जनता से झूठे वादे कर सत्ता में आई है कांग्रेस: शिवराजसिंह चौहान

राजनीति Apr 10, 2019

सतना में पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा- कांग्रेस ने प्रदेश के किसानों को छला

खबरनेशन/Khabarnation   

सतना। कांग्रेस ने प्रदेश की सत्ता हथियाने के लिए जनता से झूठे वादे किए। कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा था कि हम सरकार में आते ही 10 दिनों के अंदर प्रदेश के किसानों का कर्जा माफ कर देंगे। अगर ऐसा नहीं हुआ, तो हम मुख्यमंत्री बदल देंगे। लेकिन अभी तक प्रदेश के किसानों का 2 लाख रुपए का कर्जा माफ नहीं हुआ है। कांग्रेस ने प्रदेश के किसानों के साथ छल किया है। राहुल गांधी के कहे अनुसार अभी तक 11 मुख्यमंत्री बदल जाना चाहिए थे, लेकिन न मुख्यमंत्री बदले न कर्जा माफ हुआ। यह बात भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने सतना में भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी गणेश सिंह का नामांकन किए जाने के अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कही। पूर्व मुख्यमंत्री भाजपा प्रत्याशी के रोड शो में भी शामिल हुए। 

बेरोजगारी भत्ता नहीं देंगे,  मवेशी चराना सिखाएंगे

सभा को संबोधित करते हुए चौहान ने कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के दौरान युवाओं को 4000 रुपए मासिक बेरोजगारी भत्ता देने की बात कही थी, लेकिन किसी युवा को यह भत्ता नहीं मिला।  उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने युवाओं को रोजगार देने की बात कही थी, लेकिन अब पढ़े-लिखे युवाओं को ढोर चराने को कहा जा रहा है। ये युवाओं से ढोर चरवाएंगे, बिच्छू पकड़वाएंगे, बंदर पकड़वाएंगे। इसी तरह के रोजगार देगी कांग्रेस। चैहान ने कहा कि कांग्रेस ने कहा था कि किसानों के बिजली के बिल आधे करेंगे,  लेकिन लोग बिजली का बिल देते- देते परेशान हो गए हैं। लोग मुझसे कहते हैं कि मामा आपने तो 200 रुपए के फ्लैट रेट पर बिजली देना शुरू किया था,  लेकिन कांग्रेस की सरकार आते ही बिजली के दाम बढ़ गए हैं। गरीब लोगों के 6-7 हजार रुपए के बिल आ रहे हैं।

कांग्रेसियों को नहीं आती शर्म

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था चैपट हो गई है। जब मैं मुख्यमंत्री था,  तो मैंने कहा था कि प्रदेश में या तो शिवराज रहेंगे या डकैत रहेंगे और प्रदेश से डकैतों का सफाया हो गया था। लेकिन कांग्रेस की सरकार आते ही अपराधियों के हौसले बढ़ गए हैं। चौहान ने चित्रकूट के मासूम श्रेयांश और प्रियांश के अपहरण और हत्या को याद करते हुए कहा कि चित्रकूट में दो मासूम बच्चों का अपहरण कर लिया गया और अपराधियों ने उन्हें मौत के घाट तक उतार दिया। 13 दिनों तक मासूम बच्चे अपहरणकर्ताओं के चंगुल में रहे,  लेकिन पुलिस उन्हें ढूंढ नहीं पाई। अगर पुलिस चौकन्ना थी, तो बच्चों के अगवा करने वाले उन्हें चित्रकूट से बाहर आखिर कैसे ले गए। उन्होंने कहा कि इस तरह की बर्बर घटनाएं मानवता को शर्मसार करती हैं,  लेकिन कांग्रेसियों को शर्म नहीं आती। चैहान ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने आते ही पूरे प्रदेश में लूट मचा दी है। तबादला उद्योग जमकर चला। पैसा ला, आर्डर ले । उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के 3 माह में प्रदेश तबाही की ओर चला गया है।

इस बार कोई चूक मत करना

पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि देश में नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में एक मजबूत सरकार चल रही है। आज देश के अंदर आतंकवादी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाता। उन्हें उन्हीं की भाषा में जवाब दिया जाता है। अब आतंकवादियों को उनके घर में घुसकर निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास कर रहा है। चौहान ने उपस्थित जनसमुदाय से अपील करते हुए कहा कि याद रखें, इस बार कोई चूक नहीं करना है। मोदी जी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने के लिए सतना में गणेश सिंह को लाखों वोटों से जिताना है।

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment