खरगौन जिले में 8 हजार से अधिक किसानों के खाते में पहुँची 7 करोड़ भावांतर राशि
भोपाल। भावांतर भुगतान योजना से खरगोन जिले के किसानों के चेहरे एक बार फिर खुशी से खिल उठे हैं। जिले के 8 हजार 673 किसानों को भावांतर भुगतान योजना में उनके बैंक खाते में 7 करोड़ 42 लाख रूपये भावांतर भुगतान योजना में प्राप्त हो गए हैं।
किसान रामकृष्ण महाजन भी उन किसानों में से एक है, जिन्हें भावांतर भुगतान योजना के तहत राशि उपलब्ध हो गई है। उन्होंने मंडी में 1 नवंबर से 30 नवंबर के बीच मक्का की उपज 6 बार बेची। हर बार व्यापारी द्वारा उन्हें भुगतान किया गया। इससे हटकर 6 जनवरी को मुख्यमंत्री भावांतर भुगतान योजना का पैसा भी उनके खाते में पहुँच गया।
रामकृष्ण ने 416.15 क्विंटल मक्का बेची थी। इन्हें मुख्यमंत्री भावांतर भुगतान योजना में एक लाख 28 हजार 756 रूपए भुगतान मिला। किसान रामकृष्ण महाजन ने इन दिनों रबी की फसल गेहूँ और चना की तैयारी शुरू कर दी है। इस समय उन्हें मक्का का पैसा मिलने से राहत मिली है। आगामी फसल के लिए यह राशि निश्चित ही उपयोगी साबित होगी।
खरगोन के ही अन्य किसान सुनिल रामचंद्र ने भी 1 से 30 नवंबर तक के बीच 315.75 क्विंटल मक्का मंडी में बेची। व्यापारियों द्वारा उन्हें भुगतान किया गया, लेकिन जब इनके खाते में भावांतर योजना का भुगतान भी पहुंचा, तो पूरा परिवार खुश हो गया। भावांतर भुगतान योजना में उनके खाते में 99 हजार 296 रूपए प्राप्त हुए। इसके अलावा सेगांव के मुकेश ठाकुर को 43 हजार 561, भीकनगाँव के अनिल जायवाल को 45 हजार 411 और मेहताब के गोपाल को 33 हजार 753 रूपए बैंक खाते में भावांतर राशि के रूप में प्राप्त हो गये हैं। (खबरनेशन / Khabarnation)