कांग्रेस चाहे तब भी देशद्रोह का कानून समाप्त नहीं होने देंगे: राजनाथ सिंह

राजनीति Apr 21, 2019

केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा-संभावित हार को देख ईवीएम का शोर मचाने लगी कांग्रेस

खबरनेशन/Khabarnation  

शहडोल/सतना/सीधी। कांग्रेस देशद्रोह कानून को खत्म करने की घोषणा की है। वे भारत को तोड़ने की बात कर रहे हैं, लेकिन इस मामले में हम चुप नहीं रहेंगे। देश की रक्षा और सुरक्षा के लिए यदि और भी कड़े कानून बनाने पड़ेंगे तो हम अवश्य बनाएंगे, पर देश के साथ ऐसा कोई समझौता नहीं करेंगे जिससे भारतमाता के मान सम्मान को कोई ठेस पहुंचे। यह बात केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथसिंह ने शहडोल, सतना और सीधी लोकसभा क्षेत्रों में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों के समर्थन में आयोजित सभाओं में कही। 

नुकसान की रिपोर्ट भेजें, हरसंभव मदद करेंगे

शहडोल संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी हिमाद्री सिंह के पक्ष में अनूपपुर जिले के जमुना कॉलरी में सभा को संबोधित करते हुए राजनाथसिंह ने मध्यप्रदेश में आंधी तूफान के कारण हुई क्षति पर दुख जाहिर किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के लिए देश का हर प्रदेश समान रूप से महत्वूपर्ण है। मध्यप्रदेश सरकार किसानों और आम जनता का जो भी नुकसान हुआ है, उसकी रिपोर्ट केंद्र को भेजे, हम हरसंभव मदद करेंगे। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की जरूरतों को पूरा करने के लिए हमारी सरकार कोई भेदभाव नहीं करेगी। जनता का जो हक है उसको हम देने के लिए तैयार हैं, लेकिन कांग्रेसी जनता को गुमराह कर रहे हैं। 

अभी से बहाना ढूंढने लगा विपक्ष

सिंह ने कहा कि देश की जनता यह मन बना बैठी है कि मोदी जी को फिर से देश का प्रधानमंत्री बनाना है। कांग्रेस और उसके गठबंधन में शामिल अन्य राजनीतिक दल जनता के इस मूड को भाप चुके हैं। प्रथम चरण के मतदान में इस बात का अंदाज लगते ही विपक्षी दलों ने ईवीएम पर आरोप लगाना शुरू कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि चुनावों में हार-जीत एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। ऐसे में सभी को इसे सहज रूप से स्वीकार करना चाहिए। लेकिन विपक्षी दल ईवीएम को गड़बड़ बताकर जनादेश का अपमान कर रहे हैं। 

मोदी जी ही ले जा सकते हैं देश को विकास पथ पर

राजनाथसिंह ने कहा कि हमने नरेंद्र मोदी जी की कार्यशैली को गुजरात के अंदर देखा था। तभी  हमने यह मन बना लिया था कि केवल नरेंद्र मोदी ही हैं,  जो इस देश को विकास के पथ पर आगे ले जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने प्रधानमंत्री बनने के बाद करिश्माई काम किया है। 5 वर्षों के अंदर सारी दुनिया के अर्थशास्त्री यह मानने लगे हैं कि देश की अर्थव्यवस्था में सुधार हो रहा है। मोदी जी की सरकार ने ठोस रणनीति के तहत देश की अर्थव्यवस्था को सुधारने के साथ-साथ हर क्षेत्र में काम किया है। पहले भारत गरीबों के देश के रूप में जाना जाता था,  लेकिन अब दुनिया की धारणा बदली है। 

दिखने लगा मोदी सरकार के काम का असर

सिंह ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जो काम किए गए, उनका परिणाम अब जनता के सामने हैं। आने वाले समय में दुनिया के अंदर हम भारत को तीसरे स्थान पर खड़ा करने में सफल होंगे ऐसी कोशिशें जारी हैं। गृहमंत्री राजनाथसिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कई सालों में जहां 25 हजार इंदिरा आवास बनाए गए, वहीं मोदी सरकार ने 5 वर्षों के अंदर 1 करोड़ 30 लाख प्रधानमंत्री आवास बनाकर दिये हैं। स्वच्छता अभियान में देश ने 92 प्रतिशत पर आकर एक मिसाल पेश की है। 2022 तक कोई भी गरीब बिना पक्का मकान के नहीं रहेगा,  यह हमारी प्राथमिकता है। उज्जवला योजना के तहत गरीबों को निशुल्क गैस सिलेंडर और चूल्हा का वितरण किया गया। पूरे देश में गांव से लेकर नेशनल हाईवे सड़कों का काम हमारी सरकार ने बहुत ही तेज गति के साथ किया है। 

Share:


Related Articles


Leave a Comment