भोपाल में विकास कार्यों पर उठे सवाल, दिशा समिति की बैठक में नगर निगम को जनप्रतिनिधियों ने घेरा
भोपाल: राजधानी भोपाल में विकास कार्यों और अधूरी परियोजनाओं को लेकर शुक्रवार को कलेक्टर कार्यालय में आयोजित दिशा समिति की बैठक में जनप्रतिनिधियों ने नगर निगम के अधिकारियों से तीखे सवाल किए। बैठक के दौरान शहर में बार-बार होने वाली सड़क खुदाई, अमृत 2.0 योजना की धीमी प्रगति और विभिन्न विकास कार्यों में समन्वय की कमी को लेकर नाराजगी जताई गई।
बिना समन्वय सड़क खुदाई पर विधायक नाराज
दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि शहर में बिना किसी समन्वय के कहीं भी सड़कें खोद दी जाती हैं। एक विभाग सड़क बनाता है और कुछ ही समय बाद दूसरी एजेंसी पाइपलाइन या अन्य कार्यों के नाम पर उसी सड़क को दोबारा खोद देती है। इससे आम लोगों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अमृत 2.0 योजना के कार्यों पर भी सवाल
बैठक में अमृत 2.0 योजना के तहत चल रहे कार्यों की धीमी गति और अधूरे प्रोजेक्ट्स को लेकर भी चिंता जताई गई। जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों से परियोजनाओं की प्रगति और तय समयसीमा में कार्य पूरा करने को लेकर जवाब मांगा।
नगर निगम आयुक्त ने मानी कमियां
नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने बैठक के दौरान विकास कार्यों में मौजूद कुछ कमियों को स्वीकार किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा और जिन परियोजनाओं में देरी हो रही है, उन्हें जल्द पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
बैठक में कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
दिशा समिति की बैठक में भोपाल सांसद आलोक शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी, कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद, आतिफ अकील, भोपाल कलेक्टर सहित नगर निगम और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में शहर के विकास कार्यों की समीक्षा के साथ लंबित परियोजनाओं को समय पर पूरा करने पर भी चर्चा की गई।
भोपाल में विकास कार्यों पर उठे सवाल, दिशा समिति की बैठक में नगर निगम को जनप्रतिनिधियों ने घेरा