कांग्रेस का घोषणापत्र देश के युवाओं के साथ सिर्फ छलावा: अभिलाष पाण्डे

राजनीति Apr 02, 2019

खबरनेशन/Khabarnation   

भोपाल। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री अभिलाष पाण्डे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी स्वतंत्रता के बाद से लगातार देश की सुरक्षा से खिलवाड़, युवाओं के साथ छल और सेना के शौर्य का अपमान करती रही है। देश के युवाओं को लाखों सरकारी नौकरियों का झांसा देने का वादा करने वाली कांग्रेस सिर्फ छलावा कर रही है। यह युवाओं को समझने की आवश्यकता है। छल करके वह सिर्फ युवाओं को अपने वोट की तरह इस्तेमाल करना चाहती है। आखिर राहुल गांधी यह सब वादा करने के बाद इसकी भरपाई कहां से करेंगे उन्होंने नहीं बताया। इतना ही नहीं, कांग्रेस पार्टी ने वादा किया है कि वह अलगाववादियों से बात करेगी।

अभिलाष पाण्डे ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास ही झूठे वादे करने का रहा है। 2004 के घोषणापत्र में कांग्रेस ने बिजली पहुंचाने का वादा किया था। 2009 और 2014 में भी यह कांग्रेस के घोषणापत्र में शामिल रहा, लेकिन इसे पूरा मोदी सरकार ने पिछले पांच वर्षों में किया। इसी तरह 40 साल से पेंडिंग वन रैंक, वन पेंशन की बात को कांग्रेस ने 2004 के घोषणापत्र में लागू करने का वादा किया था। कांग्रेस इसे 10 सालों में भी पूरा नहीं कर पाई और मोदी सरकार ने एक साल में ही इसे लागू कर दिया। अब तक सैनिकों के खाते में लगभग 35,000 करोड़ रुपये की राशि पहुंचाई भी जा चुकी है। 2004 में कांग्रेस ने वादा किया था कि वह हर साल 2 अक्टूबर को पूरे किए गये वादों का लेखा जोखा जनता के सामने रखेगी, लेकिन आज तक कांग्रेस की सरकार में यह हुआ ही नहीं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के घोषणा पत्र में किसानों के लिए जो बातें कही गई हैं, वे मगरमच्छ के आसुंओं की तरह दिखावटी हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी अपने 50 साल लंबे शासनकाल में देश के किसानों की दशा नहीं सुधार सकी, फिर अब उसके हाथ कौनसी जादू की छड़ी लग गई है। कांग्रेस 2004, 2009, 2014 में यही बात कह चुकी है और अब 2019 में भी यही कह रही है, जबकि मोदी सरकार ने देश के 12 करोड़ से अधिक किसानों को 6000 रुपये देने की शुरुआत भी कर दी है। कांग्रेस ने न्याय को लागू करने की कोई रूपरेखा भी पेश नहीं की कि कितने सालों में कब तक लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के लिए आतुर कांग्रेस कोई भी वादा करने के लिए आमादा है, लेकिन न तो उसके पास इसके लिए रोड मैप होता है, न ही पार्टी इसके लिए कोई योजना बनाती है।

 

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment