विश्व की आर्थिक महाशक्ति के रूप में उभरेगा भारतः राकेश सिंह
खबर नेशन/Khabar Nation
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने अपने पहले कार्यकाल में अर्थव्यवस्था में सुधार के लिए जो उपाय किए थे, उनके परिणाम दिखाई देने लगे हैं। सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि सारी दुनिया में भारतीय अर्थव्यवस्था और आर्थिक विकास की धमक महसूस की जा रही है। आने वाले समय में भारत विश्व की आर्थिक महाशक्ति के रूप में उभरेगा। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने मंगलवार को वर्ल्ड बैंक द्वारा भारत की आर्थिक विकास दर के बारे में जारी की गई रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही।
वर्ल्ड बैंक द्वारा मंगलवार को जारी की गई रिपोर्ट में कहा गया है कि बेहतर निवेश और निजी खपत के दम पर अगले तीन साल तक भारत 7.50 प्रतिशत की दर से आर्थिक वृद्धि कर सकता है। इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने कहा कि बीते पांच वर्षों में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आर्थिक मोर्चे पर लिए गए कड़े निर्णयों से देश की आर्थिक नींव मजबूत हुई है। सरकार ने एक तरफ जहां महंगाई, मुद्रास्फीति जैसी चीजों को नियंत्रित रखा है वहीं दूसरी तरफ हर कीमत तेज आर्थिक विकास के लिए कड़े उपाय किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारतीय अर्थव्यवस्था ने जिस तेजी से विकास किया है, उसी के आधार पर विश्व बैंक ने अगले तीन सालों तक विकास दर के 7.5 प्रतिशत यानी चीन से आगे रहने की उम्मीद जताई है। राकेश सिंह ने कहा कि वर्ल्ड बैंक की यह रिपोर्ट बताती है कि प्रधानमंत्री मोदी की सरकार द्वारा लिए गए नोटबंदी, जीएसटी और अन्य कड़े प्रावधान लागू करने के निर्णयों को अब वैश्विक स्वीकार्यता मिल चुकी है।