पन्ना के गुन्नोर और पवई विधानसभा में पहुंची समरसता यात्रा
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने समरसता यात्रा के माध्यम से समाज और देश को एक सूत्र में जोड़ने का काम किया
पार्टी नेताओं के कहा संत शिरोमणि श्री रविदास जी का संदेश ही सामाजिक समरसता यात्रा का संदेश
खबर नेशन/ Khabar Nation
भोपाल। संत रविदास के संदेश और जीवन मूल्यों के प्रति समाज में जागरूकता लाने के उद्देश्य से प्रदेश के विभिन्न स्थान से निकाली जा रही समरसता यात्राएँ 12 अगस्त को सागर पहुँचेंगी, जहाँ प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी संत रविदास मंदिर निर्माण का शिलान्यास करेंगे। यात्राओं ने 9वें दिन 3 अगस्त को राजगढ़, खंडवा, ग्वालियर, नरसिंहपुर और पन्ना जिले की विधानसभाओं में सद्भावना का संदेश दिया। पार्टी नेताओं ने समरसता यात्रा का शामिल होकर संत रविदास की चरण पादुका और गंगाजल कलश की पूजा-अर्चना की और उपस्थित संतों को सम्मानित किया। जनसंवाद को सम्बोधित करते हुए उपस्थित संत जनों और पार्टी नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने संत रविदास समरसता यात्रा के माध्यम से समाज और देश को एक सूत्र में जोड़ने का काम किया है।
समरसता यात्रा के 9वें दिन गुरुवार को राजगढ़ जिले में सारंगपुर में विधायक श्री कुवर कोठार, पन्ना में गुन्नोर-पवई पूर्व विधायक श्री राजेश वर्मा, नरसिंहपुर के करेली में स्वामी अखिलेश्वरानन्द गिरी महाराज और जन अभियान परिषद् उपाध्यक्ष डॉ जितेन्द्र जामदार, खण्डवा के मान्धाता में विधायक श्री नारायण पटेल ने और ग्वालियर में पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री नारायण सिंह कुशवाह व जिलाध्यक्ष अभय चौधरी ने समरसता यात्रा का स्वागत किया।
समरसता यात्रा का सारंगपुर में हुआ आत्मीय स्वागत, नागरिकों ने पादुकाओं दर्शन किए तथा पूजा अर्चना
नीमच से प्रारंभ हुई समरसता यात्रा आगर- मालवा होते हुए गुरुवार को राजगढ़ जिले के सारंगपुर पहुंची। जहाँ यात्रा ने समरसता का संदेश देते हुए गांव-गांव की मिट्टी और हर देहरी का जल एकत्रित किया। सारंगपुर पहुंचने पर समरसता यात्रा का विधायक श्री कुवर कोठार, नगर पालिका अध्यक्ष श्री पंकज पालीवाल ने आत्मीयता के साथ भव्य स्वागत किया। सारंगपुर के कोलीवाड़ा स्थित संत रविदास मंदिर में रविदास जी की पूजा अर्चना के बाद नगर में समरसता यात्रा निकाली गई। रविदास के जयकारे लगाते हुए नगर में यात्रा ने भ्रमण किया। नगर भ्रमण के दौरान अनेक सामाजिक मंचों, व्यापारिक मंचों, समुदायों द्वारा पुष्प वर्षा की गई तथा चरण पादुका पूजा अर्चना की। इस दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों ने चरण पादुका की पूजा अर्चना की और संत रविदास की जयकारे लगाए। समरसता यात्रा सारंगपुर नगर के न्यू बस स्टैंड रोड, भीरू दरवाजा रोड, बस स्टेंड, प्रमुख मार्गो से होते हुए राठी मांगलिक भवन पहुंचीं। यहा जनसंवाद का कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जनसंवाद कार्यक्रम में संत श्री पवन दास महाराज विधायक सारंगपुर श्री कुवर कोठार, नगर पालिका अध्यक्ष श्री पंकज पालीवाल एवं पूर्व विधायक श्री गौतम टेटवाल ने कहा कि समाज में एकता और समरसता बनाये रखने प्रदेश की भाजपा सरकार की ओर से बड़ा प्रयास है।
मान्धाता और बडवाह विधानसभा में नागरिकों ने जगह-जगह पुष्प-वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया
धार जिले के माण्डव से 25 जुलाई को प्रारंभ हुई समरसता यात्रा ने गुरुवार को खण्डवा जिले की मान्धाता विधानसभा के विभिन्न स्थानों पर सदभावना संदेश दिया। यात्रा ने जिले के मान्धाता विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गुराडिया से प्रवेश किया। भाजपा के जिलाध्यक्ष श्री सेवादास पटेल और विधायक श्री नारायण पटेल ने ग्रामीणों के साथ संत रविदास जी के पादुका एवं कलश का पूजन-अर्चन कर यात्रा का शुभारंभ किया। नागरिकों ने जगह-जगह हर्षोल्लास के साथ पुष्प-वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। यात्रा के दौरान जन-संवाद के माध्यम से संत रविदास के संदेश एवं दर्शन को जनता तक पहुँचाया गया।। समरसता यात्रा ने गुराडिया से मोहद, मुंदी, अटूर, सुलगांव होते हुए मोटक्का से खरगोन जिले की बडवाह विधानसभा में प्रवेश किया। यहाँ बडवाह विधायक श्री सचिन बिड़ला ने यात्रा की अगवानी की। मुंदी के मांगलिक भवन में यात्रा के जनसंवाद कार्यक्रम को संत श्री नर्मदानंद जी महाराज, जिलाध्यक्ष श्री सेवादास पटेल और विधायक श्री नारायण पटेल ने संबोधित किया। मुंदी के अनुसूचित जाति छात्रावास के छात्रों के साथ यात्रा में शामिल जनप्रतिनिधियों और लोगों ने भोजन किया। यात्रा में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कंचन तन्वे, श्री सूरजपाल सिंह सोलंकी, श्री गंगा प्रसाद यादव, श्री अमर यादव, श्री बप्पी नरवाले, सहित जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और विभिन्न समाजों के गणमान्यजन शामिल हुए।
पलक पांवड़े बिछाकर शहरवासियों ने किया संत श्री रविदास रथ यात्रा का स्वागत
संत शिरोमणि रविदास महाराज जी के मंदिर के निर्माण के लिये श्योपुर से प्रारंभ हुई समरसता यात्रा गुरुवार को ग्वालियर के रामाजी पुरा से पूजन अर्चन के साथ आगे रवाना हुई। भाजपा जिलाध्यक्ष श्री अभय चौधरी, पूर्व मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह ने यात्रा की अगवानी करते हुए संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की चरण पादुकाओं को अपने सिर पर धारण कर ग्वालियरवासियों की ओर से सम्मान व श्रद्धाभाव प्रकट किया। यात्रा में बांस शिल्प बोर्ड के अध्यक्ष एवं रथयात्रा प्रभारी श्री घनश्याम पिरौनिया और हरिद्वार की साध्वी सुश्री रंजना दीदी भी साथ में चल रही थी।
समरसता यात्रा ग्वालियर दक्षिण विधानसभा के गेंडे वाली सड़क, काजल टॉकीज, दौलतगंज होते हुए महाराज बाड़ा पहुंची जहां से हनुमान चौराहा लक्ष्मीगंज तिराहा, गोल पहाड़िया चौकी पहुंची जहाँ जनसंवाद हुआ। जिसे पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री नारायण सिंह कुशवाह, रथयात्रा प्रभारी श्री घनश्याम पिरोनिया एवं हरिद्वार की साध्वी सुश्री रंजना दीदी, पूर्व महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता ने संबोधित किया। स्वागत भाषण पूर्व सभापति राकेश माहौर ने दिया। इस अवसर पर दुकानदारों, व्यापारियों सहित शहर वासियों ने समरसता यात्रा का जगह जगह आतिशबाजी चलाकर, पुष्प वर्षा कर, गगनभेदी नारों के साथ भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी श्री जवाहर प्रजापति, अजा मोर्चा के प्रदेश मंत्री श्री धर्मेंद्र आर्य, श्री मनीष राजौरिया सहित बड़ी संख्या में लोग यात्रा में शामिल हुए।
समाज में एकता और समरसता बनाये रखने के लिए यात्रा प्रदेश सरकार का बड़ा प्रयासः अखिलेश्वरानंद गिरी
बालाघाट से प्रारंभ हुई समरसता यात्रा ने 2 अगस्त को नरसिंहपुर विधानसभा के विभिन्न स्थानों पर सद्भावना संदेश दिया। गो-संवर्धन बोर्ड के अध्यक्ष स्वामी अखिलेश्वरा नंद गिरि जी महाराज, जन अभियान परिषद प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ जितेंद्र जामदार,श्री छिपेश्वर महाराज सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने चरण पादुका पूजन कर करेली से यात्रा को रवाना किया। प्रातः करेली से होती हुई यात्रा ने ग्राम करपगाँव, शाहपुर, बटेसरा, चिकसा, नवास, टिकटोली, नारगी, माल्हनवाड़ा, पनारी, खड़ई, मचवारा, इमलिया कल्याणपुर, मनकवारा, नयागांव, सिहोरा, पुरगवाँ, बम्होरी, ठुठी, बोहानी, कौड़िया भ्रमण कर समरसता का संदेश दिया। गाडरवाडा पहुँचने पर जनसंवाद हुआ। मध्यप्रदेश गौ-संवर्धन बोर्ड के अध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी श्री अखिलेश्वरानंद गिरी जी महाराज ने जनसंवाद को संबोधित करते हुए कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा हमारी वैभवशाली संस्कृति और सर्वोच्च परम्पराओं, आध्यात्मिक मूल्यों को संरक्षित कर गौरवशाली इतिहास से परिचय कराया जा रहा है। समाज में एकता और समरसता बनाये रखने शासन की ओर से बड़ा प्रयास है। उन्होंने कहा कि 12 अगस्त को देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी सागर में 100 करोड़ से अधिक लागत के संत रविदास जी के भव्य मंदिर के निर्माण की आधार शिला रखेंगे। हम सब अपने गांव की मिट्टी और जल लेकर इस गौरवशाली क्षणों के साक्षी बनने सहभागी होने का प्रयास करें। जन अभियान परिषद् के उपाध्यक्ष डॉ जितेन्द्र जामदार ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
पन्ना के गुन्नोर और पवई विधानसभा में पहुंची समरसता यात्रा
सिंगरौली से प्रारंभ हुई समरसता यात्रा 3 अगस्त को पन्ना जिले के गुनौर के जनपद चौराहे से शुरू हुई। यहाँ स्थानीय जन-प्रतिनिधियों सहित ग्रामवासियों ने ढोल नगाड़े और कलश यात्रा के साथ पुष्प-वर्षा कर समरसता यात्रा का भव्य स्वागत किया। यहाँ से यात्रा ने नगर भ्रमण किया। भाजपा के जिलाध्यक्ष श्री राम बिहारी चौरसिया, पूर्व विधायक श्री राजेश वर्मा, श्री धर्मेन्द्र तिवारी, धर्मेन्द्र अवधिया, राजेन्द्र चौबे सहित ग्रामीणों ने श्री संत रविदास के चित्र पर माल्यार्पण व पूजन-अर्चन कर गाँव की पवित्र मिट्टी और जल-कलश भेंट किया। नगर भ्रमण के पश्चात यात्रा झुमरा, पटना कलां और शंकरगढ़ होते हुए पवई विधानसभा के पडरिया पहुंची। पडरिया में स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर समरसता यात्रा की अगवानी की और ग्रामीणों के साथ संत रविदास जी की चरणपादुका का पूजन कर अपने सिर पर धारण किया। पडरिया में जन-संवाद कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को यात्रा के उद्देश्य एवं सामाजिक समरसता के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
लिखें और कमाएं
मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण । आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं । अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999