चुनाव में झूठे वादे करके जनता को बरगलाने की कोशिश करती है कांग्रेस: स्वतंत्रदेव सिंह
खबरनेशन/Khabarnation
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सीमाएं मजबूत होने के साथ साथ सैनिकों का मनोबल भी ऊंचा हुआ है। देश सभी मोर्चों पर विकास की ओर अग्रसर हो रहा है। यह सब कांग्रेस सहित अन्य दलों को खटक रहा है। प्रधानमंत्री की लोकप्रियता से सारे विपक्षी गठबंधन के दल परेशान हैं। कांग्रेस का इतिहास है कि जब-जब देश और प्रदेश में चुनाव आते हैं, तब-तब चुनाव जीतने के लिए वह झूठे वादे करके जनता को बरगलाने की कोशिश करती है। यह बात लोकसभा चुनाव के प्रदेश प्रभारी व उत्तरप्रदेश सरकार के मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने बुधवार को नरसिंहपुर में आयोजित कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कही।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि 1971 में इंदिरा गांधी ने भी गरीबी हटाओ के नाम पर गरीबों की संवेदनाओं का मजाक बनाया था। बाद में राजीव गांधी की सरकार में भी यही हुआ। इसी तरह यूपीए के 10 सालों के कार्यकाल में भी गरीबों के साथ छल कपट होता रहा और अब यही काम राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी करने जा रही है। कांग्रेस झूठ और भ्रम की राजनीति कर रही है, लेकिन हमें सजगता के साथ कांग्रेस के इस झूठे प्रचार को जनता के बीच बेनकाब करना है।
‘मैं भी चौकीदार’ की सफलता कांग्रेस को करारा जवाब
स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि देश में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एक लोकप्रिय नेता हैं, जिनका देश की जनता से सीधा जुड़ाव है। यही कारण है कि कुछ नामदारों ने प्रधानमंत्री द्वारा अपने लिए कहे गए चौकीदार शब्द को गाली देनी चाही। ‘मैं भी चौकीदार’ अभियान की सफलता कांग्रेस के नकारात्मक प्रचार को करारा जवाब है। उन्होंने कहा कि श्री मोदी जी के नेतृत्व में आज भारत की छवि विश्व में बनी है। देश के प्रधान सेवक के रूप में श्री नरेन्द्र मोदी जी ने ’’सबका साथ सबका विकास’’ के संकल्प को लेकर देश को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि हम सभी कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को पुनः जिताकर देश का भविष्य उज्जवल बनाना है।
बैठक को सांसद उदयप्रताप सिंह, सांसद कैलाश सोनी, वरिष्ठ नेता तपन भौमिक, संभागीय संगठन मंत्री श्याम महाजन, जिला अध्यक्ष अभिलाष मिश्रा सहित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।