भाजपा की उपलब्धियों को अपना बताने की कोशिश में आंकड़ों को भूली कांग्रेस: डॉ. विजयवर्गीय

राजनीति Jul 18, 2019

खबर नेशन/Khabar Nation  

भोपाल। प्रदेश की कांग्रेस सरकार के पास अपनी कोई उपलब्धियां नहीं हैं। इसलिए वह पूर्ववर्ती भाजपा सरकार की उपलब्धियों को ही अपना बताकर उनका श्रेय लेने की कोशिश कर रही है। श्रेय लेने की इस हड़बड़ी में वह आंकड़ों पर भी ध्यान नहीं दे रही है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता डॉ. दीपक विजयवर्गीय ने प्रदेश कांग्रेस द्वारा किए गए ट्वीट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही। इस ट्वीट में कांग्रेस की ओर से प्रदेश में मेडिकल की सीटों में 218 प्रतिशत की वृद्धि की बात कही गई है।

प्रदेश कांग्रेस द्वारा मेडिकल की सीटें बढ़ने के संबंध में गुरुवार देर रात एक ट्वीट किया गया है। इसमें कहा गया है-मप्र में 218 फीसदी बढ़ेंगी एमबीबीएस सीटें : अगले तीन वर्ष में मप्र में एमबीबीएस की 218 फीसदी सीटें बढ़ाई जा रही हैं। वर्तमान में प्रदेश में 1350 एमबीबीएस की सीट हैं जिन्हें 2019-20 में बढ़ाकर 1920 किया जा रहा है। “ख़ुशहाल मप्र के निर्माण की ओर।” प्रदेश कांग्रेस के इस ट्वीट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता डॉ. दीपक विजयवर्गीय ने कहा कि कांग्रेस मेडिकल की जिन सीटों में वृद्धि की बात कर रही है, वह भाजपा सरकार द्वारा प्रस्तावित हैं। कांग्रेस की सरकार भाजपा की योजनाओं, घोषणाओं को अपना बताकर झूठी वाहवाही लूटने की कोशिश कर रही है। श्रेय लेने की हड़बड़ी में आंकड़ों पर भी कांग्रेस का ध्यान नहीं है, कांग्रेस पार्टी को कम से कम आंकड़ों की पुष्टि तो कर लेना चाहिए। गौरतलब है कि कांग्रेस के ट्वीट में 218 फीसदी की वृद्धि बताते हुए मेडिकल की सीटें 1350 से 1920 हो जाने की बात कही गई है, जबकि यह वृद्धि 42.22 फीसदी की ही है।

Share:


Related Articles


Leave a Comment