जरूरतमंदों को सस्ती कीमत पर मकान मिलने के तरीके खोजने की जरूरत- श्री डिसा
सभी के लिये आवास के सपने को साकार करने वाला एक्ट है रेरा
मुम्बई में दूसरे "राष्ट्रीय किफायती आवास सम्मेलन" में रेरा अध्यक्ष श्री ॲन्टोनी डिसा
खबर नेशन / Khabar Nation
भोपाल:- म.प्र. भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (रेरा) अध्यक्ष श्री ॲन्टोनी डिसा ने कहा है कि सभी आवासीय जरूरतमंदों को सस्ती कीमत पर मकान मिले, इसके लिये मकानों की कीमत कम करने के तरीके खोजने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि रियल एस्टेट क्षेत्र में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से सभी के लिये आवास के सपने को साकार करने में रेरा एक्ट की महत्वपूर्ण भूमिका है। श्री डिसा मुम्बई में दूसरे "राष्ट्रीय किफायती आवास सम्मेलन" में मुख्य वक्ता के रूप में बोल रहे थे। श्री डिसा ने कहा कि अभिनव कम लागत के आवास की तकनीक पर ध्यान देने के साथ ही किफायती और टिकाऊ आवास के निर्माण को प्रोत्साहित करना होगा। अगर हम किफायती आवास की बात करते हैं तो हमें ईडब्लूएस और एलआईजी मकानों की कीमत कम करने के तरीके भी खोजने होंगे। आवास का मूल्य आधा होना चाहिए तभी हम कह सकते हैं कि सस्ते मकान है। श्री डिसा ने कहा कि रेरा एक्ट की सफलता के लिये घर खरीदारों को एक्ट के प्रति जागरूक करना जरूरी है।
श्री डिसा ने कहा कि राज्यों में रेरा एक्ट की सफलता राज्य शासन और प्राधिकरण की एक्ट के प्रति कटिबद्धता और समस्याओं के सकारात्मक सोच से निराकरण पर निर्भर है। रेरा अध्यक्ष ने कहा कि रियल एस्टेट क्षेत्र विकास के लिये एक कारगर रणनीति की जरूरत है।
श्री डिसा ने मध्यप्रदेश में रेरा एक्ट के बेहतर क्रियान्वयन का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश रेरा में सूचना-संचार तकनीक के उपयोग में न केवल उद्देश्य को पूर्ण किया है बल्कि वह उससे भी आगे बढा है। प्रदेश में रेरा की कार्य-प्रणाली में इस तकनीक के उपयोग के अच्छे सकारात्मक परिणाम भी मिले है। वर्तमान में देश के अनेक राज्यों के रेरा प्राधिकरण के साफ्टवेयर म.प्र के साफ्टवेयर पर बेस्ड है।
इस मौके पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी, स्लम पुनर्वास प्राधिकरण मुंबई, महाराष्ट्र सरकार श्री दीपक कपूर, अध्यक्ष महाराष्ट्र जल संसाधन विनियामक प्राधिकरण श्री के पी बख्शी, उपाध्यक्ष और मुख्य कार्यपालन अधिकारी महाराष्ट्र आवास क्षेत्र विकास प्राधिकरण श्री मिलिंद माहेश्कर, संयुक्त अध्यक्ष, महाराष्ट्र आवास विकास निगम लिमिटेड, श्री राजेंद्र मिरगाने, प्रबंध निदेशक, आर एंड डीबी, भारतीय स्टेट बैंक श्री पीके गुप्ता सहित देश के अन्य राज्यों के प्रतिनिधि मौजूद थे।