त्रि-स्तरीय पंचायतों के आम/उप निर्वाचन-2017 का निर्वाचन कार्यक्रम जारी

राजनीति Dec 25, 2017

भोपाल। मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग ने त्रि-स्तरीय पंचायतों के आम/उप निर्वाचन वर्ष 2017 (उत्तरार्ध) के लिये निर्वाचन कार्यक्रम जारी कर दिया है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों को इस संबंध में विस्तृत निर्देश जारी किये गये। इस कार्यक्रम के अंतर्गत पंचों के 1600 और सरपंचों के 90 पदों के लिये आम निर्वाचन कराये जायेंगे। इसी के साथ पंच के 5435, सरपंच के 78 और जनपद पंचायत सदस्य के 17 पदों के लिये उप निर्वाचन कराया जायेगा।
 

आयोग द्वारा जारी निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार आम निर्वाचन के लिये 27 दिसम्बर, 2017 को सुबह 10.30 बजे सूचना का प्रकाशन किया जायेगा और नाम निर्देशन-पत्र प्राप्त किये जायेंगे। इसी दिन स्थानों के आरक्षण के संबंध में सूचना और मतदान-केन्द्रों की सूची का प्रकाशन भी किया जायेगा। नाम निर्देशन-पत्र प्राप्त करने की अंतिम तारीख 3 जनवरी, 2018 को प्रात: 10.30 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक रहेगी। नाम निर्देशन-पत्रों की संवीक्षा (जाँच) प्रात: 10.30 बजे से की जायेगी। अभ्यर्थिता से नाम वापस लेने की तारीख 6 जनवरी, 2018 को अपरान्ह 3 बजे तक निर्धारित की गयी है। निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची 6 जनवरी, 2018 को अभ्यर्थियों से नाम वापसी के ठीक बाद तैयार की जायेगी और इसी दिन निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन भी किया जायेगा। मतदान (यदि आवश्यक हुआ) के लिये 17 जनवरी को प्रात: 7 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक का समय घोषित किया गया है। पंच पद के लिये 17 जनवरी को मतदान समाप्ति के तुरंत पश्चात मतदान केन्द्र पर मतगणना की जायेगी। सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्य की विकासखण्ड मुख्यालय पर ईवीएम से की जाने वाली मतों की गणना 20 जनवरी, 2018 को प्रात: 8 बजे से शुरू की जायेगी। सरपंच एवं जनपद पंचायत सदस्य पद के लिये मतों का सारणीकरण और निर्वाचन परिणाम की घोषणा 20 जनवरी को प्रात: 10.30 बजे से की जायेगी। पंच पद की मतदान-केन्द्र पर की गयी मतगणना का सारणीकरण एवं परिणाम की घोषणा 22 जनवरी को प्रात: 10.30 बजे से की जायेगी। पंच पद की विकासखण्ड मुख्यालय पर की जाने वाली मतगणना, सारणीकरण और परिणाम की घोषणा भी इसी दिन प्रात: 10.30 बजे से की जायेगी।
 

घोषित उप निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 27 दिसम्बर, 2017 को सुबह 10.30 बजे निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन होगा और नाम निर्देशन-पत्र प्राप्त किये जायेंगे। इसी दिन सुबह 10.30 बजे से ही स्थानों के आरक्षण के संबंध में सूचना और मतदान-केन्द्रों की सूची का प्रकाशन होगा। नाम निर्देशन-पत्र प्राप्त करने की अंतिम तिथि 3 जनवरी को प्रात: 10.30 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक निश्चित की गयी है। नाम निर्देशन-पत्रों की संवीक्षा (जाँच) 4 जनवरी को प्रात: 10.30 बजे से की जायेगी। अभ्यर्थिता से नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 6 जनवरी, 2018 को अपरान्ह 3 बजे तक रहेगी। अभ्यर्थिता से नाम वापसी के ठीक पश्चात 6 जनवरी को ही निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची तैयार की जायेगी ओर निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन किया जायेगा। मतदान (यदि आवश्यक हुआ) 17 जनवरी, 2018 को प्रात: 10.30 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक होगा। केवल पंच पद के लिये मतदान-केन्द्र पर मतदान समाप्ति के तुरंत पश्चात मतगणना की जायेगी। सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्य की विकासखण्ड मुख्यालय पर ईवीएम से की जाने वाली मतों की गणना 20 जनवरी को प्रात: 8 बजे से होगी। सरपंच एवं जनपद पंचायत सदस्य पद के लिये मतों का सारणीकरण और निर्वाचन परिणाम की घोषणा भी 20 जनवरी को प्रात: 10.30 बजे से की जायेगी। जिला पंचायत सदस्य पद के लिये मतों का विकासखण्ड-स्तरीय सारणीकरण भी 20 जनवरी को प्रात: 10.30 बजे से होगा। जिला पंचायत सदस्य पद के लिये मतों का जिला मुख्यालय पर सारणीकरण और निर्वाचन परिणाम की घोषणा 21 जनवरी को प्रात: 10.30 बजे से की जायेगी। पंच पद की विकासखण्ड मुख्यालय पर की जाने वाली मतगणना, सारणीकरण ओर परिणाम की घोषणा 22 जनवरी को प्रात: 10.30 बजे से होगी। पंच पद की मतदान-केन्द्र पर की गयी मतगणना का सारणीकरण और परिणाम की घोषणा 22 जनवरी को 10.30 बजे से की जायेगी। (खबरनेशन / Khabarnation)
 

Share:


Related Articles


Leave a Comment