भारत को महाशक्ति बनाने में कदम बढ़ाते देखना कलाम जी की दिली चाहत थी: कांग्रेस

राजनीति Oct 16, 2022

खबर नेशन / Khabar Nation

पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर पीसीसी में कांग्रेसजनों ने उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की

भोपाल: देश के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की 91 वीं जयंती पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के सभाकक्ष में कांग्रेसजनों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।
जयंती कार्यक्रम पर कांग्रेस नेताओं ने श्री कलाम का देश के प्रति योगदान और उनके जीवन पर संक्षिप्त प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कलाम साहब अपने व्यक्तिगत जीवन में पूरी तरह अनुशासन का पालन करने वालों में से थे। ऐसा कहा जाता है कि वे क़ुरान और भगवद् गीता दोनों का अध्ययन करते थे। राजनीतिक स्तर पर कलाम की चाहत थी कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत की भूमिका का विस्तार हो और भारत ज्यादा से ज्यादा महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाये। भारत को महाशक्ति बनने की दिशा में कदम बढाते देखना उनकी दिली चाहत थी। उन्होंने कई प्रेरणास्पद पुस्तकों की भी रचना की थी और वे तकनीक को भारत के जनसाधारण तक पहुँचाने की हमेशा वक़ालत करते रहते थे। बच्चों और युवाओं के बीच डाक्टर क़लाम जी अत्यधिक लोकप्रिय थे। वह भारतीय अन्तरिक्ष विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान के कुलपति भी थे।
स्व. कलाम ने विज्ञान के व्यवस्थापक के रूप में चार दशकों तक रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन और भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) संभाला व भारत के नागरिक अंतरिक्ष कार्यक्रम और सैन्य मिसाइल के विकास के प्रयासों में भी शामिल रहे। इन्हें बैलेस्टिक मिसाइल और प्रक्षेपण यान प्रौद्योगिकी के विकास के कार्यों के लिए भारत में ‘मिसाइल मैन’ के रूप में जाना जाता है। उन्होंने 1974 में भारत द्वारा पहले मूल परमाणु परीक्षण के बाद से दूसरी बार 1998 में भारत के पोखरान-द्वितीय परमाणु परीक्षण में एक निर्णायक, संगठनात्मक, तकनीकी और राजनैतिक भूमिका निभाई। कलाम साहब भाजपा और कांग्रेस दोनों के समर्थन के साथ 2002 में भारत के राष्ट्रपति चुने गए। पांच वर्ष की अवधि की सेवा के बाद, वह शिक्षा, लेखन और सार्वजनिक सेवा के अपने नागरिक जीवन में लौट आए। इन्होंने भारत रत्न, भारत के सर्वाेच्च नागरिक सम्मान सहित कई प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त किये।
पुष्पांजलि कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष प्रकाश जैन, महामंत्री राजीव सिंह, राजकुमार पटेल, चंद्रिका प्रसाद द्विवेदी, मीडिया उपाध्यक्ष भूपेन्द्र गुप्ता, अजयसिंह यादव, अब्बास हफीज, प्रवक्तागण अभिनव बरोलिया, अनुराधा सिंह, रवि वर्मा, शहरयार खान, मुनव्वर कौसर, पद्मा शुक्ला, सदाशिव भावरिया, वकील खान, राजेश चौहान, मुजफफर अली, संजय गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे।
कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता आनंद तारण ने किया और श्रीमती आभा सिंह ने सभी उपस्थित कांग्रेसजनों का आभार व्यक्त किया।

 

लिखें और कमाएं
मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999

 

 

 

 

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment