ऑपरेशन सिंदूर में सेना के अदम्य साहस, पराक्रम एवं शौर्य को देखते हुए सैनिकों के कल्याण के लिये अनूठी पहल

सेवानिवृत प्राध्यापक संगठन द्वारा सैनिकों के कल्याण के लिए दी गई डेढ़ लाख रुपये की सहयोग निधि

Khabar Nation

इन्दौर

इंदौर में ऑपरेशन सिंदूर में सेना के अदम्य साहस, पराक्रम एवं शौर्य को देखते हुए सैनिकों तथा उनके परिजनों के कल्याण के लिये अनूठी पहल हुई है। सेवानिवृत्त मध्यप्रदेश शासकीय महाविद्यालनीय प्राध्यापक मंच द्वारा पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके परिवारों के सहायतार्थ सशस्त्र सेना झंडा निधि में एक लाख 50 हजार रुपये की सहयोग राशि दान की है। यह दानराशि संस्था के वरिष्ठ सदस्यों डॉ. प्रभुदयाल ज्ञानानी, डॉ. नरेंद्र ओझा एवं डॉ. राजेश दीक्षित द्वारा आज 21 मई को जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में शहीदों के सम्मान एवं ऑपरेशन सिंदूर में सेना के अदम्य साहस, पराक्रम एवं शौर्य को समर्पित करते हुए जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कमांडर नगेश चंद्र मालवीय (सेवानिवृत्त) को भेंट स्वरूप प्रदान की।

            उल्लेखनीय है कि यह राशि भूतपूर्व सैनिकों, शहीदों की विधवाओं एवं उनके परिवारों के कल्याण एवं पुनर्वास में संचालनालय सैनिक कल्याण मध्य प्रदेश द्वारा उपयोग में ली जाती है। इस सराहनीय योगदान के लिए जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ने सेवानिवृत मध्यप्रदेश शासकीय महाविद्यालनीय प्राध्यापक मंच के सभी दानदाताओं का हार्दिक आभार व्यक्त किया एवं सेना के कल्याणार्थ हेतु इस बहुमूल्य योगदान के लिए प्राध्यापक मंच की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उल्लेखनीय है कि एक लाख 50 हजार रुपये की धनराशि का योगदान देने पर संस्था को आगामी वर्ष में राज भवन, मध्यप्रदेश में आयोजित होने वाले सम्मान समारोह में राज्यपाल महोदय द्वारा संस्था को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किया जायेगा।

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment