युवा मोर्चा ने बनाएं 6 लाख 12 हजार सदस्य: अभिलाष पाण्डे
खबर नेशन/Khabar Nation
भोपाल । भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पाण्डे ने बताया कि मोर्चा के एक दिवसीय विशेष सदस्यता अभियान के अंतर्गत 844 मंडलों में सदस्यता अभियान के कार्यक्रम संपन्न हुए। मोर्चा के 6 हजार 460 से अधिक एक दिवसीय विस्तारक एवं मोर्चा कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के लाभार्थियों, विद्यालयों, छात्रावासों, महाविद्यालय परिसर के बाहर, मॉल, बाजार, रेलवे स्टेशन, बस स्टेंड सहित अन्य सार्वजनिक केन्द्रों पर केनोपी एवं स्टॉल लगाकर सदस्यता अभियान चलाया।
उन्होंने बताया कि सदस्यता अभियान में 6 लाख 12 हजार से अधिक सदस्य बनाए गए। युवा मोर्चा ने 5 लाख 50 हजार का लक्ष्य निर्धारित किया था, जिसे पूरा करते हुए मोर्चा ने कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के करिश्माई नेतृत्व से युवा वर्ग प्रभावित है और यही कारण है कि मोर्चा को सदस्यता अभियान के इस लक्ष्य को आसानी से हासिल किया है।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं पार्टी के उपाध्यक्ष तथा सदस्यता अभियान के प्रभारी शिवराजसिंह चौहान ने प्रदेश कार्यालय में युवा मोर्चा के नए सदस्यों को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पाण्डे के साथ प्रदेश कार्यालय परिसर में पौधरोपण किया तथा वरिष्ठ नेता कैलाश जोशी के पैर भी धोए।