जल संसाधन मंत्री डॉ मिश्र द्वारा ग्राम बड़ोखरा में 17.41 करोड़ की लघु सिंचाई योजना का भूमि-पूजन
भोपाल। जल-संसाधन, जनसम्पर्क एवं संसदीय कार्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने आज शिवपुरी जिले की बदरवास तहसील के ग्राम बडोखरा में 17 करोड़ 41 लाख रुपये लागत से निर्मित होने वाली लघु सिंचाई योजना का भूमि-पूजन किया। डॉ. मिश्र ने ग्रामीणों की मांग पर ग्राम झूलना में तालाब बनवाने और अजलपुर-सुरई मार्ग पर नाला निर्माण कराने के निर्देश दिए।
जनसम्पर्क मंत्री डॉ. मिश्र ने कहा कि बडोखरा में लघु सिंचाई योजना का निर्माण होने से 500 हेक्टेयर भूमि में सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा। इस योजना से ग्राम बडोखरा, बायिंगा, अजलपुर, बेरखेडी के लगभग 825 किसान लाभांवित होंगे। इसके साथ ही गांव का भू-जल-स्तर भी बढ़ेगा, जिससे निस्तारी कार्य के साथ-साथ पशुओं के लिए पीने का पानी भी उपलब्ध हो सकेगा। डॉ. मिश्र ने इस अवसर पर ग्रामीणों को राज्य शासन द्वारा संचालित विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक देवेन्द्र जैन, नरेन्द्र बिरथरे, वीरेन्द्र रघुवंशी, अन्य जन-प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे। इस मौके पर ग्रामीणों द्वारा जल-संसाधन मंत्री को लड्डूओं से तौला गया। (खबरनेशन / Khabarnation)