पोलिंग बूथ को केंद्र बनाकर करे सदस्यता: सुहास भगत

राजनीति Jul 17, 2019

जबलपुर महानगर की कार्यशाला में प्रदेश संगठन महामंत्री

खबर नेशन/Khabar Nation   

जबलपुर। भारतीय जनता पार्टी की यह विशेषता है कि चुनाव में सफलता मिलने के बाद भी हमारे कार्यकर्ता संगठन विस्तार के अभियान में निरंतर लगे रहते है। पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों में दोगुनी उर्जा के साथ काम करते है। भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता संगठन विस्तार का आधार है और कार्यकर्ताओं को पोलिंग बूथ को केंद्र बनाकर सदस्यता करनी है। क्योंकि हमें हर बूथ मजबूत करना है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत ने बुधवार को जबलपुर के संभागीय कार्यालय रानीताल में महानगर की कार्यशाला में कही। कार्यक्रम में संभागीय सदस्यता प्रभारी रायसिंह सैंधव, महापौर डॉ स्वाति गोडबोले, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पांडे मंचासीन थे।

कमजोर बूथों को मजबूत करना अभियान का उद्देश्य

भगत ने कहा कि 2015 में भाजपा के 11 करोड़ सदस्य देश भर में बने थे उसके बाद भाजपा पूरे विश्व का सबसे अधिक सदस्यों वाला राजनैतिक दल बन गया और 2019 के लोकसभा चुनाव में मिली अभूतपूर्व जीत में इन सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा था। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान का मुख्य उद्देश्य हर बूथ तक भाजपा को हर वर्ग तक पहुंचाना है। बीते चुनाव में जिन बूथों पर हमे कभी सफलता नही मिली या कम सफलता अर्जित हुई है उन बूथों पर हमें जीत हासिल करना है। सदस्यता अभियान इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।

ठाकरे जी की नगर केन्द्र एवं ग्राम केन्द्र की रचना पूरे देश में लागू

भगत ने कहा हमे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह एवं राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा की लोकप्रियता का भरपूर लाभ लेते हुए सदस्यता करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन शिल्पी हमारे पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष स्व कुशाभाऊ ठाकरे जी ने मध्यप्रदेश में नगर केंद्र और ग्राम केंद्र की रचना की थी। जिसे बाद में पूरे देश मे लागू किया गया। उन नगर एवं ग्राम केंद्र में पार्टी की ओर से विस्तारक जा रहे है। प्रत्येक विस्तारक एक दिन में एक मतदान केंद्र में संपर्क कर सदस्यता अभियान को गति देगा।

सदस्यता अभियान से समाज का कोई भी वर्ग अछूता न रहे

उन्होंने कहा कि हमारी विचारधारा से जुड़ने की इच्छा रखने वाले सभी वर्गो के लोगो को पार्टी का प्राथमिक सदस्य बनाना है। हर पोलिंग बूथ की जानकारी जुटाकर उसमे निवास करने  वाले खास एवं  आम व्यक्ति सभी को जोड़ना है। हर बूथ में कोई न कोई डॉक्टर, वकील, इंजीनियर, कलाकार, पत्रकार, पूर्व सैनिक, रिटायर्ड प्रोफेसर, खिलाड़ी, सामाजिक कार्यकर्ता निवास करते है उनसे संपर्क कर उन्हें सदस्य बनाना है। सदस्यता अभियान से समाज का कोई भी वर्ग अछूता न रहे इसका प्रयास करना होगा।

कार्यशाला की प्रस्तावना नगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर, स्वागत भाषण सदस्यता प्रभारी सुरेन्द्र राठौर ने रखी। संचालन सुशील चौबे एवं आभार संदीप जैन ने माना। पूर्व विधायक अंचल सोनकर हरेन्द्रजीत सिंह बब्बू, सुरेश देशपांडे, विजयराज पटेरिया, राममूर्ति मिश्रा, डॉ जितेंद जामदार सहित नगर केंद्र तक के पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share:


Related Articles


Leave a Comment