इंदौर के विकास पर कालिख पौत रही है कांग्रेस: गोपीकृष्ण नेमा
पुलिस प्रशासन कांग्रेस के दबाव में काम कर रहा है
खबर नेशन/Khabar Nation
इंदौर, भारतीय जनता पार्टी नगर अध्यक्ष गोपीकृष्ण नेमा ने आज नगर निगम परिषद की बजट बैठक पर हुए हंगामेपूर्ण घटनाक्रम की कड़ी निंदा करते हुए, शर्मनाक बताते हुए इंदौर के इतिहास में आज का दिन एक काला धब्बा बताया।
आपने कहा कि आज जिस तरह नगर निगम परिषद की बजट बैठक में कांग्रेस के गुण्डा तत्वों के द्वारा भंयकर रूप से हंगामा करते हुए भाजपा पार्षदों के साथ हाथापाई की गई, यह कांग्रेस के चरित्र को उजागर करता है। कांग्रेस के लोग विकास के एजेंडे पर चर्चा करने को छोड़ गुण्डा तत्वों को लेकर मारने पर उतारू हो गये, जो कि एक निंदनीय कृत्य है। यह कांग्रेस की असली कथनी और करनी है।
आपने बताया कि मैं, महापौर मालिनी गौड़, विधायक महेन्द्र हार्डिया, पूर्व विधायक राजेश सोनकर सहित सभी भाजपा पार्षदगण व पदाधिकारी जब इस घटनाक्रम की लसूड़िया थाने में एफ.आई.आर. दर्ज कराने पहुंचे, लेकिन लगातार 4 घंटे तक प्रयास करने के बाद भी पुलिस के आला अधिकारियों के कानों में जूं तक नहीं रेंगी। मेरे द्वारा एस.एस.पी. महोदया रूचिवर्धन मिश्रा और अन्य पुलिस अधिकारियों को इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी देने के बाद भी चार घण्टे तक प्रकरण दर्ज नहीं करना यह दर्शाता है कि प्रशासन किस तरह कांग्रेस के दबाव में काम कर रहा है। पुलिस प्रशासन शहर की जनता व आमजन के लिये काम नहीं करते हुए कांग्रेस के नेताओं के दबाव में काम कर रहा है, वहीं कांग्रेस के गुण्डा तत्वों के द्वारा बैठक स्थल के बाहर लम्बा चौड़ा मंच बगैर परमिशन के लगाया गया, जिस पर कोई कार्यवाही नहीं की गई, जबकि भाजपा के कई कार्यक्रमों में कार्यक्रम के पूर्व ही कांग्रेस के दबाव में मंचों पर कार्यवाही की जाती है। यह दौहरी मानसिकता वाली कार्यशैली भी यही दर्शाती है।
जहां स्वच्छता और विकास सहित इंदौर का नाम देश में प्रसिद्ध हुआ, लेकिन कांग्रेस के गुण्डा तत्वों के द्वारा आज के इस घटनाक्रम ने बता दिया है कि इंदौर के विकास पर कालिख पौत रही है कांग्रेस। कांग्रेस के नेता गुण्डा तत्वों के साथ मिलकर संविधान को भी नहीं मानते है। प्रजातांत्रिक तरिके से किये जा रहे कार्य इनके लिये कोई मायने नहीं रखते है। इंदौर की शालीन, शांत और गरिमा के लिये आज का यह दिन काला दिवस है।