चिट्ठी भी खुद लिखी और भिजवाई भी खुद
राज्य मंत्री सारंग ने वृद्ध महिला की बात सुन की त्वरित कार्यवाही
भोपाल। सहकारिता राज्य मंत्री विश्वास सारंग ने आज ऐशबाग कॉलोनी की वृद्ध महिला नर्बदीबाई की बात सुन तुरंत खुद चिट्ठी को लिखा और तत्काल अधिकारी के कार्यालय भिजवाया भी। उन्होंने पत्र में अधिकारी को निर्देश दिये कि उनके द्वारा पत्र लेकर कार्यालय आदमी भेजा गया हैं। संबंधित पीड़िता को तत्काल मदद और मुआवजा दिलाना सुनिश्चित किया जाये।
राज्य मंत्री सारंग अपरान्ह में अपने विधानसभा क्षेत्र के भ्रमण पर थे। भ्रमण के दौरान जब वे ऐशबाग की खटीक कॉलोनी से गुजर रहे थे, उसी समय उनके सामने आग दुर्घटना की शिकार वृद्ध महिला नर्बदीबाई ने रास्ते से उनकी गाड़ी को हाथ दिया। सारंग ने गाड़ी को रोका और वृद्ध महिला से गाड़ी रोकने का कारण पूछा। नर्बदीबाई ने बताया कि पिछले दिनों उसके घर में आग लगने की दुर्घटना हुई। इसमें वह स्वयं भी जल गई थी। आग से घर और घर का सामान भी जला था। राज्य मंत्री सारंग ने नर्बदीबाई की बात को पूरी संवेदनशीलता से सुना और उन्हें तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान करने और घर जलने की क्षतिपूर्ति का मुआवजा देने के लिये सड़क पर खड़े होकर गाड़ी की बोनट को टेबल बनाकर कलेक्टर भोपाल को खुद पत्र लिखा। राज्य मंत्री सारंग ने पत्र में कलेक्टर को आर्थिक सहायता और मुआवजा देने के निर्देश दिये। (खबरनेशन / Khabarnation)