नहीं किया गया है। कुल मिलाकर यह लिफ्ट उपयोग करने वालों के लिए एक परेशानी सबब बन गई है। मामले में संज्ञान लेकर मप्र मानव अधिकार आयोग ने कलेक्टर भोपाल से प्रकरण की जांच कराकर की गई कार्यवाही के संबंध में तीन सप्ताह में जवाब मांगा है।
सर्पदंश से चार साल की मासूम की मौत
इंदौर जिले के देहात के खुड़ेल थानाक्षेत्र के तिल्लोर में चार साल की अंजली की अज्ञात जहरीले जानवर के काट लेने से मौत हो गई। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे तो बालिका के शरीर पर सर्पदंश के निशान थे। मामले में संज्ञान लेकर मप्र मानव अधिकार आयोग ने कलेक्टर इंदौर से प्रकरण की जांच कराकर मृत बालिका की मृत्यु के संबंध में उसके परिजनों को शासन के नियमानुसार देय मुआवजा राशि के संबंध में की गई कार्यवाही के बारे में एक माह में जवाब मांगा है।
आॅनर किलिंग: मुरैना में युवती के पिता ने की थी युवक की हत्या
मुरैना जिले में आॅनर किलिंग का एक मामला सामने आया है। अंबाह थानाक्षेत्र के रतन बसई गांव निवासी शिवानी और मोजा बरबई निवासी छोटू उर्फ राधेश्याम एक दूसरे से प्रेम करते थे। दोनों 3 जून को घर से भाग गये थे। दोनों गुमशुदा थे। पुलिस ने युवती के पिता से पूछताछ की तो उसने युवक-युवती की हत्या कर दोनों के चंबल नदी में फेंकना बताया। मामले में संज्ञान लेकर मप्र मानव अधिकार आयोग ने पुलिस अधीक्षक, मुरैना से प्रकरण की जांच कराकर की गई कार्यवाही के संबंध में एम माह में जवाब मांगा है।
पिता द्वारा अपने मृत बच्चे को थैले में रखकर जबलपुर से डिण्डौरी ले जाने का मामला
जबलपुर शहर के मेडिकल काॅलेज में डिण्डौरी जिले के सहजपुर निवासी सुनील धुर्वे के दो दिन के बेटे ने दम तोड़ दिया था। बेटे के शव को 150 किमी दूर डिण्डौरी ले जाना था। सुनील ने मेडिकल काॅलेज प्रबंधन से शव वाहन मांगा, लेकिन नहीं मिला। प्राइवेट गाड़ी वाला चार से पांच हजार रूपये मांग रहा था। लिहाजा सुनील ने अपने बेटे के शव को एक हाथ थैले में ले लिया और चुपचाप बस में बैठकर शव को डिण्डौरी ले गया। मामले में संज्ञान लेकर मप्र मानव अधिकार आयोग ने कलेक्टर, सीएमएचओ एवं सीएमओ, डिण्डौरी से प्रकरण की जांच कराकर इस संबंध में तीन सप्ताह में स्पष्ट प्रतिवेदन मांगा है।
सामुहिक दुराचार की शिकायत करने वाली महिला फांसी के फंदे पर लटकी मिली
अनूपपुर जिले के पुष्पराजगढ़ के राजेन्द्र ग्राम थानाक्षेत्र के एक गांव में बीते शनिवार को एक महिला का शव एक पेड़ पर झूलता मिला। बताया जा रहा है कि मृत महिला ने गांव के ही तीन युवकों पर सामुहिक दुराचार का आरोप लगाया था। आरोपियों पर कार्यवाही की शिकायत लिये वह पुलिस के पास एक सप्ताह से भटक रही थी, लेकिन पुलिस ने उसकी शिकायत दर्ज नहीं की थी। इसी वजह से उसने आत्महत्या कर ली। मामले में संज्ञान लेकर मप्र मानव अधिकार आयोग ने डीआईजी अनूपपुर से प्रकरण की जांच कराकर की गई कार्यवाही के संबंध में तीन सप्ताह में जवाब मांगा है।
जेल से छूटे व्यापारी ने लगाई फांसी
इंदौर शहर में मोबाईल का व्यापार करने वाले एक व्यापारी ने भंवरकुआ इलाके की ग्रेंड लाॅज होटल में फांसी लगाकर जान दे दी। सुसाइड नोट में मृतक ने 2021 में दर्ज 40 लाख रूपये के गवन के केस का जिक्र कर कुछ पुलिसकर्मियों पर प्रताड़ना के आरोप लगाये हैं। मृतक ने लिखा है कि जेल से छूटने के बाद से पुलिस वाले उससे 20 लाख रूपये मांग रहे थे। मामले में संज्ञान लेकर मप्र मानव अधिकार आयोग ने पुलिस कमिश्नर, इंदौर से प्रकरण की जांच कराकर की गई कार्यवाही के संबंध में तीन सप्ताह में जवाब मांगा है।
थाने में पिता-पुत्र को पीटा, 7 पुलिसकर्मियों समेत डाॅक्टर पर केस
सतना जिले में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी ने पिता-पुत्र की थाने में मारपीट की शिकायत को संज्ञान में लेते हुए सात पुलिसकर्मियों समेत एक डाॅक्टर पर केस दर्ज किया है। मामला जेंतवारा थाने का है। यहां शिकायत पर जमानती अपराध का केस था। इसमें पुलिस ने पिता और पुत्र को गिरफ्तार कर उन्हें बुरी तरह पीटा और फिर मेडिकल कराकर कोर्ट में पेश भी कर दिया। कोर्ट में पिता-पुत्र ने उनके साथ मारपीट होने की बात कही थी। मामले में संज्ञान लेकर मप्र मानव अधिकार आयोग ने एसपी सतना से तीन सप्ताह में जवाब मांगा है।
लिखें और कमाएं
मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण । आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं । अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999