बाढ़ पानी के साथ कोरोना को भी बहा ले जाएं:सीएम


सीएम शिवराजसिंह चौहान ने गणेश मंदिर में की पूजा अर्चना , भगवान से की प्रार्थना

खबर नेशन / Khabar Nation

विदिशा। रविवार को सीएम शिवराज सिंह चौहान विदिशा आए। उन्होंने बाढ़ वाले गणेश मंदिर पर पूजा अर्चना करने के साथ भगवान से प्रार्थना करते हुए कहा कि इस बाढ़ के पानी के साथ कोरोना को भी बहा ले जाओ। 
पिछले सात दिनों से चले आ रहे गणेशोत्सव में रंगई स्थित बाढ़ वाले गणेश मंदिर में विशेष पूजा अर्चना का दौर चल रहा है। उसी में शामिल होने प्रदेश के मुखिया शिवराजसिंह चौहान रविवार को विदिशा पहुंचे। एसएटीआई में हेलीपेड पर उतरने के बाद वे सीधे रंगई स्थित बाढ़ वाले गणेश मंदिर पहुंचे। जहां उन्होंने भगवान गणेश की पूजा अर्चना के साथ हवन में पूर्णाहुति दी और उनकी आरती उतारी। इसके बाद भंडारे में कन्याओ को भोजन प्रसादी वितरित करने के साथ खुद प्रसाद ग्रहण किया। 
मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में अधिकांश जिलों में बाढ़ की गंभीर स्थिति बनी हुई है। आगामी दिनों में पश्चिमी मध्यप्रदेश में भारी बारिश की संभावना है। जिससे उन जिलो में अलर्ट जारी कर दिया गया है। आज मौसम खुला है, पानी भी उतर रहा है। जल्द ही बचाव कार्य भी शुरू किए जाएंगे। उन्होंने पुलिस, प्रशासन, होमगार्ड और एनडीआरएफ के साथ एसडीआरएफ की टीम को भी साधुवाद देते हुए कहा कि मुश्किल में फंसे लोगों को निकालने के लिए वह जीजान से काम कर रहे है। वहीं उन्होंने का कि कुछ जिले बाढ़ से इतने ज्यादा प्रभावित हैं कि हमें सेना की मदद लेनी पड़ रही है। वायुसेना बाढ़ वाले स्थान से लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थान पर ले जा रही है।  बारिश और जल स्तर में कमी होने के साथ हम बचाव और राहत कार्य जल्द ही प्रारंभ करेंगे। उन्होंने बाढ़ वाले गणेश मंदिर पर पूजा अर्चना के साथ भगवान से प्रार्थना की है कि बाढ़ के इस पानी के साथ कोरोना जैसी महामारी को भी अपने साथ बहा ले जाएं। 
बाढ़ वाले गणेश मंदिर पर धार्मिक आयोजन के दौरान साधना सिंह चौहान, नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश टंडन, बासौदा विधायक लीना जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जादौन, कलेक्टर डा. पंकज जैन, एसपी विनायक वर्मा के अलावा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे। 

Share:


Related Articles


Leave a Comment