मंत्री डॉ. मिश्र द्वारा मुंगावली में डॉ. अम्बेडकर की प्रतिमा का अनावरण
भोपाल। जनसम्पर्क, जल संसधान एवं संसदीय कार्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने अशोक नगर जिले के मुंगावली में बाबा साहब डॉ. अम्बेडकर की प्रतिमा का अनावरण किया। समारोह में डॉ. मिश्र ने बाबा साहब का स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने जातिगत भेदभाव मिटा कर समाज में समरसता का संदेश दिया। यही संदेश जीवन की सफलता का मूलमंत्र हैं।
डॉ. मिश्र ने कहा कि आज मुंगावली में बाबा साहब की मूर्ति की स्थापना का संकल्प पूरा हुआ हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जातिगत भेदभाव को समाप्त कर समाज में एकरूपता लाने का प्रयास कर रही हैं। बाबा साहब की जन्म स्थली महू को तीर्थ स्थल का दर्जा दिलाया गया हैं। साथ ही बाबा साहब का भव्य स्मारक बनवाया गया हैं। यहाँ आने वाले दर्शनार्थियों के ठहरने एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराई गई हैं। जनसम्पर्क मंत्री ने कहा कि मुंगावली में सर्वागीण विकास हर हाल में सुनिश्चित किया जाएगा।
कार्यक्रम में अशोकनगर के विधायक गोपीलाल जाटव, सहित अन्य जनप्रतिनिधि ,ग्रामीणजन तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। (खबरनेशन / Khabarnation)