मजदूर से सेलून का मालिक बना महेन्द सराठे  

भोपाल। रायसेन जिले की साँची जनपद पंचायत के ग्राम रातातलाई के युवा मजदूर महेन्द्र सराठे ने सपने में भी नहीं सोचा था कि वह एक दिन अपनी दुकान का मालिक बनेगा। मुख्यमंत्री आर्थिक कल्याण योजना में महेन्द्र को मदद मिली और वह अपनी सेलून की दुकान का मालिक बन गया। इस दुकान से उसे अच्छी आमदनी हो रही हैं मजदूरी से मुक्ति भी मिल गई हैं। 

महेन्द्र सराठे को कल तक मजदूरी से बमुश्किल दो हजार रुपये मासिक आय हो पाती थी। मजदूरी भी रोज नहीं मिल पाती थी। महेन्द्र हुनरमंद तो था पर आर्थिक हालत अच्छे नहीं होने से उसके मंसूबे पूरे नहीं हो पा रहे थे।

महेन्द्र को जब मालूम हुआ कि मुख्यमंत्री आर्थिक कल्याण योजना से लोन मिल सकता हैं तो उसने संबंधित कार्यालय में सम्पर्क कर जानकारी प्राप्त की। फिर अपनी सेलून की दुकान खोलने के लिये ऋण के लिए आवेदन प्रस्तुत कर दिया। महेन्द्र की मनोकामना पूरी हुई, कुछ दिन बाद ही लोन मिल गया। कुछ दिनों में ही महेन्द्र ने सलामतपुर में सेलून की अपनी दुकान भी खोल ली हैं।

महेन्द्र के अच्छे व्यवहार से अब यह दुकान अच्छी चल रही हैं, पांच हजार रुपये से भी ज्यादा महीने की आमदनी भी आसानी से हो रही हैं। (खबरनेशन / Khabarnation)

Share:


Related Articles


Leave a Comment