सिंधिया के खास सिपहसालार मुंगावली की जनता से मांगे माफी

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद भदौरिया ने कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया, सिंधिया के खास सिपहसालार और कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष गोविंद राजपूत की इस बात के लिए कड़ी आलोचना की है कि उन्होंने मुंगावली की जनता को बिकाऊ साबित करने का प्रयास किया हैं।
 

भदौरिया ने बताया कि एक चैनल के शो में गोविंद राजपूत ने मुंगावली की जनता के लिए जिस प्रकार के शब्दों का प्रयोग किया वह असहनीय और पीड़ादायक है। राजपूत का यह कहना मुंगावली की जनता का घोर अपमान है कि यहां की जनता पैसे लेकर वोट देती है। इसका मतलब यह होता है कि गोविंद राजपूत की नजर में सरकार द्वारा कराए गए विकास के काम मुंगावली की जनता के लिए रिश्वत है ? मुंगावली को मिनी स्मार्ट सिटी बनाने के प्रयास कांग्रेस की नजर में गलत है ?
 

उन्होंने कहा कि जिस कांग्रेस ने विकास के नाम पर कोई काम नहीं किया और जिस कांग्रेस के नेता मुंगावली की जनता का भावनात्मक शोषण करते रहे, आज उसी कांग्रेस के नेता जब उनकी पार्टी पराजित होती दिखाई दे रही है तो ओछी हरकत पर उतरकर ऐसे बयान दे रहे हैं जिन्हें सहन नहीं किया जा सकता।
 

भदौरिया ने कहा कि मुंगावली की जनता के स्वाभिमान की लड़ाई को सिरे तक ले जाएंगे और ऐसे लोगों को चुनाव में और चुनाव के बाद भी बेनकाब करेंगे जो जनता के बारे में ऐसे घटिया विचार रखते है। भदौरिया ने मुंगावली वासियों से अपील की है कि वह ऐसी ओछी सोच रखने वाले नेताओं की पार्टी कांग्रेस को समुचित जवाब दें। साथ ही उन्होंने गोविंद राजपूत के कृत्य के लिए सिंधिया से माफी मांगने की मांग की है। (खबरनेशन / Khabarnation)
 

Share:


Related Articles


Leave a Comment