भोपाल, इंदौर से हाजियों के लिए सीधी हवाई सेवायें जरूरी
ललिता यादव की केन्द्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी से मुलाकात
भोपाल। पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री मंत्री ललिता यादव ने आज नई दिल्ली में अल्पसंख्यक मामलों के केन्द्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी से मुलाकात की। यादव ने नकवी से मध्यप्रदेश में हाजियों के लिए भोपाल और इंदौर से सीधी हवाई सेवाओं की आवश्यकता प्रतिपादित करते हुए इसे जारी रखने का आग्रह किया हैं। ज्ञातव्य हैं कि भारतीय हज कमेटी ने कुछ प्रमुख शहरों से सीधे जेद्दाह की हवाई सेवा बंद करने का निर्णय लिया हैं। राज्य मंत्री ने कहा कि भोपाल और इंदौर से सीधे जेद्दाह जाने वाली हवाई सेवायें बंद करने से हाजियों को मुम्बई से जेद्दाह जाने में पैसों और समय की परेशानी उठानी पड़ेगी।
राज्य मंत्री यादव ने केन्द्रीय मंत्री नकवी को बताया कि मध्यप्रदेश के इंदौर और भोपाल शहर से हर साल काफी संख्या में हाजी हज करने जाते हैं। उन्होंने आग्रह किया कि वर्ष 2018 की हज यात्रा के लिए इस बारे में नागरिक उड्डयन मंत्रालय से चर्चा की जाये। साथ ही, हाजियों को हवाई यात्रा के दौरान 25 किलोग्राम की जगह 50 किलो सामान और केबिन में बैगेज के रूप में 7 किलो की जगह 10 किलो ले जाने की अनुमति दी जाये। (खबरनेशन)