मोदी को फिर प्रधानमंत्री बनाने के लिये देश तैयार: स्वतंत्रदेव सिंह

राजनीति Apr 02, 2019

पुष्पराजगढ़ में भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता

खबरनेशन/Khabarnation   

अनूपपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विगत पांच वर्षों में भारत को मजबूत देशों की कतार में लाकर खडा कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सीमाएं सुरक्षित हुई हैं। सैनिकों का मनोबल ऊंचा हुआ है, देश विकास की ओर अग्रसर हो रहा है। माताओं-बहनों का सम्मान बढ़ रहा है, लेकिन यह सब विपक्षी दलों को खटक रहा है। पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ताओ ने नरेन्द्र मोदी को पुनः प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लिया है। यह बात मध्यप्रदेश के लोकसभा चुनाव प्रभारी स्वतंत्रदेव सिंह ने सोमवार को अनूपपुर, कोतमा, पुष्पराजगढ़ में आयोजित भाजपा कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि देश के करोड़ों लोगों ने कांग्रेस का आचरण देखा है और देश की जनता इसका जवाब 23 मई को देगी।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि आतंकवाद देश ही नहीं दुनिया के लिए एक नासूर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस नासूर पर नकेल कसने का काम किया है। उन्होंने कहा कि वर्षों तक हम विपक्ष में रहे,  लेकिन जब देश के सम्मान और स्वाभिमान की बात आती थी तब भारतीय जनता पार्टी का हर एक कार्यकर्ता सरकार के साथ खड़ा रहता था, लेकिन आज परिस्थितियां विपरीत हैं। कांग्रेस के नेता सत्ता के लालच में इतने अंधे हो चुके हैं कि देश की सेना के ऊपर प्रश्नचिन्ह खड़ा करने में भी गुरेज नहीं करते। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने भगवान राम को मिथक बताया, हिन्दू आतंकवाद का जुमला दिया, शंकराचार्य को जेल में डाला। वो हमारे प्रधानमंत्री का अपमान करते रहे। सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने शासनकाल मे विश्व में भारत को मजबूती से स्थापित किया। ऐसे लोकप्रिय प्रधानमंत्री का कांग्रेसी अपमान करेंगे, तो हमारा कार्यकर्ता बूथ पर जवाब देगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि आप सब हनुमान रुपी कार्यकर्ता पार्टी की शक्ति हैं। उन्होंने कहा कि गरीबों का शोषण करने वाली, देश तोड़ने वाली, निहायत झूठी और देश को लूटने वाली संस्कृति समाप्ति की ओर है। इस अवसर पर सभी कार्यकर्ताओं ने मोदी जी के नेतृत्व में फिर भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प लिया।

सम्मेलन को प्रदेश उपाध्यक्ष  रामलाल रौतेल, लोकसभा प्रत्याशी हिमाद्री सिंह, संभागीय संगठन मंत्री जितेंद्र लटोरिया, जिला अध्यक्ष ब्रजेश गौतम, गिरीश द्विवेदी एवं लोकसभा संयोजक अनिल गुप्ता ने भी संबोधित किया।

Share:


Related Articles


Leave a Comment