मतदाता सूची के दावे-आपत्तियो का काम पूरा, अब हो रही स्क्रूटनी
अर्पित उपाध्याय/खबर नेशन/ Khabar Nation
विदिशा। आगामी नगर पालिका निकाय चुनाव के लिए मतदाता सूची का अद्यतन का काम जोरों पर है। पिछले कुछ दिनों से दावे आपत्तियों के लिए आवेदन मंगाए गए थे। उन्हीं आवेदनों पर अब स्क्रूटनी का काम किया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर कांगे्रस शासनकाल में किए गए परिसीमन के रद्द होने के बाद स्थानीय निर्वाचन से जुड़े बीएलओ और तमाम अधिकारियों को कसरत ज्यादा करनी पड़ रही है।
27-28 सितंबर से शुरू हुई अद्यतन प्रक्रिया जिसमें सभी बीएलओ को निकाय क्षेत्र में नाम जुड़वाने ई-1, नाम कटवाने ई-2, नाम में संशोधन कराने ई-3 फार्म दावे आपत्ति के रूप में भरवाए गए थे। यह प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब इन फार्मों की स्क्रूटनी की जा रही है। इसके बाद मतदाता सूची का अंतरिम प्रकाशन किया जाएगा। जनपद पंचायत विदिशा सभागार में तमाम बीएलओ के साथ एसडीएम गोपालसिंह वर्मा, तहसीलदार केएन ओझा, नायब तहसीलदार और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में इस प्रक्रिया की शुरूआत की गई।
परिसीमन हुआ रद्द
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस शासनकाल में नगर पालिका विदिशा में परिसीमन किया गया था। जिसमें कई वार्डों का नक्शा बदल गया था। भाजपा का आरोप था कि कांगे्रस ने अपने नेताओं के हिसाब से वार्डों को बदलवाया था। इसका पुरजोर विरोध भी किया गया था। कांगे्रस इस परिसीमन को सही बता रही थी। इधर सरकार बदलने के बाद उस दौरान किए गए परिसीमन को रद्द कर दिया गया। जिसकी वजह से अब अधिकारियों को तमाम बीएलओ को ज्यादा मशक्कत करनी पड़ रही है। परिसीमन के पहले की स्थिति के हिसाब से ही आगे की गतिविधि की जा रही है।