कांग्रेस के तुगलक रोड घोटाले
क्या फिर किसी तुगलक रोड घोटाले की तैयार कर रही कांग्रेसः रजनीश अग्रवाल
खबर नेशन / Khabar Nation
भोपाल। कमलनाथ सरकार के सत्ता में आने के साथ ही शुरू हुआ ट्रांसफर-पोस्टिंग का धंधा अभी तक चल रहा है। ऊपर से अवैध खनन कारोबार रुक नहीं रहा है। इससे लगता है कि इन धंधों की कमाई से प्रदेश की कांग्रेस फिर किसी तुगलक रोड घोटाले की तैयारी कर रही है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता श्री रजनीश अग्रवाल ने कांग्रेस समर्थन दे रहे निर्दलीय विधायक सुरेंद्रसिंह शेरा द्वारा कांग्रेस और प्रशासन पर अवैध खनन में लिप्त में होने के आरोप लगाए जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही।
बुरहानपुर से निर्दलीय विधायक सुरेंद्रसिंह शेरा ने मीडिया से चर्चा के दौरान यह आरोप लगाया कि प्रदेश में अवैध उत्खनन जोरों पर चल रहा है। नदियों का सीना छलनी करके रेत निकाली जा रही है, जिससे नदियों का पारिस्थितक तंत्र कमजोर पड़ रहा है। विधायक शेरा ने कहा है कि अवैध खनन के इस कारोबार में प्रशासन के अधिकारी भी शामिल हैं, या इसे समर्थन दे रहे हैं। विधायक के इस आरोप पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता श्री रजनीश अग्रवाल ने कहा है कि इससे पहले कांग्रेस के ही एक मंत्री इस मामले ऊपर तक पैसा जाने का आरोप लगा चुके हैं। श्री अग्रवाल ने पूछा कि ये पैसा आखिर कहां जा रहा है। कहीं, ऐसा तो नहीं कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार काले कारोबारों से पैसा जुटाकर तुगलक रोड जैसे किसी घोटाले की फिर से तैयारी कर रही हो। उन्होंने सरकार से पूछा है कि अवैध खनन से इतनी बड़ी मात्रा में हो रही उगाही कहीं महाराष्ट्र, झारखंड और हरियाणा के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस द्वारा किए जाने वाले खर्च की पूर्ति की तैयारी तो नहीं है।