पंद्रहवे दिन समरसता यात्रा बैतूल, सीहोर, जबलपुर, निवाड़ी और गुना जिले की विधानसभाओं में पहुंची
सामाजिक समरसता की अनोखी मिशाल बनी संत शिरोमणि श्री रविदास जी समरसता यात्रा
यात्रा के आगमन पर समाज के सभी वर्गों के लोगों ने मिलकर किया भव्य स्वागत
खबर नेशन/ Khabar Nation
भोपाल। प्रदेश सरकार संत शिरोमणि संत श्री रविदास जी महाराज के भव्य मंदिर का निर्माण सागर जिले में लगभग 102 करोड़ रूपए की लागत से करने जा रही है। मंदिर के निर्माण और समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी की सरकार द्वारा निकाली जा रही संत शिरोमणि श्री रविदास जी समरसता यात्रा पंद्रहवे दिन मंगलवार को बैतूल, सीहोर, जबलपुर, निवाड़ी और गुना जिले की विधानसभाओं में पहुंची। यात्राओं का मार्ग में ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान जनसंवाद कार्यक्रम को पार्टी नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने संबोधित करते हुए कहा कि संत शिरोमणि श्री रविदास जी के बताएं मार्ग पर चलकर केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार गरीब कल्याण के मिशन पर काम कर रही हैं।
अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष यात्रा में हुए शामिल
श्योपुर से प्रारंभ यात्रा मंगलवार को गुना पहुंची। गुना पहुँचने पर यात्रा का राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुसूचित जाति मोर्चा श्री लाल सिंह आर्य, बांस एवं शिल्प बोर्ड अध्यक्ष श्री घनश्याम पिरोनिया और स्थानीय पार्टी पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। शुभ विदाई गार्डन जिला पंचायत विश्राम गृह गुना में जनसंवाद हुआ। कार्यक्रम के प्रारंभ में शारदा शरण जागरण मंडल द्वारा रविदास जी के जीवन पर आधारित भजनों की प्रस्तु ति दी गयी और संत श्री रविदास जी के जीवन वृत्तांत का उल्ले ख किया गया इसके पश्चारत कन्या् पूजन एवं संत श्री रविदास जी के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किये गये।
जनसंवाद को संबोधित करते हुए अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री लाल सिंह आर्य ने कहा कि सागर में संत शिरोमणि श्री रविदास जी मंदिर एवं कला संग्रहालय के निर्माण के लिए प्रदेश के विभिन्न स्थानों से समरसता यात्राएं रवाना हुई है। यह यात्राएं प्रदेश के विभिन्न स्थानों से होते हुए 12 अगस्त को सागर पहुंचेगी, जहां संत शिरोमणि श्री रविदास जी के मंदिर का शिलान्यास प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के सबसे पिछड़े व्यक्ति को ध्यान में रखकर बनाई जा रही है। इन योजनाओं से समाज का हर व्यक्ति लाभान्वित हो रहा है।
सीहोर में हुआ यात्रा का भव्य स्वागत
नीमच से प्रारंभ हुई संत शिरोमणि रविदास समरसता यात्रा मंगलवार को सीहोर पहुंची। सीहोर क्रिसेंट चौराहा पहुंचने पर विधायक श्री सुदेश राय, नगरपालिका अध्यक्ष श्री प्रिंस राठौर सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने भव्य स्वागत कर उनकी चरण पादुकाओ का पूजन किया। आष्टा से समरसता यात्रा के साथ विधायक श्री रघुनाथ मालवीय तथा जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गोपाल सिंह इंजीनियर सीहोर तक आए। समरसता यात्रा भेरूंदा पहुंची जहां नागरिकों ने भविष्य स्वगत किया इसके पहले ग्राम काकड़खेड़ा, इछावर, नादान, लाडकुई मैं यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। नागरिकों ने चरण पादुका का पूजन किया तथा पुष्प वर्षा कर समरस यात्रा का आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया।
संत शिरोमणि श्री रविदास जी राष्ट्र की धरोहर - कैरो
धार से प्रारंभ यात्रा मंगलवार को बैतूल जिले में प्रवेश किया। बैतूल जिले में प्रवेश पर गवासेन, चिचोली, जीन दनोरा, खेड़ी सांवलीगढ़, भडूस एवं बैतूल नगर के कारगिल चौक पर यात्रा का पुष्प वर्षा से भव्य स्वागत किया गया। जगह-जगह ढोल-बाजे के साथ कलश यात्रा निकाली गई। ग्राम जीन दनोरा में संत शिरोमणि श्री रविदास जी के प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया एवं पादुका पूजन किया गया। टिकारी स्थित संत शिरोमणि श्री रविदास जी गुरू घर पर भी पूजन-अर्चन कर पादुका पूजन किया गया।
ग्राम खेड़ी सांवलीगढ़ एवं बैतूल के टिकारी स्थित संत शिरोमणि श्री रविदास जी गुरू घर परिसर में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में संबोधित करते हुए यात्रा के प्रभारी श्री सूरज जी केरो और यात्रा के सह प्रभारी व अनुसूचित जाति एवं वित्त विकास निगम के अध्यक्ष श्री सावन सोनकर ने कहा कि संत शिरोमणि श्री रविदास जी राष्ट्र की धरोहर है। उन्होंने हिन्दू परंपरा को आगे बढ़ाया है। यात्रा का उद्देश्य सभी में समरसता की भावना पैदा करना है। समरसता यात्रा के माध्यम से संत शिरोमणि श्री रविदास जी के मंदिर के निर्माण के लिए पवित्र जल एवं मिट्टी भी कलशों में एकत्रित की जा रही है। कार्यक्रम के दौरान संत किशनलाल जी महाराज, मीडिया सेल प्रभारी श्री नितेश खांडेकर, श्री ओमकार टिटारे, श्री किशोर मोहबे, उपाध्यक्ष जिला पंचायत श्री हंसराज धुर्वे सहित अन्य सामाजिक प्रतिनिधि एवं समाजसेवी मौजूद रहे।
संत रविदास मंदिर निर्माण समरसता यात्रा का पूर्व और केंट विधानसभा में हुआ भव्य स्वागत
संत रविदास मंदिर निर्माण हेतु निकाली जा रही समरसता यात्रा मंगलवार को जबलपुर की पूर्व विधानसभा एवँ केंट विधानसभा में निकाली गई। भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा यात्रा का जगह जगह मंच लगाकर स्वागत किया गया। समरसता यात्रा घमापुर चौक से प्रारंभ हुई जो भानतलैया, बड़ी खेरमाई, दुर्गा चौक, मथुरा की बाड़ी, सिंधी केम्प, सिद्धबाबा, झामनदास चौक, बम्बा देवी, शीतलामाई, कांचघर होते हुए चुंगी चौकी पहुँची जहाँ जनसंवाद कार्यक्रम को संतजनों ने संबोधित किया यात्रा में मप्र जनअभियान परिषद उपाध्यक्ष डॉ जितेंद्र जामदार, नगर अध्यक्ष प्रभात साहू, विधायक अशोक रोहाणी, पूर्व विधायक अंचल सोनकर, डॉ पवन स्थापक, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज, रत्नेश सोनकर, यात्रा प्रभारी राजेश मिश्रा, शिवराम बेन, माइकल कपूर, पंकज मिश्रा, शिवा चौधरी, मंडल अध्यक्ष योगेश लोखंडे, दामोदर सोनी, राहुल दुबे, गुड्डा केवटआदि बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने यात्रा में शामिल होकर स्वागत किया।
सिंगरौली से प्रारंभ हुई समरसता यात्रा मंगलवार को निवाड़ी जिले की विधानसभाओं में पहुँची। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों ने सिर पर चरण पादुका रखकर समरसता यात्रा में भागीदारी की। जन-प्रतिनिधियों सहित नगरवासियों के साथ ढोल नगाड़े और कलश यात्रा के जरिए और पुष्प-वर्षा कर समरसता यात्रा का भव्य स्वागत किया। इसके बाद ग्राम अंचल में समरसता यात्रा के पहुँचने पर बड़ी संख्या में नागरिकों ने संत रविदास जी के जयकारे लगाये। यात्रा के दौरान रविदास जी के चित्र पर माल्यार्पण व पूजन-अर्चन कर गाँव की पवित्र मिट्टी और जल भी कलश संग्रहित किये गये। जन-संवाद के माध्यम से लोगों को यात्रा के उद्देश्य एवं सामाजिक समरसता के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
लिखें और कमाएं
मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण । आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं । अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999