मुख्यमंत्री श्री चौहान ने विमानतल पर की जन-प्रतिनिधियों और अधिकारियों से चर्चा

खबर नेशन / Khabar Nation 
ग्वालियर जिले में वर्षा की स्थिति की ली जानकारी
भोपाल :
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बाढ़ प्रभावित गाँवों का जायजा लेने के बाद रात्रि लगभग 11.15 बजे ग्वालियर विमानतल पर पहुँचे। उन्होंने यहाँ पर ग्वालियर जिले के जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर ग्वालियर जिले में हुई वर्षा के बारे में जानकारी ली। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाँधों एवं नदियों के बढ़ते हुए जल स्तर पर नजर रखें और एहतियात बतौर बाढ़ एवं अतिवृष्टि से निपटने के लिये 24 घंटे पुख्ता इंतजाम रहें।

कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने जानकारी दी कि जिले में अभी तक लगभग 503 एमएम औसत वर्षा हुई है। जिले में वर्तमान में कहीं भी बाढ़ की स्थिति निर्मित नहीं हुई है। फिर भी एहतियात बतौर राजस्व, किसान कल्याण एवं कृषि विकास एवं अन्य संबंधित विभागों के मैदानी अमले को सतर्क कर दिया गया है। साथ ही संभावित बाढ़ से निपटने के लिये एहतियात बतौर सभी प्रकार के इंतजाम किए गए हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार को वायुमार्ग से सायंकाल लगभग 6.30 बजे राजमाता विजयाराजे सिंधिया विमानतल महाराजपुरा पहुँचे थे। यहाँ से उन्होंने हैलीकॉप्टर द्वारा मुरैना पहुँचकर बाढ़ प्रभावित गाँवों का जायजा लिया। साथ ही जिला मुख्यालय मुरैना पर अधिकारियों की बैठक लेकर बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत मुहैया कराने के लिये किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की। उद्यानिकी व खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं मुरैना जिले के प्रभारी मंत्री भारत सिंह कुशवाह भी मुख्यमंत्री के साथ मुरैना जिले के भ्रमण पर गए थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान इसके बाद रात्रि लगभग 11.15 बजे वापस ग्वालियर विमानतल पहुँचे और यहाँ पर जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ चर्चा करने के बाद रात्रि लगभग 11.30 बजे राज्य मंत्री श्री कुशवाह के साथ राजकीय विमान द्वारा भोपाल के लिए प्रस्थान किया।

विमानतल पर नगर निगम के सभापति मनोज सिंह तोमर, भाजपा जिला अध्यक्ष कमल माखीजानी, सुमन शर्मा व सर्व विनोद शर्मा, दीपक शर्मा व राजू सेंगर सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद थे। साथ ही संभाग आयुक्त आशीष सक्सेना, पुलिस महानिदेशक ग्वालियर डी श्रीनिवास वर्मा व अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक मुरैना राजेश चावला, कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित सांघी, नगर निगम आयुक्त किशोर कान्याल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आशीष तिवारी, एडीएम इच्छित गढ़पाले व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिनव चौकसे सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

लिखें और कमाएं 
मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण । आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं । अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन

9009155999 

 

 

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment