नाना पटवारी विवाद पर भाजपा का पलटवार, बोली- कानून से ऊपर कोई नहीं, जांच में सहयोग करें सभी
भोपाल: ड्रग्स मामले में पुलिस की कार्रवाई के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी के पुलिस से कथित विवाद को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। इस पूरे घटनाक्रम पर भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और जांच एजेंसियों के साथ सहयोग करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
पुलिस कार्रवाई को राजनीतिक रंग देने का आरोप
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता वैभव शुक्ला ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई के दौरान सामने आए वीडियो कई सवाल खड़े करते हैं। उनका कहना है कि कानून का सम्मान करने के बजाय पुलिस से बहस करना और बाद में पूरे मामले को राजनीतिक रंग देना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि किसी भी जांच एजेंसी के साथ सहयोग करना हर नागरिक का कर्तव्य है, चाहे वह किसी भी राजनीतिक दल या प्रभावशाली परिवार से जुड़ा हो।
कानून सभी के लिए समान: भाजपा
वैभव शुक्ला ने कहा कि मध्यप्रदेश में कानून का राज है और कानून सभी नागरिकों पर समान रूप से लागू होता है। उन्होंने कहा कि आम व्यक्ति हो या किसी बड़े राजनीतिक दल के प्रदेश अध्यक्ष का परिजन, पुलिस तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर अपना दायित्व निभा रही है।
कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा का जवाब
भाजपा ने कांग्रेस द्वारा पूरे घटनाक्रम को राजनीतिक रंग दिए जाने पर भी आपत्ति जताई। वैभव शुक्ला ने कहा कि यदि किसी पुलिस कार्रवाई को लेकर किसी को आपत्ति है तो उसका समाधान न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से किया जाना चाहिए, न कि जांच एजेंसियों और पुलिस पर अनावश्यक सवाल उठाकर।
दोषी या निर्दोष होने का फैसला अदालत करेगी
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि पार्टी किसी को पहले से दोषी नहीं ठहरा रही है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के दोषी या निर्दोष होने का अंतिम निर्णय न्यायालय ही करेगा। लेकिन जांच प्रक्रिया में सहयोग करना और कानून का सम्मान करना सभी की जिम्मेदारी है।
भाजपा का संदेश: कानून सर्वोपरि
वैभव शुक्ला ने कहा कि भाजपा का स्पष्ट मत है कि मध्यप्रदेश में कानून सर्वोपरि है। कोई भी व्यक्ति, परिवार या राजनीतिक दल कानून से ऊपर नहीं हो सकता। कानून अपना कार्य करेगा और न्यायालय अपने विवेक के अनुसार अंतिम निर्णय देगा।
नाना पटवारी विवाद पर भाजपा का पलटवार, बोली- कानून से ऊपर कोई नहीं, जांच में सहयोग करें सभी