दीपक बावरिया ने पीसीसी के सभी कक्षों का किया निरीक्षण, ली विभिन्न महत्वपूर्ण बैठकें
भोपाल । अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव दीपक बावरिया आज दोपहर 12 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे और तीनों मंजिलों पर स्थित प्रत्येक कक्षों का निरीक्षण कर बैठक व्यवस्था और उसमें सुधार हेतु संबंधितों से चर्चा की। तदोपरांत अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रमानुसार प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता के.के. मिश्रा, पूर्व विधायक पारस सखलेचा, प्रदेश कांग्रेस सचिव मृणाल पंत, विधि विभाग के अध्यक्ष अजय गुप्ता (एडवोकेट), विचार विभाग के अध्यक्ष भूपेन्द्र गुप्ता, सामाजिक कार्यकर्ता अनिल गर्ग, आरटीआई विभाग के अध्यक्ष अजय दुबे, आरटीआई एक्टिविस्ट डॉ. आनंद राय एवं अमिताभ अग्निहोत्री से आगामी विधानसभा चुनाव में उनकी अलग-अलग भूमिकाओं को लेकर करीब 1 घंटे तक विस्तृत चर्चा की। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष अशोकसिंह व नर्मदा प्रसाद शर्मा भी मौजूद थे।
बावरिया ने सायं 4 बजे कांग्रेस विधायक दल की बैठक में हिस्सा लिया, जिसमें लगभग सभी विधायकगण मौजूद थे, आगामी विधानसभा के अंतिम और बजट सत्र में विधायकों के साथ सरकार को पूरी तरह घेरने की रणनीति पर भी विस्तृत चर्चा की। बावरिया ने विधायकों से आग्रह किया कि वे पूरी तरह प्रमाणिक जानकारी और आक्रामकता के साथ सरकार को घेरें, इसमें संगठन से भी उन्हें जो सहयोग चाहिए, वह दिया जायेगा। बावरिया रेवांचल एक्सप्रेस द्वारा रीवा रवाना हुए, जहां वे 2 फरवरी को पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं पार्टी के वरिष्ठतम नेता श्रीयुत् श्रीनिवास निवासी की तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होंगे। (खबरनेशन / Khabarnation)