कोदो, कुटकी भी सरकार समर्थन मूल्य पर खरीद रही है- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने शहडोल, रीवा और सतना लोकसभा क्षेत्रों में आयोजित जनसभाओं को संबोधित किया।
-70 सालों के पाप और कलंक धोने का मौका भी कांग्रेस ने छोड़ा, अब इन्हें जनता नहीं छोड़ेगी
- कांग्रेस ने देश-प्रदेश में वर्षों तक राज किया, लेकिन आदिवासियों को पक्के मकान नहीं दे सकी
- आजादी के बाद 70 वर्षों तक भगवान श्रीराम गर्भग्रह में प्रवेश नहीं कर सके, इसका कलंक कांग्रेस के माथे पर रहेगा
- राजा श्रीराम हमारे आदर्श हैं, उनके कर्म हमें जीवन जीने की सीख देते हैं
- रीवा में एक बालक बोर में गिर गया, उसके लिए सभी भगवान से प्रार्थना करें, प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं

Khabar Nation 
शहडोल, रीवा, सतना

कांग्रेस ने आजादी के बाद 70 से अधिक वर्षों तक देश में राज किया। देश-प्रदेश में कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद गरीबों, आदिवासियों को पक्के मकान बनाकर नहीं दिए। इतना ही नहीं आजादी के बाद से अब तक हम सबके आराध्य भगवान श्रीराम गर्भग्रह में प्रवेश नहीं कर सके। इसका कलंक भी कांग्रेस के माथे पर ही रहेगा। कांग्रेस के पास 70 वर्षों के पाप और कलंक धोने का अच्छा मौका था, लेकिन इन्होंने उसे भी ठुकरा दिया। यदि कांग्रेस श्रीरामलला मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा के आमंत्रण को स्वीकार करती और कार्यक्रम में शामिल होती तो भगवान श्रीराम इनके सारे पाप और कलंक धो देते, लेकिन कांग्रेस की तो किस्मत ही खराब है। वह अपने पाप और कलंक धोना ही नहीं चाहती, इसलिए भगवान ने भी उसकी बुद्धि हर ली है। रीवा में एक बेहद दर्दनाक घटना हुई है। एक आदिवासी बालक बोर में गिर गया, बचाव कार्य के लिए कलेक्टर-एसपी को निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन पूरी तरह से जुटा हुआ है, लेकिन सभी उस बालक के लिए ईश्वर से प्रार्थना भी करें। यह बातें मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने शहडोल लोकसभा की पुष्पराजगढ़ विधानसभा के ग्राम करपा, रीवा लोकसभा की सिरमौर विधानसभा के डभोरा और सतना लोकसभा की चित्रकूट विधानसभा के बरौधा में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए कही। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नौगांव में रोड शो भी किया।
यह चुनाव सामान्य नहीं है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह चुनाव सामान्य चुनाव नहीं है। यह चुनाव यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को आगे बढ़ाने का चुनाव है, देश की खुशहाली का चुनाव है, श्रीरामलला के गर्भग्रह में मुस्कुराने का चुनाव है, गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं सहित देश की जनता को उनका अधिकार दिलाने का चुनाव है। प्रधानमंत्री ने पिछले 10 वर्षों में मध्यप्रदेश को कई सौगातें दीं। मध्यप्रदेश में विकास की गंगा बहाई गई। अकेले शहडोल के अंदर ही 850 करोड़ रूपए की लागत से 550 किलोमीटर की सड़क बनवाई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मां नर्मदा सबका जीवन धन्य करने वाली जीवंत नदी हैं, जो बरगी बांध से रीवा में सोन नदी से मिलने के लिए बढ़ रही है, ये केवल भाजपा की सरकार में हो सकता था। भाजपा सरकार द्वारा लगातार नदियों को जोड़ने का अभियान चलाया जा रहा है।
कांग्रेस ने सिर्फ बोला, लेकिन भाजपा ने करके दिखाया
कांग्रेस ने देश-प्रदेश में 60 वर्षों से अधिक समय तक राज किया। इनके नेता आदिवासियों, गरीबों, महिलाओं को आश्वासन देकर उनका इस्तेमाल सिर्फ वोट बैंक के लिए करते रहे। आदिवासियों, गरीबों को पक्का मकान तक बनाकर नहीं दे सके। यदि गरीबों, आदिवासियों को पक्की छत किसी ने दी है तो वो प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने दी है। प्रधानमंत्री ने सिर्फ पक्के मकान ही नहीं, बल्कि गांव-गांव तक सड़कों का जाल, घर-घर तक पानी की टोंटी, 24 घंटे बिजली देने का काम भी किया है।
भाजपा का संकल्प ही सेवा करना है
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि भाजपा तो राजनीति ही सेवा करने के लिए करती है। हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का संकल्प ही देश और देशवासियों की सेवा करने का है। उनके संकल्प को हम सब भी मिलकर पूरा करने का काम कर रहे हैं। पहले वन्य ग्रामों, आदिवासी अंचलों में रहने वाले लोग अपने गांव एवं जंगल से बाहर नहीं निकल पाते थे, लेकिन उनके जीवन को भी बदलने का कार्य हमारी भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने किया है। आदिवासियों के बच्चे अब बड़े-बड़े शहरों में एवं विदेशों में भी पढ़ाई के लिए जा रहे हैं। उनका जीवन स्तर भी पूरी तरह बदल गया है।
भगवान श्रीराम का जीवन हमें जीने की कला सिखाता है
मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए भगवान श्रीराम के जीवन की सीख भी दी। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण का जीवन हमें जीने की कला सिखाता है। भगवान श्रीराम एक आदर्श बेटे, आदर्श पति, आदर्श भाई और आदर्श स्वामी के रूप में जाने जाते हैं। उन्होंने भी कठिन से कठिन दौर देखे। जब वे 14 वर्षों के लिए अयोध्या से निकले तो उनके लिए सबसे अच्छा समय इस विंध्य की धरती पर ही रहा। चित्रकूट सहित विंध्य की धरती पर वे लंबे समय तक रहे।  मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी भाजपा सरकार ने निर्णय लिया है कि भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण के मध्यप्रदेश में जहां-जहां चरण पड़े, जहां-जहां उनकी लीलाएं हुईं, उन प्रत्येक स्थान को तीर्थ के रूप में विकसित करेंगे।
कांग्रेस ने हमेशा श्रीराम के लिए अड़ंगा लगाया
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के लोगों ने भगवान श्रीराम के मामले में हमेशा से अड़ंगे लगाए। उन्होंने कोर्ट में भी भगवान श्रीराम के बारे में प्रश्न चिन्ह खड़े किए। अगर राम को गायब कर दोगे, तो शबरी माता का किस्सा कहां से आएगा? कांग्रेस ने हमारे देवी-देवताओं को नकारने का काम किया। 22 जनवरी के दिन मंदिर बनाने वालों ने कांग्रेस के सारे पाप माफ कर दिए, लेकिन नहीं आने वालों में एकमात्र पार्टी कांग्रेस का नाम है। जो भगवान श्रीराम को ठुकराएंगे, जनता उन्हें ठुकराएगी, आप हमारे भगवान का अपमान करोगे और फिर हमसे वोट की कामना करोगे। ये दोनों बातें नहीं चलेगी। इस पाप के लिए कांग्रेस और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष माफी मांगे कि हमने भगवान श्रीराम का निमंत्रण ठुकराकर गलती की थी।
कोदो-कुटकी की भी खरीदी की
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारी सरकार आते ही हमने निर्णय किया कि मोटे अनाज कोदो-कुटकी में 1000 रुपए क्विंटल की वृद्धि करके 3000 रुपए के बजाय 4000 रुपए प्रति क्विंटल का भाव देंगे। आने वाले समय में इसे और आगे बढ़ाते जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने सभी मोटे अनाज कोदो-कुटकी, ज्वार, बाजरा को ‘श्री अन्न’ नाम दिया। भाजपा की सरकार ने 5 साल का संकल्प पत्र भी दिया है। हमने संकल्प पत्र में कहा था कि गेहूं का समर्थन मूल्य 2700 रुपए प्रति क्विंटल करेंगे। अभी हमारी सरकार के 3 महीने हुए हैं। हमने 2275 रूपए समर्थन मूल्य एवं 125 रूपए बोनस देकर 2400 रूपए में किसानों का गेहूं खरीदा है और आने वाले पांच वर्षों में गेहूं का समर्थन मूल्य 3 हजार रूपए प्रति क्विंटल तक किया जाएगा।  अब कांग्रेस के सीने में सांप लोट रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने निर्णय लिया है जैसे अन्न खरीदने के लिए बोनस देते हैं, वैसे ही दुग्ध उत्पादन पर भी सरकार बोनस देगी।
नहीं होगी कोई योजना बंद
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कांग्रेसी बोल रहे थे कि लाडली बहना योजना बंद हो जाएगी, लेकिन उन्हें ये नहीं पता है कि ये भाजपा की सरकार है। भाजपा की सरकार योजनाएं शुरू करती हैं, इन्हें बंद करने का काम तो कांग्रेस करती है। भाजपा सरकार में शुरू की गई कोई भी योजना को बंद नहीं किया जाएगा। लाड़ली बहना योजना भी चलती रहेगी और माताओं-बहनों के खातों में राशि पहुंचती रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने निर्णय लिया है कि आपका विश्वविद्यालय इसी सत्र से शहडोल से जोड़ दिया गया है। आने वाले समय में कृषि महाविद्यालय, हॉर्टिकल्चर, युवाओं के लिए अलग-अलग कोर्स खोलने का काम अनूपपुर के अंदर करने वाले हैं।
बालक बोर में गिरा, जिला प्रशासन जुटा हुआ है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रीवा लोकसभा की सिरमौर विधानसभा के डभौरा में आयोजित जनसभा को शुरू करने से पहले कहा कि रीवा जिले में एक दुखद घटना हो गई है। यहां पर एक आदिवासी बालक बोर में गिर गया। इसके लिए कलेक्टर-एसपी को निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन बचाव कार्य में जुटा हुआ है, लेकिन सभी मिलकर ईश्वर से बालक के लिए प्रार्थना करें। बारिश होने के कारण बचाव कार्य में भी परेशानियां आ रही हैं, लेकिन फिर भी जिला प्रशासन पूरी तन्मयता के साथ जुटा हुआ है। मैं भी लगातार कलेक्टर-एसपी से संपर्क में हूं।
ये ईमानदार और बेईमानों के बीच का चुनाव है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह चुनाव ईमानदार और बेईमानों के बीच का चुनाव है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ईमानदारी से काम कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने बेइमानों को उनके स्थानों पर पहुंचा दिया। अब कोई बेईमान जेल में है तो कोई जमानत पर बाहर हैं। अब सभी बेईमान एक साथ हो गए हैं। कोई ऐसा नेता बता दो जो भ्रष्टाचारी है और उस पर मुकद्मा नहीं चल रहा हो। चाहे सोनिया गांधी हों, राहुल गांधी हों, प्रियंका गांधी हां, लालू प्रसाद यादव सहित कई अन्य नेता तो जमानत पर बाहर हैं और अरविंद केजरीवाल और उनके मंत्री तो जेल में ही हैं। यह धन से ज्यादा नैतिकता का चुनाव है। ईमानदार और बेईमानों के बीच का चुनाव है। इस चुनाव में कांग्रेस को जीरो मिलना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब देश में मनमोहन सिंह की सरकार आई तो वे रामसेतु को तोड़ने चले। मोहम्मद गजनबी ने सोमनाथ का मंदिर तोड़ा था, लेकिन उस सोमनाथ के मंदिर को सरदार वल्लभ भाई पटेल ने बनवाने का बीड़ा उठाया था और सोमनाथ का मंदिर बनवाया था। नेहरू परिवार ने इस कार्य में भी अड़ंगे लगाए थे।
रीवा से मेरा दोहरा रिश्ता
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि रीवा से मेरा दोहरा रिश्ता है। मैं रीवा के लोगों को प्रणाम करता हूं। रीवा की धरती बाकई में अद्भुत है। भगवान श्रीराम का अयोध्या छोड़ने के बाद सबसे अच्छा समय इस विंध्य की धरती पर ही गुजरा।
अयोध्या के बाद अब चित्रकूट का ही नंबर है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अयोध्या में श्रीरामलला विराजमान हो गए हैं। वे गर्भग्रह में मुस्कुरा रहे हैं। अब अयोध्या के बाद चित्रकूट धाम का ही नंबर आ रहा है। अब दुनिया जैसे ही अयोध्या से निकलेगी तो उसकी दृष्टि चित्रकूट में ही पड़ेगी। चित्रकूट का जब आनंद बढ़ेगा तो यहां का नजारा ही कुछ और होगा। चित्रकूट में विकास के कार्यों की कोई कमी नहीं होगी। यहां पर विकास की गंगा बहाएंगे। विकास के मामले में मध्यप्रदेश कभी पीछे नहीं रहेगा। अब हमारा अगला पड़ाव मथुरा की ओर होने वाला है। ये हमारा देश भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण का देश है, लेकिन कांग्रेस ने इसे लगातार लज्जित करने का प्रयास किया है। पहले भगवान श्रीराम के प्रमाण पूछे, लेकिन उनके निमंत्रण को ठुकरा दिया।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल, प्रदेश शासन के मंत्री श्री दिलीप जायसवाल, श्रीमती प्रतिमा बागरी, प्रदेश महामंत्री श्री शरदेंदु तिवारी, श्री सुरेंद्र सिंह गहरवार, शहडोल लोकसभा प्रत्याशी श्रीमती हिमाद्री सिंह, रीवा लोकसभा प्रत्याशी श्री जर्नादन मिश्रा, सतना लोकसभा प्रत्याशी श्री गणेश सिंह, टीकमगढ़ लोकसभा प्रत्याशी व केन्द्रीय मंत्री श्री वीरेंद्र खटिक, श्री विक्रम सिंह विक्की, श्री बिसाहूलाल सिंह, श्री रामलाल रौतेल, श्री दिव्यराज सिंह, श्री नरेंद्र प्रजापति, डॉ. अजय सिंह, श्री राजेंद्र मिश्रा, श्रीमती नीता कोल, श्रीमती प्रज्ञा त्रिपाठी, श्री सिद्धार्थ तिवारी, श्री रामदास पुरी, श्री सुदामा सिंह, श्री नवल नायक, श्री राजेंद्र पांडे मौजूद रहे।
इन्होंने ली भाजपा की सदस्यता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में कांग्रेस एवं बसपा के नेताओं, कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। सदस्यता ग्रहण करने वालों में श्री राजकुमार उरमलिया पूर्व विधायक, श्री मोहनलाल आदिवासी पूर्व जनपद अध्यक्ष, श्री पार्वती कोल, श्री रमाशंकर मिश्रा, श्रीमती पूर्णिमा तिवारी, श्री रमाकांत दुबे सहित सैकड़ों कांग्रेस एवं बसपा के नेता, कार्यकर्ता शामिल रहे।

Share:


Related Articles


Leave a Comment